खिजरसराय थाना क्षेत्र के रौनिया पंचायत अंतर्गत पाठकबीघा गांव में रविवार को करंट लगने से एक 10 वर्षीय किशोर की मृत्यु हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान जगदीशपुर निवासी सत्यम कुमार के रूप में हुई है। वह अपने पिता सनिति यादव के साथ अपने ननिहाल आया हुआ था। बताया गया कि सत्यम खेलते समय बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन उसे खिजरसराय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में बिजली के तारों और उपकरणों की उचित मरम्मत नहीं की गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। परिजनों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में खराबी की शिकायतें पहले भी की गई थीं, लेकिन समय पर सुधार नहीं हुआ।
हालांकि, इस मामले में बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय पुलिस घटना की जांच कर रही है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.