महिला टीम ने स्वर्ण पदक पर साधा निशाना विश्व निशानेबाजी
दोहा, एजेंसी। भारत की स्टार पिस्टल निशानेबाज और एशियाई खेलों में कई पदक जीत चुकीं ईशा सिंह ने विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला टीम को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक दिलाया। साथ ही ईशा ने दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के साथ व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह पक्की कर ली है।
ईशा को सर्वाधिक अंक : मंगलवार को यहां ईशा ने दो दिन तक चली क्वालीफिकेशन स्पर्धा में 590 अंकों के साथ भारतीय तिकड़ी में शीर्ष स्थान हासिल किया। मनु भाकर के 587 और दिव्या सुब्बाराजू के 584 अंकों की बदौलत भारतीय टीम ने कुल 1761 अंक जुटाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
दक्षिण कोरिया ने 1748 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि वियतनाम की टीम 1745 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल करने में सफल रही।
फाइनल में उम्मीद : भारत की प्रमुख पिस्टल निशानेबाजों में शामिल 21 वर्षीय ईशा ने व्यक्तिगत पदक के साथ-साथ 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने की अपनी उम्मीदें भी मजबूत कर ली हैं। उन्होंने क्वालीफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल करते हुए आठ निशानेबाजों के फाइनल में प्रवेश किया।
लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहीं मनु ने भी शानदार वापसी कर फाइनल में जगह बनाई। वह 587 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहीं। जर्मनी की डोरेन वेनकैम्प ने 592 अंकों के साथ ओलंपिक रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। हंगरी की अनुभवी निशानेबाज वेरोनिका मेजर 591 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
दो कोटा संभव : भारत के पास अब ओलंपिक कोटा की संख्या बढ़ाने का सुनहरा मौका है। व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतने वाले तीनों निशानेबाजों के देशों को लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा मिलेगा। ऐसे में अगर ईशा और मनु दोनों पोडियम पर जगह बनाने में सफल रहती हैं तो भारत को दो और ओलंपिक कोटा मिल सकते हैं।
इससे पहले जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत जीतकर ओलंपिक का पहला कोटा हासिल किया था और इस चैंपियनशिप में भारत के लिए कोटा पाने वाले पहले निशानेबाज बने। महिला टीम का स्वर्ण पदक और दो निशानेबाजों का व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचना भारतीय अभियान के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में ‘हिन्दुस्तान’ विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play