खरगोन जिले की महेश्वर जनपद पंचायत में चुनाव प्रक्रिया के दौरान बड़ी प्रशासनिक लापरवाही करने के लिए इंदौर संभाग कमिश्नर डॉ. सुदाम खाड़े ने सीईओ रीना चौहान को निलंबित कर दिया है। यहां वार्ड क्रमांक 7 की सीट खाली होने के बावजूद जनपद सीईओ रीना चौहान के क
यह है पूरा मामला
महेश्वर जनपद पंचायत के वार्ड क्रमांक 7 के सदस्य मोहन मकवाने के निधन के बाद वहां उपचुनाव होना था। लेकिन पंचायत निर्वाचन शाखा के कर्मचारियों ने लापरवाही बरतते हुए वार्ड 7 की जगह वार्ड क्रमांक 9 को रिक्त बताकर आगे रिपोर्ट भेज दी। इसके बाद जिला कार्यालय ने बिना किसी क्रॉस-वेरिफिकेशन के वार्ड 9 के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई।
सदस्य ने निर्विरोध जीत का जश्न भी मनाया
अधिसूचना के बाद वार्ड 9 से अभय सिंह बारिया ने नामांकन भी दाखिल कर दिया। सीट पर वह अकेले उम्मीदवार थे, इसलिए उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल, जनपद अध्यक्ष अशोक डावर और महादेव पाटीदार सहित कई नेताओं ने जनपद पंचायत पहुंचकर जश्न भी मनाया।
मिलान में उजागर हुई गड़बड़ी
यह गलती तब सामने आई, जब तहसीलदार एवं रिटर्निंग ऑफिसर ने दस्तावेजों का मिलान किया। तब तक चुनाव प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी थी, जिससे पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।
दो कर्मचारियों को किया था निलंबित
जिला पंचायत सीईओ आकाश सिंह ने इस घटना को प्रशासनिक चूक बताया। उन्होंने इस मामले में सहायक ग्रेड-3 अजय वर्मा को निलंबित कर जनपद पंचायत बड़वाह से संबद्ध किया गया। साथ ही, प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी रामलाल बरसेना को भी निलंबित कर दिया गया।
जांच में निकली सीईओ की लापरवाही
कमिश्नर कार्यालय से नोटिस मिलने पर सीईओ रीना चौहान ने गलती की जिम्मेदारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर डालते हुए कहा कि जानकारी उनकी जानकारी के बिना भेजी गई थी।
हालांकि, जिला पंचायत सीईओ खरगोन की जांच रिपोर्ट में यह तर्क सही नहीं पाया गया। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में प्रमुख अधिकारी की जानकारी और सहमति के बिना ऐसी गलती संभव नहीं है।
अनुशासनहीनता भी पाई गई
जांच में यह भी सामने आया कि सीईओ रीना चौहान कार्यालय से अक्सर अनुपस्थित रहती थीं और बैठकों में भी नियमित रूप से शामिल नहीं होती थीं। जांच रिपोर्ट में इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया है।
कलेक्टर कार्यालय अटैच किया
संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने इस मामले को मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए सीईओ रीना चौहान को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय खरगोन निर्धारित किया गया है।
यह खबर भी पढ़ें..
खाली हुई वार्ड 7 की सीट,वार्ड 9 में कराया चुनाव:जश्न भी मना; महेश्वर जनपद पंचायत में लापरवाही, 2 कर्मचारी निलंबित, चुनाव भी रद्द
खरगोन जिले की महेश्वर जनपद पंचायत सदस्य के चुनाव में प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने गलती से उस वार्ड में उपचुनाव करा दिया, जिसका पद खाली ही नहीं था। वहीं उस सीट पर उम्मीदवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। अब मामला सामने आने के बाद जिला पंचायत सीईओ ने दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं चुनाव को भी रद्द किया गया है। पढ़ें पूरी खबर
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.