Feedback
पटना में दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच चल रही वर्चस्व की लड़ाई ने नया मोड़ ले लिया है खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. सूत्रों के मुताबिक, वायरल फायरिंग वीडियो की जांच के बाद पटना पुलिस ने फैजल खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है. मामले की आधिकारिक पुष्टि जल्द की जा सकती है.
दरअसल, खान सर के कोचिंग सेंटर पर कथित हमले और फायरिंग के मामले में पहले ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को गिरफ्तार किया गया था. लेकिन सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की दिशा ही बदल गई.
वायरल वीडियो में कथित तौर पर खान सर का एक गार्ड गोली चलाते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज पहुंचकर जांच की और खान सर के दो गार्डों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के हथियार फॉरेंसिक जांच (FSL) के लिए भेजे गए. लगातार पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को जो जानकारियां मिलीं, उसके आधार पर फैजल खान के खिलाफ कदमकुआं थाने में मामला दर्ज किया गया है.
क्या है विवाद की जड़
इस पूरे विवाद की स्क्रिप्ट 27 मई को तब लिखी गई, जब बिहार पुलिस भर्ती का रिजल्ट सामने आया. रिजल्ट आने के बाद ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ के फैजल खान और ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ के निदेशक रौशन आनंद, दोनों ने ही अपने-अपने संस्थानों से सबसे ज्यादा छात्रों के कामयाब होने के दावे ठोक दिए.
दोनों पक्षों की ओर से सफल अभ्यर्थियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किए गए और पटना में बढ़-चढ़कर पोस्टर-बैनर लगाए गए. आरोप है कि इसी दौरान फैजल खान के स्टाफ ने ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के बोर्ड के ऊपर अपना बैनर चिपका दिया, जिसने बारूद में चिंगारी का काम किया. इसके बाद 2 और 3 जून की दरमियानी रात को दोनों गुटों के बीच जमकर बवाल, तोड़फोड़, पथराव और फायरिंग हुई.
यह भी पढ़ें: ठेठ देसी अंदाज, विवादों से नाता… जानिए छात्रों के फेवरेट खान सर के पास कितनी डिग्रियां हैं और पढ़ाते क्या हैं?
छात्रों का प्रदर्शन, रौशन आनंद की रिहाई की मांग
शुरुआत में फैजल खान ने मीडिया के सामने आकर बयान दिया था कि उनकी कोचिंग पर हमला और फायरिंग की गई है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. उधर, ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में उनके संस्थान के विभिन्न सेंटरों के छात्र सड़कों पर उतर आए. पोस्टर और बैनर लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया और रौशन आनंद की रिहाई की मांग की. छात्रों का आरोप है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सभी तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए.
लेकिन, अगले ही दिन सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो वायरल होने से पूरी कहानी पलट गई. इस नए वीडियो में रौशन आनंद के लोग नहीं, बल्कि खुद फैजल खान के निजी गार्ड सरेआम गोलियां चलाते नजर आ रहे थे. वीडियो सामने आते ही पटना पुलिस हरकत में आई और ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ परिसर पहुंचकर फैजल खान के दोनों गार्ड्स को धर दबोचा.
यह भी पढ़ें: खान सर की कोचिंग के 2 गार्ड्स को उठा ले गई पुलिस, फायरिंग केस में नया ट्विस्ट
अब पुलिस के अगले एक्शन पर नजर
बच्चों का भविष्य संवारने का दावा करने वाले दो प्रमुख कोचिंग संस्थानों के बीच शुरू हुई प्रतिस्पर्धा अब पुलिस और अदालत तक पहुंच चुकी है. रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद अब फैजल खान के खिलाफ दर्ज एफआईआर ने मामले को और तूल दे दिया है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जांच के आधार पर पुलिस आगे और सख्त कार्रवाई करेगी और खान सरक को गिरफ्तार करेगी? फिलहाल पूरे मामले पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू