एनर्जी संकट से जूझ रहे बांग्लादेश के लिए परेशानी कम होने के बजाए और बढ़ रही है. एक तरफ देश के कई हिस्सों में 8-10 घंटे का पावर कट हो रहा है तो वहीं दूसरी तरफ एलएनजी खत्म हो रहा है. बांग्लादेश के महेशखाली में एक्सेलरेट की ओर से संचालित एलएनजी फ्लोटिंग स्टोरेज एंड रीगैसिफिकेशन यूनिट (FSRU) में 19 अगस्त 2026 दोपहर लगभग 3 बजे से LNG खत्म हो गया और कंपनी ने नेशनल ग्रिड को आपूर्ति बंद कर दी.
द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश में लगभग 3,800 mmcfd (मिलियन घन फीट प्रतिदिन) की कुल मांग के मुकाबले गैस की आपूर्ति घटकर 2,200 mmcfd से भी कम हो गई है. इसका मुख्य कारण एक्सेलरेट कंपनी के FSRU टर्मिनल का बंद होना है. इस वजह से बांग्लादेश फिलहाल मुख्य रूप से समिट (Summit) कंपनी के टर्मिनल पर निर्भर है, जो लगभग 550 mmcfd गैस ही सप्लाई कर पा रहा है. 600 mmcfd क्षमता वाला एक्सेलरेट टर्मिनल पिछले कुछ समय से लगातार तकनीकी समस्याओं से जूझ रहा है.
एक्सेलरेट टर्मिनल में 21 जुलाई को आग लग गई थी. इसके बाद यह 6 अगस्त को आंशिक रूप से ये चालू हुआ था, लेकिन 14 अगस्त को फिर बाधित हो गया. 15 अगस्त को दोबारा शुरू होने के बाद अब गैस का स्टॉक समाप्त होने से इसे फिर बंद करना पड़ा है. बांग्लादेश सरकार के अनुसार, 23 अगस्त को एलएनजी का नया जहाज आने से पहले इस टर्मिनल के शुरू होने की उम्मीद नहीं है.
दोनों FSRU टर्मिनलों की कुल क्षमता 1,100 mmcfd है, इसलिए एक्सेलरेट के बंद होने से आयातित एलएनजी की आपूर्ति लगभग आधी रह गई है. रिपोर्ट के अनुसार पिछले दिनों सप्लाई में थोड़ा सुधार देखा गया था, लेकिन अब इस नई रुकावट के कारण इंडस्ट्री को कम प्रेशर में गैस मिल रही है और उपलब्ध गैस का बड़ा हिस्सा पावर प्लांट्स को भेजा जा रहा है.
ऊर्जा संकट से उभरने के लिए बांग्लादेश ने भारत ने मदद की गुहार लगाई थी. बांग्लादेश के ऊर्जा मंत्री इकबाल हसन महमूद ने भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के साथ हुई बैठक में अतिरिक्त डीजल आपूर्ति का अनुरोध किया था. इस पर भारत ने कहा कि वह अपनी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बांग्लादेश की मांग पर विचार कर रहा है.
बांग्लादेश में हालत ये हो गई है कि कई इलाकों में पावर स्टेशन पर स्थानीय लोग हमले कर रहे हैं, जिसे लेकर पुलिस से सुरक्षा की मांग की गई है. सैदपुर, नीलफामारी और कुश्तिया में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं. बांग्लादेश के वित्त मंत्री आमिर खुसरु महमूद चौधरी ने स्वीकार किया है कि उनका देश अगले कुछ महीनों में ऊर्जा संकट ने नहीं उबर सकता है. उन्होंने 16 अगस्त 2026 को कहा कि ऊर्जा संकट को सुलझाने में उनके देश को कम से कम दो साल लगेंगे.
विक्रम कुमार एबीपी न्यूज़ में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं और डिजिटल टीम का हिस्सा हैं. एबीपी लाइव के नेशनल डेस्क पर विक्रम देश और विदेश की राजनीति से जुड़ी खबरों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. ब्रेकिंग न्यूज़ पर इनका विशेष फोकस रहता है. देश-विदेश के बड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर लिखते रहते हैं. यूएस-ईरान युद्ध के दौरान इन्होंने कई इन-डेप्थ खबरें की हैं जिन पर कई मिलियन व्यूज आए. साल 2023 में प्रतिष्ठित जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया हिंदी में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद एबीपी लाइव के साथ करियर की शुरुआत की. Email: vikramk@abpnetwork.com
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.