Feedback
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बच्चों से भरी एक स्कूल बस पर फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के वक्त बस में 50 से ज्यादा बच्चे सवार थे. आरोप है कि सड़क पर खड़ी एक कार को हटाने को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. पहले बस चालक के साथ मारपीट की गई और फिर उस पर कट्टे से चार राउंड फायरिंग कर दी गई. गनीमत रही कि बस में सवार बच्चों को कोई चोट नहीं आई. फायरिंग में बस चालक घायल हो गया. उसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है.
घटना डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र की है. बच्चों से भरी स्कूल बस बड़ी अकबई गांव के पास पहुंची थी. इसी दौरान सड़क पर एक कार खड़ी मिली. बस चालक खेम सिंह ने कार सवार युवकों से वाहन हटाने के लिए कहा, ताकि बस आगे निकल सके. आरोप है कि कार सवार युवकों ने कहा कि कार का पेट्रोल खत्म हो गया है. इसके बाद बस चालक ने कार को धक्का देकर सड़क से हटाने की बात कही. यहीं से विवाद शुरू हो गया.
यह भी पढ़ें: पंजाब : स्कूल बस पर तलवारों से हमला, घायल ड्राइवर ने समझदारी दिखाते हुए यूं बचाई बच्चों की जान
कार सवार युवक इस बात से भड़क गए. आरोप है कि उन्होंने पहले बस चालक खेम सिंह के साथ मारपीट की. विवाद बढ़ने पर युवकों ने कट्टे से चार राउंड फायरिंग कर दी. फायरिंग में बस चालक को छर्रे लगने की बात सामने आई है. घटना के दौरान बस में 50 से अधिक बच्चे मौजूद थे. अचानक हुई फायरिंग से बच्चों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सौरभ कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस अब कार सवार युवकों की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल घायल बस चालक का इलाज जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू