Feedback
बिहार के मोतिहारी में कछुआ नदी पर बना अंग्रेजों के जमाने का पुराना पुल अचानक ढह गया. इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के समय पांचों लोग पुल पार कर रहे थे. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सिकरहना अनुमंडल के शिकारगंज थाना क्षेत्र के भगवतपुर भलुआहिया गांव की है. बताया जा रहा है कि पांचों लोग घास काटने के लिए पैदल पुल पार करके जा रहे थे. इसी दौरान अचानक पुल धंस गया और सभी लोग मलबे में दब गए. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बचाव की कोशिश शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: सरकारी स्कूल के बच्चों को मैथ पढ़ाने लगे DM मोतिहारी, सबको भा रहा IAS सौरभ सुमन का ये अंदाज
मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए जुटे सैकड़ों ग्रामीण
पुल ढहने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों लोग जमा हो गए. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकाला. हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घायलों को तत्काल ढाका अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलने पर शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. इस दौरान बचाव कार्य में जुटी टीम भी हादसे की चपेट में आ गई, लेकिन राहत की बात रही कि टीम के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए.
मृतक के परिवार में मचा कोहराम
हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद उसके परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय बीडीओ और सीओ ने भी पुल ढहने की घटना की पुष्टि की है.
वहीं, शिकारगंज थाना पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है. अंग्रेजों के जमाने के इस पुराने पुल के अचानक ढहने से इलाके में हड़कंप मच गया है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू