उज्जैन जिले के तराना क्षेत्र में ग्राम पंचायत और जनपद सदस्य के रिक्त पदों के लिए आज मतदान होगा। चार ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 12 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि जनपद पंचायत तराना के वार्ड 25 से दो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं पंच के 587 रिक्त पदों के लिए सिर्फ तीन नामांकन आए हैं, जो निर्विरोध चुने जाएंगे। शेष पदों पर चुनाव नहीं होगा।
चुनाव जीतने वाले सरपंच, जनपद सदस्य और पंचों को करीब 6-7 महीने ही कार्य करने का मौका मिलेगा। दरअसल, ग्राम पंचायतों का पांच साल का कार्यकाल अगस्त 2027 में पूरा होना है। मतगणना 3 अक्टूबर को संबंधित जनपद मुख्यालयों पर होगी।
चार पंचायतों में सरपंच के 12 प्रत्याशी
जनपद महिदपुर की ग्राम पंचायत नाग गुराड़िया में सरपंच पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। उज्जैन जनपद की कचनारिया पंचायत में दो, खाचरौद जनपद की चिरोला पंचायत में तीन और बड़नगर जनपद की खरसोदखुर्द पंचायत में चार प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
जनपद पंचायत तराना के वार्ड 25 में सदस्य पद के लिए दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। इसके लिए 12 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6,225 मतदाता मतदान करेंगे।
26 बूथ पर 13,623 मतदाता करेंगे मतदान
तराना जनपद सदस्य सहित चार ग्राम पंचायतों के चुनाव के लिए कुल 26 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 13,623 मतदाता सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान कर सकेंगे। पंच पदों के 587 रिक्त पदों में सिर्फ तीन नामांकन आने से ये तीनों निर्विरोध चुने जाएंगे। इसलिए पंच पद के लिए मतदान नहीं होगा और ईवीएम से केवल सरपंच व जनपद सदस्य के लिए वोट डाले जाएंगे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.