प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं और नई परियोजनाओं की आधारशिला रख रहे हैं। कुछ परियोजनाएं रोज़ाना के सफर को आसान बनाएंगी; तो कुछ उद्योग और व्यापार को मज़बूत करेंगी। ये सभी मिलकर पूरे तमिलनाडु में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगी।
इस मौके पर पीएम मोदी ने तमिलनाडु के विभिन्न मुख्यमंत्रियों के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव शेयर किए। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के रूप में मुझे करुणानिधि और जयललिता के साथ संवाद करने के कई अवसर मिले। प्रधानमंत्री बनने के बाद जयललिता, ओ. पन्नीरसेल्वम, ई. पलानीस्वामी और एम.के. स्टालिन के साथ काम करने का अवसर मिला। सरकारें बदलती रहीं, लेकिन तमिलनाडु के विकास और यहां की जनता की सेवा करने का मेरा संकल्प हमेशा कायम रहा है। अब मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के साथ हम इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने देशवासियों के आशीर्वाद और प्रेम से सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे किए हैं। अक्टूबर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों के इस सफर में लोकतंत्र की दो प्रमुख शक्तियों- देश की जनता और सहकारी संघवाद में उनका विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह हमेशा इस मंत्र के साथ आगे बढ़े हैं कि राज्यों का विकास ही देश के विकास का आधार है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज तमिलनाडु में अर्बन डेवेलपमेंट हमारी एक बड़ी प्राथमिकता है। मेरा हमेशा से ये मानना रहा है कि शहरीकरण एक चुनौती नहीं, बल्कि अवसर है और इसमें सार्वजनिक परिवहन की बहुत बड़ी भूमिका होती है। परिवहन अच्छा हो तो उससे लोगों का जीवन आसान बनता है।”
चेन्नई मेट्रो के विस्तार का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश का मेट्रो नेटवर्क लगभग 250 किलोमीटर था, जो अब बढ़कर 1,100 किलोमीटर से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि चेन्नई मेट्रो के विस्तार से इस नेटवर्क में और वृद्धि होगी और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी। बता दें कि चेन्नई में प्रधानमंत्री मोदी ने मेट्रो की नई लाइन का उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री ने भारत के बंदरगाहों की कार्यक्षमता में हुए सुधारों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में भारतीय बंदरगाहों की गति और दक्षता दोनों बेहतर हुई हैं। जहाजों के टर्नअराउंड टाइम यानी बंदरगाह पर उनके आने से लेकर रवाना होने तक लगने वाला समय आधा होने से निर्यात और व्यापार को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि बंदरगाहों की बेहतर कार्यप्रणाली के कारण भारत के उत्पाद अब वैश्विक बाजारों तक पहले की तुलना में अधिक तेजी से पहुंच पा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हम एक ऐसा तमिलनाडु बनाना चाहते हैं, जो निरंतर नई ऊंचाई तक पहुंचे और इसके लिए केंद्र से जो भी मदद चाहिए होगी, हम उसके लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आपके साथ खड़े हैं। हम मिलकर विकसित तमिलनाडु से विकसित भारत का संकल्प साकार करें, इसी भावना के साथ एक बार फिर आप सभी को इन परियोजनाओं के लिए मेरी ढेर सारी शुभकामनाएं।”
ये भी पढ़ें-
यूपी के कांग्रेस मुख्यालय में चले जूते, आपस में भिड़े कार्यकर्ता; जमकर हुई गाली-गलौच और धक्का मुक्की; VIDEO देखें
अखिलेश यादव को ओमप्रकाश राजभर ने दी चुनौती, बोले- ‘योगी से डरते हैं तो जहूराबाद में मुझसे लड़ लें’
© 2009-2026 Independent News Service. All rights reserved.