मानिकपुर स्थित ज्वाला देवी महाविद्यालय की छात्रा शिवानी मिश्रा ने हिंदी विषय से राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) उत्तीर्ण की है। उन्होंने महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शिवानी मिश्रा संजय मिश्रा की पुत्री हैं और लालचंद का पुरवा, मानिकपुर की निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार, शिवानी की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी और संसाधनों का अभाव था। इसके बावजूद उन्होंने घर पर रहकर कड़ी मेहनत से पढ़ाई की। उन्होंने अपने हिंदी अध्यापक बद्री विशाल तिवारी के मार्गदर्शन में नियमित अध्ययन कर यह उपलब्धि हासिल की।
नेट परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया। छात्रा की इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. पवन कुमार द्विवेदी ने हिंदी विभाग और शिवानी मिश्रा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सही दिशा में किया गया परिश्रम और गुरु का मार्गदर्शन छात्रों को ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
प्राचार्य ने हिंदी अध्यापक बद्री विशाल तिवारी के योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि उनके निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग से ही शिवानी यह मुकाम हासिल कर सकीं। महाविद्यालय परिवार के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी शिवानी को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिवानी की इस उपलब्धि से मानिकपुर क्षेत्र में भी हर्ष का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के छात्रों को प्रेरणा देगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.