Feedback
राजस्थान की राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके में तेज रफ्तार का खौफनाक चेहरा देखने को मिला, जहां एक सफेद सफारी कार ने स्कूटी सवार महिला नर्स को बीच चौराहे पर जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि महिला कई फीट दूर उछलकर सड़क पर जा गिरी. घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. अब इस हिट एंड रन हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.
टक्कर के बाद कई फीट दूर जाकर गिरी महिला
जानकारी के मुताबिक यह हादसा 13 मई को वरुण पथ थाना क्षेत्र के न्यू सांगानेर रोड स्थित रजत पथ चौराहे पर हुआ. महिला नर्स मेवादेवी अपनी स्कूटी से चौराहा पार कर रही थीं. इसी दौरान वीर तेजाजी रोड की ओर से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की सफारी कार ने लापरवाही से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और महिला सड़क पर दूर जाकर गिरीं.
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को संभाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया. परिजनों के अनुसार महिला के पैर की हड्डी टूट गई है और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. फिलहाल उनका इलाज जारी है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद चालक ने रुककर घायल महिला की मदद करने के बजाय गाड़ी भगा ली. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में चालक के साथ एक महिला भी मौजूद थी. घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. 14 मई को पीड़िता की बेटी ने पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया.
इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. अब सामने आए CCTV वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार सफारी कार किस तरह स्कूटी को टक्कर मारते हुए निकल जाती है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू