जयपुर में जेसीबी के वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। वर्कशॉप समेत आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वर्कशॉप के बगल में डी मार्ट और धराव स्कूल है। कुछ ही दूरी पर तीन पेट्रोल पंप है। सुरक्षा को देखते हुए अजमेर रोड पर एक लेन के वाहनों को रोक दिया गया।
घटना के दौरान वर्कशॉप के परिसर में 80 अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही लोगों ने बाहर भागकर जान बचाई। 12 लोगों को सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू किया। वर्कशॉप में रखा फर्नीचर, टायर्स, डॉक्यूमेंट, 5000 लीटर केमिकल, ग्रीस, तेल, कुछ जेसीबी मशीन और पार्ट्स जलकर राख हो गए।
आग इतनी भीषण थी कि 3 किमी दूर से धुएं के गुबार दिख रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की 15 से अधिक गाड़ियों की मदद से करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना सोमवार शाम भांकरोटा थाना क्षेत्र में अजमेर रोड स्थित जेसीबी के वर्कशॉप की है। गौरतलब है कि यहीं पर एलपीजी टैंकर में भीषण ब्लास्ट हुआ था।
पहले देखिए घटना की 5 तस्वीरें
कर्मचारियों ने बाहर भागकर जान बचाई
थानाप्रभारी श्रीनिवास जांगिड़ ने बताया- भांकरोटा इलाके में अजमेर रोड पर जेसीबी कंपनी है। इसके एक हिस्से में जेसीबी का वर्कशॉप बना हुआ है। यहां शाम करीब साढ़े पांच बजे आग लग गई। देखते-देखते ही धुंए गुबार के साथ ही आग ने विकराल रूप ले लिया।
जेसीबी कंपनी परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाहर भागकर जान बचाई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने फायर सिस्टम का यूज कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग बढ़ते देख पुलिस और फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भांकरोटा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की 15 से अधिक गाड़ियों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद शाम 7 बजे आग पर काबू पाया।
लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया आग से जेसीबी वर्कशॉप में रखी मशीनरी सहित लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जेसीबी वर्कशॉप में लगी आग में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
कलेक्टर बोले-तेल और ग्रीस में लगी आग जिला कलेक्टर जितेंद्र सोनी ने बताया कि वर्कशॉप में काम आने वाले तेल और ग्रीस में किसी कारण से आग लगी थी, इसका जांच के बाद खुलासा होगा। वर्कशॉप में घटना के दौरान अंदर करीब 70 से 80 लोग मौजूद थे। जो समय पर बाहर निकल गए। वर्कशॉप में रखी जेसीबी भी अधिक से अधिक संख्या में इन्होंने जेसीबी को बाहर निकाल लिया। जिन जेसीबी में काम चल रहा था बस उसी में नुकसान हुआ है।
अजमेर रोड पर ट्रैफिक रोका सुरक्षा की दृष्टि से ट्रैफिक को रोक दिया गया था। जो आग बुझने के बाद वापस चालू कर दिया गया है। पुलिस की जांच के साथ ही cfo को एक रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया है। JCB परिसर में लगी आग पास ही स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंचती इससे पहले कर्मचारियों को सचेत कर दिया गया।
5000 लीटर से ज्यादा केमिकल था, जिससे भड़की आग बताया जा रहा है कि इस वर्कशॉप में 24 घंटे काम होता है। यहां शिफ्ट वाइज कर्मचारी काम करते हैं। सिविल डिफेंस के कर्मचारियों ने बताया- आग बुझाने के दौरान अंदर रखा केमिकल हम लोगों के कपड़ों और हाथों में लग गया। साबुन से हाथ धोने के बावजूद भी नहीं छूट रहा। सिविल डिफेंस के 25 कर्मचारियों ने आग बुझाने में सहयोग किया। कर्मचारियों के अनुसार करीब 5000 लीटर से ज्यादा केमिकल इस वर्कशॉप में रखा था, जो आग लगने की वजह हो सकता है।
मशीनरी की एसेम्बलिंग के दौरान निकली चिंगारी से लगी आग सिविल डिफेंस के डिप्टी कंट्रोलर अमित शर्मा ने कहा- जेसीबी वर्कशॉप की बिल्डिंग के पीछे की तरफ 5 हजार लीटर केमिकल के अलावा पेट्रोल-डीजल और ग्रीस भी रखा था। मैकेनिकल और मशीनरी की एसेम्बलिंग का काम चल रहा था। इससे चिंगारी से आग भड़क गई। पीछे से लगी आग आगे भी बढ़ती गई। हमें 6 बजे सूचना मिली थी।
तब फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस, क्यूआरटी को सूचना दी गई। 15-20 मिनट में यह टीम पहुंच गई और रेस्क्यू काम शुरू कर दिया। करीब 2 से ढाई घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। तेल और ग्रीस के चलते अभी भी कुछ जगह आग लग जा रही है, जिसे बुझाने की कार्रवाई चल रही है। तापमान कम करने के लिए बिल्डिंग को ठंडा किया जा रहा है।
……………………………..
आग से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें
जयपुर में LPG टैंकर में ब्लास्ट, 11 जिंदा जले:ट्रक की टक्कर से आग लगी, 200 फीट ऊंची लपटें उठीं; बचने का मौका नहीं मिला
जयपुर में एक साल पहले LPG गैस से भरे टैंकर में ब्लास्ट होने से 14 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में 32 लोग झुलस गए थे। जानकारी के मुताबिक, भारत पेट्रोलियम का टैंकर अजमेर से जयपुर की तरफ आ रहा था। सुबह करीब 5:44 बजे दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने टैंकर ने यू-टर्न लिया। इसी समय जयपुर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। (पूरी खबर पढ़ें)
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.