Written By PTI
देवास जहरीली शराब मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता आनंद जैन कासलीवाल को गिरफ्तार किया है (Photo- AI Generated)
मध्यप्रदेश के देवास जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता आनंद जैन कासलीवाल को गिरफ्तार किया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने इस मामले में आरोपियों की मदद की और सबूत मिटाने की कोशिश की. गिरफ्तारी के बाद उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. देवास के कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने मंगलवार को बताया कि आनंद जैन कासलीवाल इंदौर के रहने वाले हैं. उनके बेटे अमन कासलीवाल को पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया था. अमन पर शराब बनाने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड अजय राठौर को केमिकल देने का आरोप है.
पुलिस के मुताबिक, जिस निजी फर्म से अजय राठौर को केमिकल दिया गया था, वह अमन कासलीवाल के नाम पर है. लेकिन पुलिस का आरोप है कि फर्म का कामकाज और देखरेख उनके पिता आनंद जैन कासलीवाल करते थे. थाना प्रभारी ने बताया कि जब जहरीली शराब मामले की खबरें मीडिया में आईं, तो पुलिस ने फर्म से जुड़े लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया. आरोप है कि इसी दौरान आनंद जैन कासलीवाल ने मजदूरों से केमिकलों के स्टॉक का हिसाब रखने वाले रिकॉर्ड हटाने को कहा था. पुलिस ने उन्हें मदद करने और सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. उनके खिलाफ आबकारी( शराब)कानून और भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई है. गिरफ्तारी के बाद आनंद जैन कासलीवाल ने ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत की. डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें देवास के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले आनंद जैन कासलीवाल ने अपने बेटे अमन को बेकसूर बताया था. उनका कहना था कि उनकी पारिवारिक फर्म ने एक ग्राहक को बिल के साथ 220 लीटर पेंट थिनर बेचा था. पेंट थिनर का इस्तेमाल पेंट को पतला करने के लिए किया जाता है.
ग्रामीणों के मुताबिक, देवास जिले के चंदाना, बिंजाना और आसपास के इलाकों में 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच जहरीली शराब पीने से कम से कम 10 लोगों की मौत हुई. वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि इन इलाकों में 22 लोगों की मौत हुई है और कम से कम 40 लोगों की आंखों की रोशनी पर असर पड़ा है. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 15 और 18 अक्टूबर को चंदाना गांव में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत की जानकारी जिला अस्पताल से मिली थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
पुलिस का आरोप है कि मामले के मुख्य आरोपी अजय राठौर ने इंटरनेट पर एआई की मदद से घर में शराब बनाने का तरीका खोजा था. इसके बाद उसने इंदौर की एक निजी फर्म से केमिकल मंगवाया. पुलिस के मुताबिक, अजय राठौर ने केमिकल में पानी मिलाकर नकली शराब तैयार की. इसके लिए उसने कबाड़ियों से लाइसेंस वाली शराब की खाली बोतलें भी खरीदीं. आरोप है कि नकली शराब को असली शराब में मिलाकर इलाके में अवैध रूप से बेचा गया.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301