Feedback
धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली रोमांचक जीत के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल (Axar Patel) मुश्किल में फंस गए हैं. IPL 2026 में स्लो ओवर रेट बनाए रखने के कारण उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
IPL की ओर से जारी आधिकारिक मीडिया एडवाइजरी में बताया गया कि यह मामला IPL 2026 के मैच नंबर 55 का है, जो हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में सोमवार को खेला गया था. दिल्ली कैपिटल्स की टीम निर्धारित समय के भीतर अपने ओवर पूरे नहीं कर सकी, जिसके बाद कप्तान अक्षर पटेल पर कार्रवाई की गई.
लीग के नियमों के मुताबिक, IPL कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत यह दिल्ली कैपिटल्स की सीजन की पहली ओवर रेट गलती थी. इसी वजह से अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.
हालांकि मैदान पर अक्षर पटेल ने बल्ले से शानदार योगदान दिया. उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर के साथ मिलकर दमदार अर्धशतक जमाया और टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला. दोनों की आक्रामक पारियों की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराया.
अक्षर-मिलर का तूफान, पंजाब पस्त, दिल्ली की प्लेऑफ उम्मीद जिंदा
धर्मशाला में खेले गए हाई स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार वापसी करते हुए पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराकर IPL 2026 के प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा. कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर की विस्फोटक पारियों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.
यह भी पढ़ें: ‘फील्डिंग-बॉलिंग ने डुबोया’, श्रेयस अय्यर का फूटा गुस्सा, पंजाब किंग्स लगातार चौथी बार IPL में पस्त
पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने तेज शुरुआत की. युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने आक्रामक अंदाज में 33 गेंदों पर 56 रन ठोके, जबकि प्रभसिमरन ने 18 रन बनाए. दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 41 गेंदों में 78 रन जोड़कर दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया.
ओपनिंग साझेदारी टूटने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने 36 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए. उनके साथ कूपर कोनोली ने 27 गेंदों में 38 रन की उपयोगी पारी खेली. दोनों की साझेदारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 210 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 74 रन तक 4 विकेट गंवा दिए थे और मुकाबला पूरी तरह पंजाब के पक्ष में नजर आ रहा था. ऐसे मुश्किल समय में कप्तान अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 56 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि डेविड मिलर ने 51 रन बनाकर उनका शानदार साथ दिया. दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरते हुए मैच को फिर से दिल्ली की पकड़ में ला दिया.
यह भी पढ़ें: PBKS vs DC, IPL 2026 Highlights: पंजाब किंग्स की लगातार चौथी हार, दिल्ली कैपिटल्स ने 3 विकेट से रौंदा
आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा और माधव तिवारी ने संयम दिखाया और टीम को 19 ओवर में 7 विकेट पर 216 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी. गेंदबाजी में दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी ने 2-2 विकेट लिए. वहीं पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 21 रन देकर 2 विकेट झटके.
इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं, टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर मौजूद है और अब उसका अगला मुकाबला रविवार को घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू