भास्कर न्यूज | जालंधर
जालंधर (देहाती) में पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान जेल से छूटे एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से एक देसी कट्टा, 7.62 एमएम के चार जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई थाना गोराया की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस कप्तान हरविंदर सिंह विरक, पीपीएस के निर्देशों पर चल रहे अभियान के तहत उप पुलिस कप्तान, सब-डिवीजन फिल्लौर भारत मसीह लद्दड़, पीपीएस की अगुवाई में यह कार्रवाई हुई। निरीक्षक परमिंदर सिंह थिंद, मुख्य अधिकारी थाना गोराया की टीम को एएसआई सुरिंदर पाल के जरिए सूचना मिली थी कि जगतार सिंह उर्फ जग्गा पुत्र तरसेम सिंह, निवासी गांव भागोवाल, वर्तमान में गांव फलपोता में रह रहा है और बाबा सखता के गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी सिंह की ड्यूटी करता है।
सूचना के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे काबू किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और एन.डी.पी.एस एक्ट सहित विभिन्न मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट, फिल्लौर की अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया चल रही है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.