भास्कर न्यूज | तार्रीभरदा
नवरात्रि पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय प्रभु उपहार भवन तहसील रोड गुरूर के तत्वावधान में पांच दिवसीय चैतन्य देवियों की झांकी 14 से 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे लगाई जा रही है। झांकी के माध्यम से श्रद्धालुओं को देवी-देवताओं के आध्यात्मिक रहस्यों और राजयोग मेडिटेशन के महत्व से परिचित कराया जाएगा। चैतन्य देवियों की झांकी का उद्घाटन 14 अक्टूबर को शाम 6 बजे किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्रह्माकुमारी सेंटर धमतरी की जिला प्रमुख बीके सविता दीदी तथा गुरूर सेवा केंद्र की प्रभारी बीके सरस दीदी होंगी। मुख्य विशेषता कुमारी बहनों द्वारा साधना और एकाग्रता के साथ प्रस्तुत की जाने वाली जीवंत झांकी होगी। इसमें मां दुर्गा, मां सरस्वती, मां लक्ष्मी और मां काली सहित नौ देवियों के स्वरूपों का दर्शन कराया जाएगा।
वर्तमान समय में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने, आत्मपरिवर्तन करने और जीवन में दैवीय गुणों को अपनाने के लिए राजयोग मेडिटेशन के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी। झांकी के दौरान प्रतिदिन ज्ञान चर्चा और आध्यात्मिक प्रवचन होंगे। इसमें व्यस्त दिनचर्या के बीच मन को शांत रखने, जीवन में खुशहाली लाने और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उपाय बताए जाएंगे। सेवा केंद्र प्रभारी बीके सरस दीदी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों के मन में छिपी बुराइयों को दूर कर दैवीय गुणों को जागृत करना है। आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से लोगों को आत्मचिंतन करने तथा जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा दी जाएगी। आयोजन की तैयारी में बीके परमेश्वरी दीदी, चंद्रिका बहन, शांता बहन, विनीता बहन, सत्यभामा आदि जुटे हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.