Feedback
झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बूढ़ीडूबा गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक विवाहिता और एक युवक को कथित प्रेम संबंध के आरोप में अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाया गया. इस दौरान सैकड़ों लोग तमाशबीन बने रहे और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. मामले में पुलिस ने पांच नामजद और 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाहिता के कथित प्रेम संबंध से उसका पति श्रीजल बेसरा नाराज था. आरोप है कि उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को महिला के मायके से जबरन पकड़ लिया और उन्हें बूढ़ीडूबा गांव ले आया. आरोप है कि गांव ले जाते समय दोनों के कपड़े फाड़ दिए गए. इसके बाद उन्हें अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया. घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में से किसी ने भी दोनों की मदद करने की कोशिश नहीं की. कई लोग वीडियो बनाते रहे, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया.
गांव के प्रधान के पास रखा गया बंधक
घटना के बाद दोनों को गांव के प्रधान मसी मरांडी के हवाले कर दिया गया. आरोप है कि वहां भी दोनों को बंधक बनाकर रखा गया. बताया गया कि पीड़ित युवक साहेबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र का रहने वाला है. इस घटना की जानकारी पुलिस को तीन दिन बाद मिली. सूचना मिलते ही पुलिस बूढ़ीडूबा गांव पहुंची, लेकिन वहां मौजूद उग्र भीड़ के कारण दोनों को तत्काल मुक्त नहीं कराया जा सका. इसके बावजूद पुलिस गांव में लगातार डटी रही.
30 जून को दोनों को कराया गया मुक्त
आखिरकार 30 जून को पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराया और अमड़ापाड़ा थाना लेकर आई. इसके बाद दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया. पीड़िता का बयान भी दर्ज किया गया. 29 जून को एसडीएम साईमन मरांडी और एसडीपीओ विजय कुमार की मौजूदगी में पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी अधिकारियों को दी. पीड़िता के बयान के आधार पर थाना कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया. पुलिस ने पांच नामजद और 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी आपसी विवाद के कारण एक महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया था. उस घटना में महिला की बेटी के साथ भी गलत व्यवहार किए जाने का आरोप लगा था.
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की. यह घटना न केवल महिलाओं की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े करती है, बल्कि कानून व्यवस्था को भी खुली चुनौती देती है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू