मुंबई: मुंबई में प्रसिद्ध एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग हुई है। इस घटना में टाइगर तो बाल-बाल बच गए लेकिन उनके ड्राइवर समेत 2 लोग घायल हो गए। ड्राइवर के घायल होने पर टाइगर श्रॉफ ने खुद ड्राइविंग सीट संभाली और कार दौड़ा दी। ये हमला जुहू के पुष्पा पार्क के पास हुआ है। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग चिल्लाने लगे कि टाइगर पर हमला हुआ है।
टाइगर के ऊपर हमले करते हुए हमलावरों का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि टाइगर की कार धीरे-धीरे चल रही होती है और आसपास टाइगर के फैंस मौजूद हैं। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचते हैं, जिसमें से एक बाइक पर बैठे रहता है, वहीं 2 बदमाश टाइगर की कार पर बिल्कुल नजदीक से फायरिंग करते हैं। इस दौरान मौके पर हड़कंप मच जाता है।
टाइगर पर हमले के फौरन बाद का भी एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में फैंस चिल्ला रहे हैं कि "गोली लग गई"। वीडियो में टाइगर श्रॉफ ड्राइविंग सीट भी संभालते हुए दिख रहे हैं और उनकी कार के पास खून भी दिख रहा है जो घायल होने वाले लोगों का हो सकता है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन हमलावर मौके पर पहुंचे थे। इनमें से दो हमलावरों ने फायरिंग की। एक ने तीन राउंड और दूसरे ने एक राउंड गोली चलाई। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि जिस तरफ टाइगर श्रॉफ बैठे हुए थे, उसी दिशा में फायरिंग की गई। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों के निशाने पर टाइगर श्रॉफ थे। हालांकि, हमले के मकसद और टाइगर श्रॉफ को ही निशाना बनाए जाने की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मुंबई पुुलिस ने क्या कहा?
मुंबई पुलिस का कहना है कि इस हमले में एक शख्स को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। फायरिंग की घटना की जांच के लिए पुलिस की 15 टीमें गठित की गई हैं। इस हमले में टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना में टाइगर के ड्राइवर समेत 2 लोग घायल हुए हैं। इस मामले में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें-
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में CM फडणवीस के सख्त कार्रवाई के निर्देश, शिंदे बोले- "डर फैलाने वालों को नहीं बख्शेंगे"; जांच के लिए पुलिस की 15 टीमें गठित
© 2009-2026 Independent News Service. All rights reserved.