शुक्रवार को बाराबंकी के बनीकोडर, दरियाबाद और पूरेडलई ब्लॉक के स्कूलों में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम हुए। विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणाम बताए गए और इसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
बनीकोडर ब्लॉक के ग्रामीण बालिका इंटर कॉलेज रामसनेहीघाट, दरियाबाद ब्लॉक के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज और पूरेडलई ब्लॉक के सद्भावना इंटर कॉलेज में कार्यक्रम हुए। खंड विकास अधिकारियों की देखरेख में हुए कार्यक्रमों में सहायक खंड विकास अधिकारी समाज कल्याण मौजूद रहे। चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर अवधेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
अवधेश कुमार ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के मौलिक अधिकारों का हनन है। इससे खासकर बालिकाओं का बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य प्रभावित होता है। कम उम्र में शादी से बच्चों को मानसिक और शारीरिक परेशानियां हो सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खुद बाल विवाह से दूर रहने और परिवार व आसपास के लोगों को जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह कराना संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध है। इसके लिए दो साल तक की कैद, एक लाख रुपए तक जुर्माना या दोनों सजाओं का प्रावधान है।
बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090 या 181 और आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना देने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने बाल विवाह रोकने और बाल विवाह मुक्त भारत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस मौके पर संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्य, महिला कल्याण विभाग के सुपरवाइजर अमित कुमार और प्रदीप कुमार, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.