दुर्गा पूजा के अवसर पर निर्मली में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मैथिली गीतों और पारंपरिक झिझिया नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। नगर पंचायत निर्मली के मेन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास बने मंच पर सोमवार देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा।
कलाकारों ने ‘तोहरे भरोसे ब्रह्म बाबा झिझिया बनइलिअइ हो’ सहित अन्य मैथिली गीतों पर प्रस्तुति दी। गीत-संगीत और झिझिया नृत्य पर दर्शक झूमते नजर आए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिनमें महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम का आयोजन दुर्गा पूजा समिति निर्मली की ओर से किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। पूरे आयोजन स्थल पर उत्सवी माहौल बना रहा।
पूजा समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश साह, सचिव जगरनाथ कामत, कोषाध्यक्ष अनूप सिंह, मीडिया प्रभारी विष्णु गुप्ता और सदस्य विनय महथा, नीतीश राणा, संतोष गराय व टुनटुन कामत सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण रहा आयोजन
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए निर्मली एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा, एसडीपीओ अनुपेश नारायण, अंचलाधिकारी विजय प्रताप सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर राणा रणविजय सिंह और थानाध्यक्ष सियावर मंडल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में लोगों ने देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।
आज महादंगल में भारत-नेपाल के पहलवान दिखाएंगे दम
दुर्गा पूजा समिति के सचिव जगरनाथ कामत ने बताया कि मंगलवार दोपहर 2 बजे से महादंगल के दूसरे दिन मुकाबले होंगे। इसमें भारत और नेपाल के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पहलवान अपनी ताकत और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
रात्रि आरती के बाद भोला बाबा इवेंट शो आयोजित किया जाएगा। इसमें गायिका ऋतु राय, गायक रविन्द्र कुमार अकेला और गजेंद्र शर्मा के साथ ज्योति टीम का डांस ग्रुप प्रस्तुति देगा। समिति की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां की गई हैं।
सुपौल जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह का माहौल है। मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और पूजा पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए उत्सव की रौनक बढ़ रही है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.