दिवाली का फेस्टिव सीजन खत्म होते ही अब घर का बजट संभालने की तैयारी कर लीजिए। कंज्यूमर गुड्स बनाने वाली कंपनियां स्मार्टफोन, टीवी, फ्रिज और रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजों के दाम फिर से बढ़ाने जा रही हैं।
बढ़ती इनपुट कॉस्ट की भरपाई करने और अपने मार्जिन को बचाने के लिए कंपनियां कीमतों में बढ़ोतरी के साथ-साथ पैकेट्स का वजन भी घटा रही हैं। इससे आम परिवारों के बजट पर सीधा दबाव बढ़ सकता है।
रोजमर्रा की जरूरी चीजें: बिस्किट के पैकेट छोटे होंगे, नमक-सॉस भी महंगे
फास्ट-मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) सेक्टर की कंपनियों पर लागत का दबाव लगातार बढ़ रहा है। पिछली तिमाही में रिफाइंड पाम ऑयल, चीनी, दूध और पैकेजिंग लेमिनेट्स की कीमतों में 7% तक की बढ़ोतरी हुई है। इस खर्च की भरपाई के लिए कंपनियां अब दाम बढ़ा रही हैं।
ब्रिटानिया के CEO रक्षित हरगावे ने कहा कि कंपनी ने पिछली तिमाही में 3.5% की बढ़ोतरी की थी और फिक्स्ड-प्राइस पैक में क्वांटिटी घटाई थी।
इस महीने की शुरुआत में एनालिस्ट्स से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि कीमतों में और बढ़ोतरी की तैयारी चल रही है। यह होने जा रहा है और हमारे लिए ऐसा करना जरूरी हो गया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और अप्लायंसेज: सैमसंग, शाओमी और गोदरेज ने बढ़ाए दाम
इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज बनाने वाली प्रमुख कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी शुरू कर दी है।
हायर इंडिया के CEO सतीश एनएस ने कहा कि कच्चे माल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं और मुनाफे को बनाए रखना एक समस्या बनता जा रहा है। बिक्री 20% से ज्यादा की अच्छी रफ्तार से बढ़ रही है, लेकिन मुनाफे पर बुरा असर पड़ रहा है।
कंपनियां अब तक दाम बढ़ाने के लिए क्यों रुकी हुई थीं?
गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के अप्लायंसेज बिजनेस हेड कमल नंदी के मुताबिक, मैन्युफैक्चरर्स ने जानबूझकर फेस्टिव सीजन खत्म होने तक कीमतों में बढ़ोतरी को रोक कर रखा था। इससे पहले इंडस्ट्री ने सितंबर में सभी कैटेगरी में कीमतें बढ़ाई थीं।
ज्यादातर लिस्टेड कंज्यूमर गुड्स कंपनियों ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही (H1 FY27) में कमोडिटी की कीमतें बढ़ने के कारण मार्जिन पर दबाव दर्ज किया था।
उस समय डिमांड को बचाए रखने के लिए कंपनियों ने बढ़ी हुई लागत का पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाला था। अब कंपनियां पूरा खर्च ग्राहकों को ट्रांसफर कर अपनी प्रॉफिटेबिलिटी सुधारने की उम्मीद कर रही हैं।
कीमतें बढ़ने के 3 बड़े कारण: AI की डिमांड से लेकर महंगी ढुलाई तक
हर प्रोडक्ट कैटेगरी में कीमतें बढ़ने के पीछे अलग-अलग वजहें हैं…
आगे क्या: अगले 7-10 दिनों में और कीमतें बढ़ेंगी, बिक्री पर असर तय
इंडस्ट्री एग्जीक्यूटिव्स का अनुमान है कि आने वाले 7 से 10 दिनों में सभी इलेक्ट्रॉनिक ब्रांड्स अपनी कीमतें बढ़ा देंगे। इस नई बढ़ोतरी के लागू होने के बाद इस साल कुल मिलाकर स्मार्टफोन 40% से ज्यादा, टेलीविजन 20% से ज्यादा और घरेलू अप्लायंसेज 15% से 20% तक महंगे हो जाएंगे।
कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर बाजार की मांग पर भी दिखने लगा है। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन के चेयरमैन कैलाश लख्यानी ने बताया कि पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले दिवाली के बाद मोबाइल फोन की बिक्री (वॉल्यूम) में 40% की गिरावट आई है।
इससे पहले इस साल कई बार कीमतें बढ़ने के कारण दिवाली के दौरान भी बिक्री में सालाना आधार पर 20% की कमी दर्ज की गई थी।
कैलाश लख्यानी ने कहा कि मौजूदा बढ़ोतरी से मांग पर और असर पड़ेगा। अब 20,000 रुपए से कम कीमत में 5G फोन मिलना मुश्किल हो गया है, जिससे बिक्री पर बुरा असर पड़ेगा।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.