मुख्य बातें
Petrol-Diesel Rates Today: कच्चे तेल की कीमतें एक बार फिर से बढ़ने लगी हैं। अप्रैल के बाद से सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट के बाद आज शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर की ओर बढ़ने लगा है। इस बीच सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों IOCL, HPCL और भारत पेट्रोलियम ने भी पेट्रोल-डीजल के 6 नवंबर के रेट जारी कर दी हैं। आज धनतेरस पर घर से निकलने से पहले पेट्रोल-डीजल के रेट जरूर चेक कर लें।
ट्रंप की हार के बाद इंटरनेशनल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया था, लेकिन आज तेल के दाम फिर से चढ़ गए। ब्रेंट क्रूड 3.88 प्रतिशत चढ़कर 98.29 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था। जबकि, WTI 91 डॉलर प्रति बैरल के पार था। बता दें अक्टूबर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान पर नए हमलों की धमकी के बाद ब्रेंट क्रूड 6 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।
ईरान ने होर्मुज को पूरी तरह खोलने के लिए अमेरिका के सामने तीन शर्तें रखी हैं। इनमें ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाना, आर्थिक प्रतिबंधों में ढील देना और विदेशों में जमा ईरान की संपत्तियों को जारी करना शामिल है। हालांकि, न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर मध्यस्थों की ओर से पेश किए गए प्रस्तावों पर विचार कर रहा है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि कतर की मध्यस्थता में चल रही कूटनीतिक कोशिशें कुछ हद तक सफल हो रही हैं।
होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर लगातार हमलों के बावजूद फारस की खाड़ी से कच्चे तेल का निर्यात फिर बढ़ा है। इसके चलते सऊदी अरब ने एशियाई खरीदारों के लिए तेल की कीमतें घटा दी हैं। कीमतें पहले ही छह साल के निचले स्तर के करीब थीं।
हालांकि, खाड़ी देशों से पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स का निर्यात अभी भी प्रभावित है। इसके अलावा यूक्रेन की ओर से रूस की रिफाइनरियों पर बढ़ते हमलों ने भी तेल उत्पादों की कीमतों को ऊपर रखने में भूमिका निभाई है।
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से पहले ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच रूसी डीजल को वैश्विक बाजार में पहुंचाने पर सहमति बनी थी। इसका मकसद अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती ईंधन कीमतों को नियंत्रित करना था।
आज दिल्ली से पटना तक पेट्रोल-डीजल के रेट में कोई बदलाव नहीं है। दिल्ली में इंडियन ऑयल के पंपों पर पेट्रोल 102.12 और डीजल 95.20 रुपये लीटर है। जबकि, मुंबई में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 111.21 रुपये और डीजल की 97.83 रुपये है। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 107.76 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 99.55 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 113.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 99.82 रुपये प्रति लीटर है। लखनऊ में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 102.05 रुपये और डीजल की 99.28 रुपये है।
देश में सबसे सस्ता पेट्रोल-डीजल पोर्ट ब्लेयर में बिकता है। यहा पेट्रोल 88.66 रुपये लीटर है, जबकि यहां 1 लीटर डीजल की कीमत 84.56 रुपये है। दूसरी ओर सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में 118.34 रुपये लीटर है। चित्तूर में डीजल 106.06 रुपये लीटर है।
पेट्रोल-डीजल के दाम मई 2026 में चार बार में 7.50-7.50 रुपये लीटर बढ़े थे। यानी युद्ध के बाद से भारत में पेट्रोल-डीजल करीब-करीब 8 से 8.50 प्रतिशत ही महंगा हुआ है।हालांकि, भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट रिटेलर नायरा एनर्जी और जियो-बीपी ने पिछले महीने में पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।
इनपुट: ब्लूमबर्ग
दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में ‘लाइव हिन्दुस्तान’ की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए ‘कुछ अलग’ और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play