Feedback
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पंजाब चुनाव के लिए बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन का ऐलान किया. इस दौरान अमित शाह ने पंजाब में नशा और भ्रष्टाचार खत्म करने को अपना प्रमुख लक्ष्य बताया है. उन्होंने कहा कि पंजाब से ड्रग्स और भ्रष्टाचार खत्म करना तथा किसानों की समस्याओं का समाधान करना हमारा मिशन है. अब पंजाब को डबल इंजन की सरकार ही ठीक कर सकती है. मित शाह ने कहा, ‘कल जब प्रधानमंत्री जी से बात हुई तो उन्होंने कहा कि अब NDA पूरा हुआ है. यह हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा.’
गृह मंत्री ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा, ‘पंजाब से नशा और भ्रष्टाचार हटाना हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा. 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब से ड्रग्स खत्म कर देंगे.’ इसके अलावा उन्होंने किसानों की समस्या, भ्रष्टाचार खत्म करना और करतारपुर कॉरिडोर खोले जाने को लेकर भी अपनी बात रखी.
करतार पुर कॉरिडोर को लेकर किया वादा
प्रेस वार्ता के बीच उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर खोलने के मुद्दे पर भी बात रखी. अमित शाह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर के बाद जब राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा सामने आया, तब इसे अस्थायी रूप से बंद कराया गया, जैसे ही इस समस्या का पूरी तरह समाधान हो जाएगा, तुरंत ही करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोल देंगे.’
उन्होंने कहा कि ‘इसे बेवजह बंद रखने का सवाल ही पैदा नहीं होता, मगर मानता हूं कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए.’ बता दें कि इससे पहले पंजाब सीएम भगवंत मान करतारपुर कॉरिडोर खोलने के लिए केंद्र से मांग कर चुके हैं. उन्होंने एक्स पोस्ट के जरिये भी करतारपुर कॉरिडोर खोले जाने को लेकर अपील की थी.
यह भी पढ़िएः पंजाब में गठबंधन का ऐलान, अमित शाह बोले- बड़े भाई की भूमिका में होगा अकाली दल, सीएम भी उसी का
नशामुक्त पंजाब का वादा
इसके साथ ही, उन्होंने पंजाब को नशामुक्त करने के लिए 31 दिसंबर 2029 की डेडलाइन भी दे दी है. अमित शाह ने कहा, ‘पंजाब से नशा और भ्रष्टाचार हटाना हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा.’ उन्होंने कहा कि यह गठबंधन अपने घोषणापत्र में बड़े ऐलान भी करने वाला है. उन्होंने कहा कि पंजाब की मौजूदा सरकार तीन महीने में नशा खत्म करने का वादा करके आई थी, मगर नशा खत्म नहीं हुआ. 2017 में राहुल गांधी भी एक टर्म में नशा खत्म करने का वादा करके आए थे, मगर उनकी पार्टी ने भी नशे के खिलाफ कुछ नहीं किया. अब मैं एक वादा दोहराना चाहता हूं. 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को पूरी तरह नशे से मुक्त कर देंगे.
किसानों की समस्या दूर करने का वादा
उन्होंने कहा कि आगामी तीन महीने में पंजाब के किसानों की समस्या, पंजाब के आर्थिक विकास और पंजाब के युवाओं के रोजगार की चिंता को लेकर नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच लंबी चर्चा होगी. इसके बाद एक रोडमैप तैयार किया गया है. पंजाब के किसानों की समस्याओं को मूल समेत समाप्त करने के हमारे संकल्प को जनता का साथ मिलेगा. हिंदू-सिख भाईचारे को भी पंजाब की जनता का आशीर्वाद मिलेगा. अमित शाह ने कहा कि, निश्चित रूप से आने वाले चुनाव में हम NDA की सरकार वहां बनाएंगे और पंजाब को फिर से एक बार खुशहाल पंजाब बनाएंगे.’
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू