एयर इंडिया एक्सप्रेस के 8 क्रू मेंबर्स को इंटरनेशनल फ्लाइट के बाद अनिवार्य ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराने में देरी करना भारी पड़ गया. एयरलाइन ने 4 पायलट और 4 केबिन क्रू मेंबर्स को तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया है.
मामला 2 अगस्त का है. दुबई से अमृतसर आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 192 सुबह 9:50 बजे श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी. फ्लाइट में दो पायलट इन कमांड, दो को-पायलट और चार केबिन क्रू मेंबर थे.
नियमों के मुताबिक इंटरनेशनल फ्लाइट के बाद क्रू मेंबर्स का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट लैंडिंग के दो घंटे के भीतर कराया जाना जरूरी है लेकिन इस मामले में टेस्ट करीब 2 घंटे 35 मिनट बाद हुआ. यानी तय समय सीमा से 35 मिनट की देरी हो गई.
पहले होटल गए क्रू – फिर लौटे एयरपोर्ट
सूत्रों के मुताबिक फ्लाइट लैंड करने के बाद क्रू होटल चला गया था. बताया गया कि क्रू के एक सदस्य की तबीयत ठीक नहीं थी. इसके बाद सभी क्रू मेंबर्स वापस एयरपोर्ट पहुंचे और उनका ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया. यहां सबसे अहम बात यह है कि टेस्ट में सभी 8 क्रू मेंबर्स निगेटिव पाए गए यानी किसी के शरीर में अल्कोहल नहीं मिला. इसके बावजूद जांच तय समय सीमा के भीतर नहीं कराने को नियमों का उल्लंघन माना गया.
एयरलाइन ने खुद DGCA को बताई चूक
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस मामले की जानकारी खुद DGCA को दी. इसके बाद नियमों के तहत सभी 8 क्रू मेंबर्स को ड्यूटी से हटा दिया गया और तीन महीने के लिए सस्पेंड किया गया. एक सूत्र के मुताबिक इंटरनेशनल फ्लाइट के बाद क्रू कई जरूरी प्रक्रियाओं में व्यस्त था. इनमें लॉगबुक एंट्री, कस्टम्स और इमिग्रेशन क्लीयरेंस जैसी प्रक्रियाएं शामिल थीं. इसी दौरान ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट समय पर कराने में देरी हो गई.
US के 100 फीसदी टैरिफ पर भड़का चीन, ट्रंप को दी नसीहत
टेस्टिंग सिस्टम पर भी उठे सवाल
इस घटना ने फ्लाइट के बाद होने वाली ब्रेथ एनालाइजर टेस्टिंग की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं. फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने कहा कि जब एयर इंडिया सरकारी कंपनी थी तब क्रू का अल्कोहल टेस्ट फ्लाइट से पहले और बाद में दोनों समय किया जाता था. उनके मुताबिक अब पोस्ट-फ्लाइट टेस्टिंग पर ज्यादा निर्भरता है. इस मामले में फिलहाल किसी भी क्रू मेंबर के नशे में होने की बात सामने नहीं आई है. कार्रवाई की वजह टेस्ट में अल्कोहल मिलना नहीं बल्कि अनिवार्य जांच तय समय सीमा में नहीं कराना है.
UPI चार्ज पर सियासत, सरकार बोली- नहीं था कोई विरोध, कांग्रेस का दावा- कमेटी में नहीं हुई चर्चा
वरुण भसीन एबीपी न्यूज़ में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. पिछले 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. वे एयरलाइंस, रेलवे और सड़क-परिवहन से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इससे पहले वे कई संस्थानों में काम कर चुके हैं. वरुण न्यूज जगत से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्में भी बनाते आए हैं. वरुण ने MBM यूनिविर्सिटी जोधपुर से पढ़ाई की है. संपर्क करने के लिए मेल आईडी है- varunb@abpnetwork.com
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.