नागपुर: महीनों से नहीं दिया घर का किराया, युवक ने कमरे में ही छाप डाले 37 लाख के नकली नोट – Jagran

नागपुर में एक व्यक्ति ने किराया न चुका पाने के कारण अपने किराए के कमरे में 37 लाख रुपये के जाली नोट छापे।
(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
किराया न देने पर युवक ने छापे जाली नोट।
नागपुर में 37 लाख के नकली नोट बरामद।
पुलिस आरोपी की तलाश में मुंबई रवाना।
डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां किराए के पैसे न दे पाने की वजह से एक शख्स ने किराए के कमरे में ही नकली नोट छापने का अवैध कारोबार शुरू कर दिया।
किराएदार के इस काले कारनाम के खुलासा तब हुआ जब कई दिनों से गायब रहने पर मकान मालिक ने कमरे का ताला तोड़ा। फिर क्या? मकान मालिक से लेकर आसपास लोग तक…सभी हैरान हो गए। 
बता दें कि आरोपी की पहचान नागपुर के त्रिमूर्ति नगर निवासी पुष्पक कृष्ण भंडारकर उर्फ बेंडाने के रूप में हुई है। उसने करीब डेढ़ साल पहले खरबी इलाके में एक कमरा किराए पर लिया था। इस साल जनवरी में उसका रेंटल एग्रीमेंट खत्म हो चुका था और उसने कई महीनों से किराया देना भी बंद कर दिया था।
जब मकान मालिक रमेश ने उससे कमरा खाली करने को कहा, तो पुष्पक ने कथित तौर पर उसे चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद मकान मालिक ने वथोडा पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
इसके बाद जब आरोपी किराएदार काफी दिनों तक कमरे पर नहीं आया, तो शनिवार को मकान मालिक ने हथौड़े से कमरे का ताला तोड़ दिया। अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मिली जानकारी के अनुसार कमरे के अंदर एक बाल्टी में 500-500 रुपये के जाली नोटों के बंडल रखे हुए थे। चारों तरफ कागज की शीटें बिखरी हुई थीं और कमरे में एक प्रिंटर भी इंस्टॉल किया गया था।
गौरतलब है कि घटना की सूचना मिलते ही वथोडा पुलिस मौके पर पहुंची। नोटों की गिनती के लिए एक काउंटिंग मशीन मंगाई गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने 37 लाख रुपये के जाली नोट छाप लिए थे।
इसके अलावा, पुलिस ने आंशिक रूप से छपे हुए नोट और प्रिंटिंग सामग्री भी बरामद की। बरामद किए गए कुल नोटों और प्रिंटिंग सामग्री की कीमत लगभग 48 लाख रुपये आंकी गई है, जिसमें वे नोट भी शामिल हैं जिनके एक तरफ छपाई हुई थी और दूसरी तरफ का हिस्सा खाली था।
पुलिस ने सारा सामान जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी फिलहाल मुंबई में है, और उसे पकड़ने के लिए नागपुर पुलिस की एक टीम मुंबई रवाना हो रही है।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News