कानपुर। मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यशोदा नगर की रहने वाली युवा निशानेबाज निराली तिवारी ने शूटिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भोपाल स्थित एमपी शूटिंग रेंज में 5 से 22 अक्टूबर तक आयोजित 0755 ओपन इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में निराली ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए क्वालीफाई कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। देशभर से करीब सात हजार निशानेबाजों की भागीदारी वाली इस प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर उन्होंने कानपुर का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि से परिजनों और स्कूल में खुशी का माहौल है।
निराली की उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं थमता। वह CISCE रीजनल शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। इसके अलावा CISCE नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उनकी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है कि उनका चयन एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के लिए भी हुआ है। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर वह शूटिंग में अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं।
कक्षा 11 की छात्रा निराली पढ़ाई के साथ खेल में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नियमित अभ्यास और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देती हैं। प्रतियोगिताओं में लगातार हिस्सा लेकर वह अपने कौशल को निखार रही हैं। ओपन इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में क्वालीफाई करना उनकी मेहनत और लगन का परिणाम माना जा रहा है।
निराली ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, लगन, टाइम मैनेजमेंट, माता-पिता के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि वह आगे भी शूटिंग प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए निरंतर अभ्यास करती रहेंगी।
निराली की उपलब्धियों पर परिजनों और स्कूल में उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। उनका सपना राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाना और कानपुर का नाम रोशन करना है। उनकी सफलता शहर के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन रही है।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.