नेपाल सरकार के वार्षिक बजट भाषण के कारण शुक्रवार, 29 मई को नेपाल के सभी भंसार (कस्टम) कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह बंद रहा। इसका असर भारत-नेपाल सीमा पर भी देखने को मिला, जहां वाणिज्यिक और निजी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
सुरसंड स्थित भारत-नेपाल सीमा पर स्थानीय लोगों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सीमा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
नेपाल के संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार हर वर्ष जेठ 15 को देश का वार्षिक बजट पेश किया जाता है। बजट भाषण के दौरान नई टैक्स और कस्टम ड्यूटी दरों की घोषणा होती है, जिन्हें कस्टम के डिजिटल सिस्टम (ASYCUDA) में अपडेट किया जाता है।
इसी तकनीकी प्रक्रिया के कारण सीमावर्ती चौकियों पर क्लीयरेंस और परमिट जारी करने का कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बजट भाषण समाप्त होने और नया सिस्टम पूरी तरह लाइव होने तक वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
अधिकारियों ने बताया कि पैदल यात्रियों और उनके व्यक्तिगत सामानों की जांच सामान्य रूप से जारी रहेगी। हालांकि, वाणिज्यिक और निजी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे दिन के समय सीमा पार करने से बचें।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.