मैसूर में काम के तनाव और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर 42 वर्षीय महिला प्रोडक्ट प्रमोटर ने आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में महिला मैनेजर पर गंभीर आरोप लगा …और पढ़ें
मैसूर में महिला ने की आत्महत्या।
मैसूर में 42 वर्षीय महिला ने की आत्महत्या।
सुसाइड नोट में मैनेजर पर उत्पीड़न का आरोप।
पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक के मैसूर के पश्चिम इलाके में काम के तनाव और मानसिक उत्पीड़न से जुड़ा एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। शॉपिंग मॉल में बतौर प्रोडक्ट प्रमोटर काम करने वाली 42 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मिली जानकारी के अनुसार आत्महत्या से पहले महिला ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें बेंगलुरु से काम संभालने वाली अपनी महिला मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान हिंकल की रहने वाली नागेश्वरी के रूप में हुई है, जो पिछले तीन साल से एक मार्केटिंग एजेंसी में काम कर रही थीं। शुक्रवार को उन्होंने घर पर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर पति उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर मार्केटिंग एजेंसी की मैनेजर ‘डॉली’ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले में आगे की जांच की जा रही है।
नागेश्वरी द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट और परिवार के हवाले से जो खुलासे हुए हैं, वे हैरान करने वाले हैं। सुसाइड नोट में आरोप लगाया गया है कि मैनेजर डॉली नागेश्वरी पर किसी दूसरे कर्मचारी की गलती अपने सिर लेने का दबाव बना रही थी।
इसके साथ ही मैनेजर लगातार उन्हें नौकरी से हटाने और उनकी जगह किसी दूसरे व्यक्ति को रखने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी, साथ ही उन पर इस्तीफा देने का दबाव भी बनाया जा रहा था।
इसके अलावा मृतका के परिवार ने बताया कि जब से डॉली मैनेजर बनी थी, नागेश्वरी को हफ्ते में मिलने वाली छुट्टी और अन्य जरूरी छुट्टियां देना बंद कर दिया गया था, जिससे वह अत्यधिक तनाव में थीं।
वहीं मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि पिछले करीब एक महीने से उनकी पत्नी मैनेजर के इस बुरे बर्ताव और मानसिक टॉर्चर को लेकर काफी परेशान रहने लगी थी। घटना के दिन जब पति घर पर नहीं थे, उसी दौरान नागेश्वरी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सुसाइड नोट तथा पति के बयनों के आधार पर आगे की बारीकी से जांच की जा रही है।