Feedback
बिहार पुलिस के मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा हो गया. परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी देर रात से ही स्टेशन पर पहुंचने लगे थे. अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए रेलवे की ओर से पर्याप्त ट्रेन व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई और अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई. फिलहाल अभी स्थिति नियंत्रण में हैं. आइए जानते हैं कि अब तक पाटिलपुत्र रेलवे स्टेशन पर हुए बवाल में क्या-क्या हुआ?
ट्रेन में चढ़ने की होड़ के कारण बिगड़े हालात
जानकारी के अनुसार पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन में सवार होने को लेकर अभ्यर्थियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. ट्रेन में चढ़ने की होड़ के कारण हालात बिगड़ने लगे और नाराज छात्रों ने ट्रेन के आगे बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. अभ्यर्थियों ने रेलवे प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और स्टेशन परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ उपद्रवी तत्वों ने इस दौरान ट्रेन और रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया. स्टेशन परिसर में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आईं. हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को भी तत्काल स्टेशन पहुंचना पड़ा.
रेलवे आईजी जितेंद्र राणा भी हुए घायल
मौके पर रेलवे आईजी जितेंद्र राणा, पटना के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी हालात का जायजा लेने पहुंचे. इसी दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई पत्थरबाजी में रेलवे आईजी जितेंद्र राणा को हल्की चोट लगने की सूचना है. वहीं रूपसपुर थाना प्रभारी भी हंगामे के दौरान घायल हो गए. हालांकि दोनों की चोटें गंभीर नहीं बताई जा रही हैं.
स्थिति लगातार बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया. अधिकारियों ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी और ट्रेन परिचालन बाधित होने लगा तो पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की. इसके बाद भी कुछ समय तक स्टेशन परिसर में तनाव बना रहा.
हंगामे के कारण रेलवे परिचालन भी प्रभावित हुआ और कई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भी दहशत का माहौल देखा गया. रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है.
अभी रेलवे स्टेशन पर हालत हैं सामान्य
फिलहाल पुलिस और रेलवे प्रशासन अभ्यर्थियों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने में जुटे हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेन और परिवहन व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई.
स्टेशन पर फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात है. रेलवे आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में हैं. नाराज छात्रों की तरफ से पत्थरबाजी की गई तो पुलिस ने भी आंसू गैस के गोले दागे थे.
अब तक 500 अज्ञात पर FIR
बिहार पुलिस के मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हुए हंगामे के मामले में रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई भी की है. इस मामले में 6 नामजद आरोपियों समेत करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. वहीं पुलिस ने आधा दर्जन छात्रों को गिरफ्तार भी किया है और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज व वीडियो की जांच की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेन व्यवस्था नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने स्टेशन पर प्रदर्शन शुरू कर दिया था. देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और पत्थरबाजी की घटना सामने आई. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी. इस दौरान रेल आईजी जितेंद्र राणा समेत कुल 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए. फिलहाल स्टेशन परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच जारी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू