परिसीमन बिल पर आर-पार की लड़ाई! बहुमत का गणित बनाएंगे या बिगाड़ेंगे ये सांसद? समझें पूरा समीकरण – India TV Hindi

केंद्र की मोदी सरकार के लिए सोमवार का दिन काफी अहम होने वाला है। लोकसभा में परिसीमन से जुड़े संविधान (132वां संशोधन) विधेयक को पास कराने के लिए सरकार पूरी ताकत लगा रही है। इस बिल को पारित कराने के लिए सदन में मौजूद और वोट करने वाले सांसदों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होगी। ऐसे में सरकार और विपक्ष, दोनों की नजर एक-एक सांसद के वोट पर टिकी है।
अब तक के आंकड़ों के मुताबिक, बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA को कई दलों और निर्दलीय सांसदों का समर्थन मिलने की उम्मीद है। हालांकि, सरकार के सामने अभी भी बहुमत का आंकड़ा हासिल करने की चुनौती बनी हुई है।
इस बिल को लेकर सबसे बड़ा घटनाक्रम तमिलनाडु की DMK की ओर से सामने आया है। INDIA गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद DMK ने रविवार को साफ कर दिया कि वह परिसीमन बिल पर सरकार का समर्थन करेगी। DMK के लोकसभा में 22 सांसद हैं। इससे सरकार की स्थिति मजबूत हुई है।
वहीं, शरद पवार की पार्टी NCP (SP) के रुख पर भी सबकी नजर है। पार्टी के 8 सांसद हैं। अगर ये सांसद भी बिल के पक्ष में वोट करते हैं तो सरकार को अतिरिक्त मजबूती मिल सकती है। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों, YSR कांग्रेस के 4 सांसदों और अकाली दल के 01 सांसद के समर्थन की भी चर्चा है।
मौजूदा राजनीतिक गणित के मुताबिक, NDA के पास करीब 299 सांसदों का समर्थन है। इसमें बीजेपी के 240, TDP के 16, एकनाथ शिंदे की शिवसेना के 13 और JDU के 12 सांसद शामिल हैं। इसके अलावा अन्य सहयोगी दल भी NDA के साथ हैं। बता दें कि शिवसेना (UBT) के 06 सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने से भी NDA की ताकत बढ़ी है।
DMK के 22 सांसद, YSR कांग्रेस के 4, तृणमूल के बागी 20 सांसदों और अकाली दल के समर्थन को जोड़ने पर सरकार के पक्ष में करीब 345 वोट होने का अनुमान है। NCP (SP) के 08 सांसद भी साथ आते हैं तो यह संख्या 353 तक पहुंच सकती है।
सरकार को तीन अन्य सांसदों से भी समर्थन मिलने की उम्मीद है। इनमें यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल (UPPL) के सांसद जॉयन्ता बसुमतारी, जोरम पीपल्स मूवमेंट (ZPM) के सांसद रिचर्ड वनलालहमांगैहा और दमन-दीव के निर्दलीय सांसद उमेशभाई बाबूभाई पटेल शामिल हैं।
इन सांसदों के वोट अभी तक 353 के अनुमानित आंकड़े में शामिल नहीं किए गए हैं। अगर ये तीनों सरकार के समर्थन में वोट करते हैं तो बहुमत हासिल करने की राह आसान हो सकती है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अभी तक अपना रुख साफ नहीं किया है। पार्टी के तीन सांसद हैं और वह INDIA गठबंधन का हिस्सा है। झारखंड के मुख्यमंत्री और JMM अध्यक्ष हेमंत सोरेन को इस मामले में अंतिम फैसला लेने का अधिकार दिया गया है। अगर JMM के तीनों सांसद सरकार के समर्थन में वोट करते हैं तो सरकार के पक्ष में वोटों की संख्या 356 तक पहुंच सकती है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि लोकसभा में इस बिल को पास कराने के लिए कितने वोटों की जरूरत होगी। लोकसभा में कुल 543 सीटें हैं, लेकिन फिलहाल तीन सीटें खाली हैं। ऐसे में सदन में 540 सांसद हैं। स्पीकर ओम बिरला आमतौर पर वोटिंग में हिस्सा नहीं लेते। वहीं, TMC सांसद कल्याण बनर्जी निलंबित हैं और वह भी वोट नहीं डाल सकेंगे।
इस तरह वोटिंग के लिए पात्र सांसदों की संख्या 538 रह जाती है। अगर सभी 538 सांसद मतदान करते हैं तो बिल को पास कराने के लिए 359 वोटों की जरूरत होगी। इस हिसाब से 353 वोटों के अनुमान पर सरकार छह वोट पीछे रह जाएगी।
लोकसभा के दो सांसद इस समय जेल में बंद हैं। इनमें पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह और जम्मू-कश्मीर के बारामूला से सांसद इंजीनियर राशिद शामिल हैं। पिछली वोटिंग में भी इन दोनों सांसदों ने हिस्सा नहीं लिया था। अगर इस बार भी वे मतदान नहीं करते हैं तो वोट डालने वाले सांसदों की संख्या कम हो सकती है। इससे दो-तिहाई बहुमत का जरूरी आंकड़ा भी घट जाएगा।
वहीं, कांग्रेस सांसद के. सुधाकरन की मौजूदगी को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। वह फिलहाल दुबई के एक अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।
सोमवार को होने वाली वोटिंग को देखते हुए बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। इसका मतलब है कि दोनों पार्टियां चाहती हैं कि उनके सभी सांसद सदन में मौजूद रहें और पार्टी के निर्देश के मुताबिक मतदान करें।
ये भी पढ़ें-
परिसीमन बिल से पहले BJP की बड़ी तैयारी, अलग-अलग राज्यों के सांसदों की बुलाई बैठक; आज शाम डिनर के साथ मीटिंग
परिसीमन पर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान, बोले- ये पहली बार नहीं हो रहा, लेकिन अब सरकार, कोर्ट और चुनाव आयोग पर बड़े वर्ग का भरोसा नहीं
© 2009-2026 Independent News Service. All rights reserved.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News