Feedback
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक सिरफिरे दामाद ने रिश्तों को तार-तार कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया. पहले उसने अपने 55 वर्षीय बड़े साले राजू की हत्या की और शव को नहर में फेंक दिया. इसके बाद वह अपनी ससुराल पहुंचा और रात के अंधेरे में सो रहे परिवार के लोगों पर तलवार से हमला बोल दिया. अचानक हुए इस हमले से घर में चीख-पुकार मच गई.
मामला ओंग थाना क्षेत्र के आशापुर गांव निवासी पवन कुमार से जुड़ा है, जो बुधवार को अपनी ससुराल बीकमपुर पहुंचा था. पुलिस के मुताबिक, शाम करीब पांच बजे पवन अपने बड़े साले राजू को उसके बेटे की शादी के लिए लड़की दिखाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था. कुछ घंटे बाद वह अकेला वापस लौटा. राजू के बेटों ने पिता के बारे में पूछा तो पवन ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया.
यह भी पढ़ें: कूकर से पत्नी का सिर फोड़ा, बाथटब में डुबोया, फिर लाश के पास खूब रोया पति! फतेहपुर में शालिनी हत्याकांड का पर्दाफाश
पवन ने परिजनों से कहा कि राजू गांव में ही हैं और सुबह सभी लोग लड़की देखने जाएंगे. इसके बाद उसने परिवार के साथ खाना खाया और चारपाई पर जाकर सो गया. लेकिन रात करीब दो बजे उसने अचानक तलवार उठाई और सो रहे राजू के तीन बेटों पर हमला कर दिया. इस हमले में 20 वर्षीय गोरे, 23 वर्षीय प्रदीप और 25 वर्षीय खाटू उर्फ राजकरन गंभीर रूप से घायल हो गए.
सोते परिवार पर तलवार से हमला
हमले की आवाज और घायलों की चीख सुनकर राजू का छोटा भाई 40 वर्षीय राजेश और उसकी 37 वर्षीय पत्नी बुद्धा भी बाहर निकल आए. पवन ने उन दोनों पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया. कुछ ही देर में पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई. वारदात की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए.
ग्रामीणों ने आरोपी पवन को घेर लिया और उसे पकड़ लिया. इसके बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी. मारपीट के दौरान पवन की मौत हो गई. इस तरह जिस ससुराल में वह खूनी हमला करने पहुंचा था, वहीं परिजनों और ग्रामीणों की पिटाई में उसकी जान चली गई.
तलवार के हमले में घायल सभी लोगों की हालत गंभीर बताई गई है. घायलों को इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. घटना के बाद बीकमपुर गांव में तनाव और दहशत का माहौल है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों से जुड़ी घटनाओं की कड़ियां जोड़ रही है.
नहर में मिला लापता राजू का शव
इसी बीच पुलिस ने लापता चल रहे राजू का शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर नहर से बरामद कर लिया. पुलिस के मुताबिक, पवन ने ही राजू की हत्या करने के बाद शव नहर में फेंका था. शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
सीओ बिंदकी प्रियांक जैन ने बताया कि लापता राजू का शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र की मुरादीपुर नहर में मिला है. उनके मुताबिक, शव के गले और हाथ पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत की वजह और चोटों की स्थिति की पुष्टि हो सके.
पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि आखिर पवन ने अपने बड़े साले राजू की हत्या क्यों की और इसके बाद ससुराल में परिवार के लोगों पर हमला करने की वजह क्या थी. फिलहाल राजू की हत्या और उसके शव को नहर में फेंकने की घटना के साथ ससुराल में हुए हमले ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू