पहाड़ों पर महाजाम! कैंची धाम से मनाली तक उमड़ा जनसैलाब… तिल रखने की भी जगह नहीं- VIDEO – Aaj Tak

Feedback
लॉन्ग वीकेंड पर पहाड़ों में सैलानियों और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. उत्तराखंड के नैनीताल स्थित कैंची धाम से लेकर हिमाचल प्रदेश के मनाली तक बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. कैंची धाम में बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हैं, तो मनाली की सड़कों पर पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़ गई है. पहाड़ों में बढ़ी इस आवाजाही का असर पर्यटन कारोबार के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है. आलम यह है कि भीड़ के चलते तिल रखने की भी जगह नहीं है. 
कैंची धाम में आस्था का सैलाब
नैनीताल का कैंची धाम इन दिनों एक बार फिर श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र बना हुआ है. मौसम बदलने के साथ यहां भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है. दिनभर कैंची धाम में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें और मंदिर के आसपास लोगों की भारी भीड़ नजर आ रही है.
 
देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन और आशीर्वाद के लिए यहां पहुंच रहे हैं. बाबा नीम करौली के जीवन और आध्यात्मिक प्रभाव से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की चर्चा के बीच कैंची धाम को लेकर लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ी है.
कोरोना के बाद विराट कोहली समेत कई चर्चित हस्तियों के कैंची धाम पहुंचने से इसकी लोकप्रियता को नई गति मिली. खासकर युवाओं के बीच बाबा नीम करौली की शिक्षाओं और कैंची धाम को लेकर आकर्षण बढ़ा है. कई लोग पहली बार यहां पहुंचकर आध्यात्मिक माहौल का अनुभव कर रहे हैं, जबकि कुछ श्रद्धालु मनोकामना पूरी होने के बाद धन्यवाद देने पहुंच रहे हैं.
आस्था बढ़ी तो कारोबार को भी मिली रफ्तार
कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर आसपास के पर्यटन कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है. हल्द्वानी, भवाली, कैंची धाम, नैनीताल और भीमताल तक होटल, टैक्सी, रेस्टोरेंट और दूसरे स्थानीय कारोबार में गतिविधियां बढ़ी हैं.
हालांकि बढ़ती भीड़ ने यातायात व्यवस्था के सामने चुनौती भी खड़ी कर दी है. हल्द्वानी से कैंची धाम और आगे अल्मोड़ा की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई जगह जाम की स्थिति बन रही है. कई यात्रियों को घंटों ट्रैफिक में फंसना पड़ रहा है.
मनाली में भी पर्यटकों का जमावड़ा
उधर, हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में भी लॉन्ग वीकेंड का असर साफ दिखाई दे रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में सैलानी मनाली पहुंच रहे हैं. सुबह से ही शहर की सड़कों पर पर्यटक वाहनों की आवाजाही बढ़ी हुई है.
मनाली और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में हाल में हुई बर्फबारी ने पर्यटकों का आकर्षण और बढ़ा दिया है. बर्फ से ढकी पहाड़ियां और बदला मौसम सैलानियों को पहाड़ों की ओर खींच रहा है. शहर के प्रमुख हिस्सों में वाहनों की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक की रफ्तार भी प्रभावित होती दिखाई दे रही है.
आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की आवाजाही जारी रहने की उम्मीद है. ऐसे में मनाली और आसपास के पर्यटन मार्गों पर वाहनों का दबाव और बढ़ सकता है.
पहाड़ों में बढ़ी भीड़, बढ़ी चुनौती
उत्तराखंड का कैंची धाम हो या हिमाचल का मनाली, लॉन्ग वीकेंड पर पहाड़ों की ओर लोगों का रुख तेजी से बढ़ा है. इससे होटल, टैक्सी, रेस्टोरेंट और स्थानीय कारोबारियों को फायदा मिल रहा है, लेकिन बढ़ती भीड़ के साथ सड़क और ट्रैफिक व्यवस्था पर दबाव भी बढ़ रहा है.
यानी पहाड़ों में पर्यटन का कारोबार रफ्तार पकड़ रहा है, लेकिन बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को संभालने के लिए बेहतर यातायात प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं की जरूरत भी उतनी ही बढ़ती जा रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News