रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में बिजली के पोल से पानी भरे गड्ढे में करंट उतरने से एक भैंस की मौत हो गई। भैंस दो महीने पहले 80 हजार रुपए के लोन से खरीदी गई थी।
बिमल कुमार पुत्र जगदेव कुमार यादव ने बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, बराराबुजुर्ग से लोन लेकर भैंस खरीदी थी। सोमवार, 23 नवंबर 2026 को शाम करीब 3 बजे उनका छोटा बेटा सोनू भैंस चराने ले गया था।
सोनू ने भैंस को नाले के पास छोड़ दिया और दूसरे चरवाहों के साथ खेलने लगा। चरते हुए भैंस पानी भरे छोटे गड्ढे के पास पहुंची। पास के बिजली के पोल से पानी में करंट उतर रहा था। पानी पीने के लिए मुंह डालते ही भैंस करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई।
मौके पर 10 से 12 साल के बच्चे भी थे। बिमल कुमार ने गदागंज पावर हाउस को सूचना दी। अवर अभियंता नितिन दुबे ने बताया कि भैंस की मौत की खबर मिलते ही बिजली सप्लाई बंद करा दी गई और लाइनमैन गंगा प्रसाद को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि विभाग भैंस पालक की हर संभव मदद करेगा। इसके बाद बिजली की लाइन काटी गई और भैंस को पानी से निकाला गया।
बिमल कुमार ने बैंक, डलमऊ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक और पशु चिकित्सक डॉ. सुधाकर पांडेय को भी सूचना दी। शाम 5:40 बजे तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। खबर लिखे जाने तक भैंस का शव घटनास्थल पर पड़ा था और परिवार के लोग उसकी रखवाली कर रहे थे।
अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने की वजह कार्तिक पूर्णिमा पर डलमऊ में गंगा स्नान बताई गई।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.