Yuvraj Singh
Date: 25-10-26 18:19
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया. करीब 169 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इन सुविधाओं को देश की वित्तीय व्यवस्था के डिजिटल ढांचे और साइबर सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि विकास सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसेमंद और अधिक सुरक्षित वित्तीय प्रणाली के निर्माण में इन नई सुविधाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.
PM मोदी ने कहा कि आजादी के बाद देश में बड़े-बड़े शहरों का विकास हुआ, बड़े संस्थान बने, बड़े अस्पताल बने, बड़े एयरपोर्ट बने. लेकिन देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा, बुनियादी सुविधाओं के लिए इंतजार करता रहा. दिल्ली में बड़े अस्पताल थे, लेकिन छोटे शहरों और दूर-दराज के क्षेत्रों में बेहतर इलाज के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी. बड़े शहरों में हवाई यात्रा की सुविधा थी, लेकिन छोटे शहरों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने पर उतना फोकस नहीं था.
उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में कुछ सुविधाएं थीं, लेकिन अनेक गांवों में सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी जरूरतें भी एक बहुत बड़ी चुनौतीपूर्ण थीं. रेलवे स्टेशन, आम नागरिक की यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा थे, लेकिन रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं का अभाव था. यानी विकास का लाभ देश के हर क्षेत्र और हर नागरिक तक समान रूप से पहुंचाना एक बड़ी चुनौती बना रहा. हमने इसी सोच को बदलने का एक प्रयास किया है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘हम प्रो-पीपल, प्रो-एक्टिव, गुड गवर्नेंस का मॉडल लेकर चले. हमारे लिए विकास का मतलब है- भारत का संतुलित विकास, गांवों को भी अवसर, छोटे शहरों को भी अवसर. हमारा लक्ष्य है दूर-दराज के क्षेत्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी देना, गरीब परिवारों को भी सम्मान के साथ जीवन जीने की सुविधाएं देना, और हर नागरिक को निरंतर यह विश्वास देना कि विकास की यात्रा में वह पीछे नहीं छूटेगा.’
आज देश के एक्सप्रेसवे छोटे शहरों को भी जोड़ रहे हैं. एम्स जैसे संस्थानों का विस्तार अनेक राज्यों तक हुआ है. छोटे-छोटे शहरों में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं. गांव में करीब पौने दो लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले गए हैं.
ये भी पढ़ें: विंग्स ओवर गंगा शो में एयरफोर्स की दहाड़, राफेल-तेजस समेत लड़ाकू विमानों ने दिखाए करतब; देखें वीडियो
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें