ब्रिटेन की रक्षा खुफिया एजेंसी ने चेतावनी दी है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का आक्रामक रुख एक बड़ी गलतफहमी या चूक में बदल सकता है, जिससे विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (File Photo)
पुतिन का आक्रामक रुख बड़ी चूक में बदल सकता है।
रूस की लापरवाह हरकतें बड़े संघर्ष को जन्म दे सकती हैं।
ब्रिटेन को 2030 तक युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए।
डिजिटल डेस्क, लंदन। रूस और यूक्रेन के बीच बीते चार साल से ज्यादा समय से संघर्ष जारी है। क्या शांति स्थापना और क्या युद्धविराम, हर मोर्चे पर सैकड़ों प्रयास के बाद भी अभी तक कूटनीतिक स्तर पर दोनों देश असहमत है। हाल यह है कि हमले अभी भी जारी हैं और आम लोग जूझ रहे हैं।
खैर, अब इस संघर्ष को लेकर ब्रिटेन से एक चेतावनी आई है, जिसने इस पूरे संघर्ष को अलग मोड़ दे दिया है। चेतावनी यह है कि पश्चिमी देशों के खिलाफ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बढ़ता आक्रामक रुख किसी बड़ी गलतफहमी या चूक में बदल सकता है, जिसके नतीजे बेहद विनाशकारी हो सकते हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि यह गंभीर चेतावनी ब्रिटेन की रक्षा खुफिया एजेंसी के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मैथ्यू जोन्स ने दी है। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या-क्या कहा?
बता दें कि कैम्ब्रिज इंटेलिजेंस सेमिनार में दिए अपने बयान में जनरल मैथ्यू जोन्स ने कहा कि भले ही मॉस्को नाटो (NATO) के साथ सीधा युद्ध नहीं चाहता, लेकिन रूस की लापरवाह हरकतें किसी छोटी घटना को बड़े संघर्ष में बदल सकती हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल जोन्स ने कहा कि उनका सबसे बड़ा डर किसी गंभीर चूक का है। उनके मुताबिक, पुतिन खुद दबाव में हैं और इसी वजह से वे ज्यादा आक्रामक और सख्त रवैया अपना रहे हैं। उन्होंने आगाह किया कि हाल के दिनों में रूस की ऐसी कई लापरवाह घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें जरा-सा भी फर्क होता तो हालात बेहद गंभीर हो सकते थे।
अपने बयान के समर्थन में जोन्स ने कई घटनाओं का जिक्र किया।
पोलैंड और जर्मनी- पोलैंड में रूसी मिसाइलों और एक संदिग्ध ड्रोन के गिरने की खबरें आईं, जबकि जर्मनी के लाइपजिग हवाई अड्डे पर हुए ड्रोन हमले को उन्होंने हाल की सबसे गंभीर घटना बताया।
डेनमार्क और काला सागर- डेनमार्क में एक अमेरिकी-यूक्रेनी नागरिक की हत्या की कथित साजिश नाकाम किए जाने का मामला सामने आया, जिसका संबंध रूसी खुफिया एजेंसी से जोड़ा गया। इसके अलावा नाटो सदस्य रोमानिया के पास काला सागर में व्यापारिक जहाजों के डूबने और ब्रिटेन के निगरानी विमान के करीब तक पहुंचने जैसी घटनाओं का भी जिक्र हुआ।
पुराने मामलों का जिक्र- उन्होंने पूर्वी लंदन में एक यूक्रेनी कारोबार से जुड़ी आगजनी और 2018 के सैलिसबरी नोविचोक जहर मामले की भी याद दिलाई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी।
ब्रिटेन के रक्षा सचिव वेस स्ट्रीटिंग ने कहा है कि ब्रिटेन को 2030 तक युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। इस समयसीमा पर स्पष्टीकरण देते हुए जोन्स ने कहा कि यह किसी तय हमले की भविष्यवाणी नहीं है, बल्कि मौजूदा खतरों को देखते हुए एहतियात और तैयारी करना समझदारी भरा कदम है।
जोन्स ने साफ किया कि ब्रिटेन रूस से टकराव नहीं चाहता, लेकिन अपनी और अपने सहयोगियों की सुरक्षा पर खतरा आने पर कड़ा जवाब देगा। वहीं, ब्रिटेन के विदेश मंत्री एड मिलिबैंड ने डेनमार्क की घटना पर एकजुटता जताई और प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने पोलैंड की घटना को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।