पेट्रोलियम मंत्रालय ने पेट्रोल, डीज़ल और गैस के इस्तेमाल को लेकर दी ये सलाह – BBC

रविवार को भारत के पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने पेट्रोल, डीज़ल और गैस को लेकर आम लोगों के लिए सलाह जारी की है.
सुमंत सिंह, चंदन कुमार जजवाड़े
इमेज स्रोत, Getty Images
रविवार को भारत के पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने भारत में पेट्रोल, डीज़ल और गैस को लेकर आम लोगों के लिए सलाह जारी की है.
मंत्रालय ने कहा है, "नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी करने से बचें. सरकार पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है."
आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे अफ़वाहों से सावधान रहें.
इसके साथ लोगों को ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों मसलन पीएनजी और इलेक्ट्रिक या इंडक्शन कुकटॉप के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित किया गया है.
ईरान युद्ध और पश्चिम एशिया संकट की वजह से तेल और गैस की सप्लाई पर गंभीर असर पड़ा है.
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने सभी आम लोगों से आग्रह किया है कि वे मौजूदा हालात में ऊर्जा की बचत करें.
मंत्रालय ने दावा किया है कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के बावजूद, सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि घरेलू एलपीजी, घरेलू पीएनजी और सीएनजी (गाड़ियों के लिए) की 100% आपूर्ति की जा रही है.
इसके साथ ही मांग पर दबाव कम करने के लिए केरोसिन और कोयले जैसे वैकल्पिक ईंधन भी उपलब्ध कराए गए हैं.
मंत्रालय ने कहा है कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के कारण एलपीजी की आपूर्ति अभी भी प्रभावित हो रही है. इसलिए घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है.
इमेज स्रोत, @yadavtejashwi
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पश्चिम बंगाल में एक बार फिर से ममता बनर्जी की जीत का दावा किया है.
वो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के लिए प्रचार कर रहे हैं. उन्होंने राज्य में रोड शो और जनसभाएं भी की हैं.
तेजस्वी यादव ने कहा, ''उन्हें (ममता बनर्जी) को 4 मई तक इंतज़ार करना चाहिए, नतीजे सबके सामने होंगे. बंगाल की जनता एक बार फिर ममता जी को चुन रही है. बिहार से हमारे सभी लोग उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होंगे और हम जीतेंगे.''
तेजस्वी यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया है, "ममता दीदी शेरनी की तरह लड़ रही हैं. प्रधानमंत्री जी नेता कम अभिनेता अधिक लगते हैं."
पश्चम बंगाल में बड़ी संख्या में बिहार के लोग कामकाज के सिलसिले में रहते हैं.
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव भी पश्चिम बंगाल में रहने वाले बिहार के लोगों को एक बड़ी राजनीति ताक़त बताते रहे हैं.
पश्चिम बंगाल में चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले गए हैं और इस दिन यहाँ रिकार्ड वोटिंग दर्ज की गई है.
राज्य में दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे और 4 मई को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे.
पश्चिम बंगाल चुनावः एसआईआर में जहां वोट सबसे अधिक कटे, वहां रिकॉर्ड वोटिंग के क्या हैं मायने
इमेज स्रोत, ANI
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के समर्थन में जनसभा की है और उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधा है.
उन्होंने आरोप लगाया, "मोदी जी ईमानदारी से चुनाव नहीं जीत सकते, उनके तीन दोस्त हैं- ईडी, सीबीआई और ज्ञानेश कुमार (मुख्य चुनाव आयुक्त).''
केजरीवाल ने कहा, ''मुझे पता चला है कि पूरे देश से यहाँ सेना बुलाई गई है. इसकी क्या ज़रूरत है? क्या बंगाल के लोग आतंकवादी हैं? यह बंगाल के लोगों का अपमान है.''
उन्होंने कहा, ''इन सबके बाद भी, अगर मोदी जी चुनाव हार जाते हैं, तो बंगाल के लोग उनसे पूछना चाहते हैं कि क्या वे इस्तीफ़ा देंगे?"
पश्चिम बंगाल में चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले गए हैं और इस दिन यहाँ रिकार्ड वोटिंग दर्ज की गई है.
राज्य में दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे और 4 मई को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे.
इमेज स्रोत, Getty Images
ईरानी संसद के नेशनल सिक्योरिटी कमीशन के प्रमुख और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के पूर्व कमांडर इब्राहिम अज़ीज़ी ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर कहा है कि ईरान की मेहमाननवाज़ी के 47 साल का दौर ख़त्म हो गया है.
एक सोशल मीडिया पोस्ट में इब्राहिम अज़ीज़ी ने कहा, ''ग्रीक नेशनल टेलीविज़न के साथ अपनी बातचीत में मैंने एक बार फिर 'होर्मुज़ स्ट्रेट की नई व्यवस्था' का ज़िक्र किया. जैसा कि हमने पहले ही कहा है कि मेहमाननवाज़ी का 47 साल का दौर ख़त्म हो गया है.''
उन्होंने कहा, ''होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने की इच्छा रखने वाले सभी जहाज़ों को इसका टोल देना होगा.''
इब्राहिम अज़ीज़ी का कहना है कि 'मौजूदा दौर में होर्मुज़ स्ट्रेट ईरान की ताक़त के बुनियादी स्तंभ में से एक बन गया है.'
28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर हमला कर दिया था. इस हमले के बाद ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट को बंद कर दिया है.
ईरानी तट के क़रीब मौजूद इस संकरे समुद्री रास्ते से आम दिनों में दुनिया की तेल और गैस सप्लाई का 20 फ़ीसदी हिस्सा गुज़रता रहा है.
होर्मुज़ स्ट्रेट के बंद होने के बाद दुनिया के कई देशों में तेल और गैस की कमी देखी जा रही है.
होर्मुज़ स्ट्रेट से बिना अनुमति के गुज़रने की कोशिश करने वाले कुछ जहाज़ों पर ईरानी सुरक्षाबलों ने गोलीबारी और हमले भी किए हैं.
उधर ओमान की खाड़ी में अमेरिकी नेवी ने भी ईरान से जुड़े जहाज़ों के लिए नाकाबंदी कर रखी है.
इमेज स्रोत, ANI
राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के दो तिहाई राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के मुद्दे आप ने जल्द सुनवाई की मांग की है.
रविवार को 'आप' के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, "सभी विशेषज्ञों से सलाह लेने और (कपिल) सिब्बल की राय जानने के बाद, मैंने राज्यसभा के सभापति (भारत के उपराष्ट्रपति) को एक याचिका भेजी है.''
संजय सिंह ने बताया, ''इसमें अनुरोध किया गया है कि संविधान की दसवीं अनुसूची के अनुसार, इन सात सदस्यों की सदस्यता पूरी तरह से समाप्त कर दी जाए. मैंने उपराष्ट्रपति और सभापति से यह भी अनुरोध किया है कि वे इस मामले की सुनवाई जल्द से जल्द करें और इस पर एक न्यायसंगत निर्णय दें.''
संजय सिंह ने कहा है कि इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट के कई फ़ैसले मौजूद हैं और अपने सांसदों के पार्टी छोड़ने के मुद्दे पर क़ानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी.
इमेज स्रोत, ANI
पार्टी में बिना प्रस्ताव पारित किए विलय नहीं हो सकता- कपिल सिब्बल
शनिवार को आप के राज्य सभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के फ़ैसले पर वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा था, “मुझे नहीं लगता कि इन 7 लोगों और बीजेपी को संविधान की ज़्यादा समझ है, क्योंकि इन्हें ख़ुद ही शायद पता नहीं होगा कि विलय का मतलब क्या होता है.''
सिब्बल के मुताबिक़, '''संविधान में लिखा है कि सबसे पहले जो राजनीतिक दल है, उसे यह फ़ैसला लेना होगा कि वह किसी पार्टी के साथ विलय करना चाहता है. जैसे आम आदमी पार्टी संगठन के स्तर पर बैठक बुलाकर प्रस्ताव पास करके यह तय करे कि वह विलय करना चाहती है, या फिर दोनों राजनीतिक पार्टियां संगठन स्तर पर प्रस्ताव पास कर फ़ैसला करें कि वे आपस में विलय करना चाहती हैं.''
उन्होंने कहा, ''अगर राजनीतिक पार्टी का विलय हो जाता है और पार्टी के पास 10 सांसद हैं, और ये लोग पार्टी के साथ विलय करने के लिए दो-तिहाई बहुमत से प्रस्ताव पास करते हैं, तो इनका विलय हो सकता है. इसका उल्टा नहीं हो सकता, पार्टी के विलय से पहले ये सांसद किसी दूसरी पार्टी के साथ विलय नहीं कर सकते.''
शुक्रवार को संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर राघव चड्ढा ने कहा था, "हमने तय किया है कि हम, राज्य सभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य संविधान के प्रावधानों के अनुसार बीजेपी में शामिल हो रहे हैं."
इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ओमान की यात्रा के बाद और रूस जाने से पहले पाकिस्तान लौटने वाले हैं.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ईरानी सरकारी मीडिया ने शनिवार को बताया कि ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ओमान की अपनी यात्रा के बाद पाकिस्तान लौटेंगे.
अराग़ची शनिवार को ही पाकिस्तान से ओमान गए थे.
ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने विदेश मंत्रालय के हवाले से बताया कि अराग़ची "ओमान की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद और रूस जाने से पहले पाकिस्तान का दोबारा दौरा करने वाले हैं."
उन्होंने आगे कहा कि उनके प्रतिनिधिमंडल का एक हिस्सा "परामर्श के लिए और युद्ध समाप्त करने से संबंधित मुद्दों पर ज़रूरी निर्देश हासिल करने के लिए" तेहरान लौट आया है.
इमेज स्रोत, @MIshaqDar50
यह प्रतिनिधिमंडल रविवार शाम को इस्लामाबाद में अराग़ची से फिर से मिलने वाला है.
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच शनिवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची एक प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद पहुंचे थे.
ईरानी विदेश मंत्रालय ने बताया था कि इस दौरे का मक़सद द्विपक्षीय मामलों पर चर्चा करना है. शनिवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भी दोनों इस द्विपक्षीय बातचीत को अच्छा बताया था.
अमेरिका के साथ जारी तनाव पर आगे की योजना के बारे में फ़िलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं है.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर हमले किए थे. उसके बाद शुरू हुए जंग की वजह से दुनिया भर में कच्चे तेल और गैस की सप्लाई पर असर पड़ा है.
आंध्र प्रदेश में पेट्रोल और डीज़ल की ज़्यादा मांग की वजह से इनकी कमी देखी जा रही है.
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया है कि इस मुद्दे पर सीएम चंद्रबाबू नायडू ने एक समीक्षा बैठक की है.
अधिकारियों के मुताबिक़ राज्य में पेट्रोल और डीज़ल की सप्लाई में बढ़ोतरी हुई है.
उनके मुताबिक़ शनिवार को राज्य में 10,345 किलोलीटर पेट्रोल और 14,156 किलोलीटर डीज़ल की सप्लाई हुई है.
अधिकारियों का कहना है कि राज्य में लोग पेट्रोल और डीज़ल की कमी की आशंका में घबराहट में ज़्यादा ख़रीदारी कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, “सामान्य दिनों में पेट्रोल की रोज़ाना बिक्री 6,330 किलोलीटर और डीज़ल की 9,048 किलोलीटर रहती है. जबकि शनिवार को पेट्रोल की बिक्री 8,489 किलोलीटर और डीज़ल की 10,556 किलोलीटर तक पहुंच गई.”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सरकारी विभागों की कार्रवाई और इस समस्या के समाधान को लेकर फ़ौरन योजना तैयार करें.
इमेज स्रोत, Getty Images
यह पहली बार नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप किसी गोलीबारी की घटना वाली जगह पर मौजूद रहे हैं.
व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में हुई गोलीबारी की घटना के बाद, एक पत्रकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति से पूछा, “आपको क्या लगता है कि आपके साथ बार-बार ऐसा क्यों होता है?”
हुए ट्रंप ने इसके जवाब में कहा, "जो लोग सबसे प्रभावशाली होते हैं, उन्हीं को निशाना बनाया जाता है. ऐसे लोग (हमलावर) उनके पीछे नहीं पड़ते जो कुछ ख़ास नहीं होते."
पिछले कुछ सालों में ट्रंप की सुरक्षा से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं.
जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान उनके दाहिने कान में गोली लगी थी. जब सुरक्षाकर्मी उन्हें मंच से हटाकर सुरक्षित जगह ले जा रहे थे, तब वह "फ़ाइट, फ़ाइट, फ़ाइट" की आवाज़ लगा रहे थे.”
इस घटना में भीड़ में मौजूद एक शख़्स की मौत हो गई थी.
इसके कुछ महीनों बाद ही सितंबर 2024 में फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में उनके गोल्फ़ क्लब की झाड़ियों में एक संदिग्ध बंदूकधारी छिपा हुआ पाया गया. ट्रंप ने ख़ुद बताया कि वह "सुरक्षित और ठीक" हैं.
ट्रंप की सुरक्षा से जुड़ी सबसे ताज़ा घटना फ़रवरी 2026 में हुई थी. ट्रंप के मार-ए-लागो आवास की सुरक्षित सीमा में घुसने के बाद, एक हथियारबंद व्यक्ति को गोली मारी गई थी. उस समय राष्ट्रपति ट्रंप वॉशिंगटन डीसी में मौजूद थे.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक होटल में व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ शनिवार रात साढ़े आठ बजे (अमेरिकी समयानुसार) डिनर (कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर) कर रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज़ें आईं. इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला.
इमेज स्रोत, Getty Images
उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर में एक नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है.
अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट पर आरोप लगाया, ''बयान बदलवाने से सच नहीं बदलता है. उत्तर प्रदेश ने इतना कमज़ोर मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा जो घोर अत्याचार के शिकार ग़रीब-बेबस पीड़ितों पर दबाव डालकर बयान बदलवाते हैं.''
उन्होंने इस मुद्दे से जुड़े कई सवाल उठाए हैं, ''एफ़आइआर लिखवाने में इतनी देर क्यों हुई, बातें क्यों बदलवाई गईं, ⁠पीड़ित परिवार को और उत्पीड़ित क्यों किया जा रहा है?''
अखिलेश यादव ने पूछा है, ''पुलिस तक पर पथराव करनेवाले वर्चस्ववादियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने से किसने रोका और ⁠पोस्टमार्टम पर सवालिया निशान क्यों लगा?''
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि 'इस अन्याय की मूल वजह ये है कि समाज में भेदभाव है.'
इससे पहले कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने ग़ाज़ीपुर में एक नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था, ''राज्य में महिलाओं के ख़िलाफ़ अत्याचार चरम पर है.''
प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, "ग़ाज़ीपुर, उत्तर प्रदेश में एक लड़की की हत्या के मामले में पहले केस दर्ज होने में आनाकानी, फिर पीड़ित परिवार को धमकियां मिलना और दबंगों द्वारा अराजकता फैलाना यह दिखाता कि प्रदेश में महिलाओं के ख़िलाफ़ अत्याचार चरम पर है."
क्या है मामला?
एडीजी वाराणसी पीयूष मोर्डिया के मुताबिक़, "14-15 अप्रैल की रात ग़ाज़ीपुर जनपद के कटरिया गांव से एक बालिका गायब हो गई थी. सुबह लगभग 5:30 बजे के आसपास तीन किलोमीटर दूर गंगा के पुल के पास नदी में उसका शव मिला."
उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से दी गई सूचना के आधार पर एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है और मुख्य अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है.
एडीजी पीयूष मोर्डिया ने यह भी बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है.
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने लड़की के परिजनों से मुलाक़ात की है और उनके पिता से इस पूरी घटना पर बात की है. इसी के आधार पर पुलिस कार्रवाई की गई है.
उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने का अनुरोध किया.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ट्रंप की डिनर पार्टी में गोलियां चलीं, अफ़रा-तफ़री के बीच राष्ट्रपति को सुरक्षित बाहर निकाला-अब तक क्या-क्या पता है?
ट्रंप की डिनर पार्टी में गोली चलने के बाद हिरासत में लिया गया शख़्स कौन है?
ट्रंप की डिनर पार्टी के दौरान हुई फ़ायरिंग के बाद भारत, पाकिस्तान समेत दुनिया के नेताओं ने क्या कहा?
फ़ोटोग्राफ़र नहीं होता तो माली होता: रघु राय
ईरान में इंटरनेट पाबंदी की वजह से लाखों नौकरियां ख़त्म, इस हालात के लिए ज़िम्मेदार कौन?
इमेज स्रोत, ANI
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर निशाना साधा है.
कांग्रेस नेता का यह बयान पश्चिम बंगाल में 'कांग्रेस कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की हत्या' के बाद आया है.
कांग्रेस का आरोप है कि देबदीप चटर्जी की 'तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़े लोगों ने की है'. हालांकि, इस मामले में अब तक टीएमसी या राज्य सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
राहुल गांधी ने रविवार को इस घटना पर संवेदना जाहिर करते हुए एक्स पर लिखा, "कांग्रेस के कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की चुनाव बाद टीएमसी से जुड़े गुंडों द्वारा की गई हत्या बेहद निंदनीय है."
इसके साथ ही राहुल गांधी ने इस घटना के दोषियों की तत्काल गिरफ़्तारी और कड़ी से कड़ी सज़ा की मांग की है. उन्होंने देबदीप के परिवार के लिए सुरक्षा और मुआवज़े की भी मांग की.
इमेज स्रोत, ANI
क्या है मामला?
'द टेलीग्राफ़' अख़बार के मुताबिक़, पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कांग्रेस समर्थक देबदीप चटर्जी की शनिवार को हत्या कर दी गई.
अख़बार के मुताबिक़, देबदीप की हत्या उनकी पत्नी और 10 साल के बेटे के सामने हुई.
टेलीग्राफ़ ने देबदीप की पत्नी के हवाले से बताया है कि देबदीप की हत्या एक झगड़े के बाद हुई. यह झगड़ा उनके घर के नज़दीक एक सड़क किनारे खड़ी बाइक से उनकी कार के टकराने के बाद हुआ.
देबदीप की पत्नी का कहना है कि झगड़े के दौरान उनके सिर पर चोट आई और अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
अख़बार के मुताबिक़, पुलिस ने शुरुआती जानकारी के आधार पर इस मामले की जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि जिन लोगों ने देबदीप के साथ मारपीट की वे टीएमसी से जुड़े हुए हैं.
पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने शनिवार को एक्स पर लिखा, "पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी आसनसोल में कांग्रेस समर्थक देबदीप चटर्जी की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा करती है. मतदान के बाद के दौर में हुई इस चौंकाने वाली हिंसक घटना में वह आसनसोल नॉर्थ से कांग्रेस प्रत्याशी प्रसेनजीत पुइतांडी के साथ क़रीबी तौर पर काम कर रहे थे."
पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने आरोप लगाया, "देबदीप पर सत्तारूढ़ टीएमसी से जुड़े लोगों ने हमला किया और बेरहमी से पीटा. इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया."
इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Image
बीते कुछ सालों से व्हाइट हाउस के पत्रकारों का डिनर एक ऐसा कार्यक्रम बन गया है, जहां 'मौजूद होना और दिखना' अहम माना जाता है. इसमें सरकार के शीर्ष अधिकारी और चर्चित हस्तियां शामिल होती हैं.
डिनर वाला यह पूरा हफ़्ता वॉशिंगटन में हलचल भरा होता है. दूतावास, संस्थाएं और मीडिया संस्थान कई कार्यक्रमों और पार्टियों का आयोजन करते हैं.
लेकिन इसकी असली मंशा पत्रकारिता से जुड़े देशभर के होनहार युवा छात्रों के लिए पैसे जुटाना है. इन्हें व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन की तरफ़ से आर्थिक मदद दी जाती है.
हर छात्र को एक मेंटर दिया जाता है, जो एसोसिएशन का सदस्य होता है और व्हाइट हाउस को कवर करने वाला सक्रिय पत्रकार होता है. सभी छात्रों को डिनर में आने का निमंत्रण भी मिलता है.
इस साल दूसरी बार मैं भी एक छात्रा का मेंटर था. वह होनहार और खुशमिज़ाज युवा महिला हैं.
उन्होंने मुझे बताया कि वह और दूसरे स्टूडेंट घबराए हुए थे, लेकिन सुरक्षित थे.
उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह डिनर गोलीबारी की घटना के बीच इतनी अचानक ख़त्म हो जाएगा.
इमेज स्रोत, Reuters
बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज़ ने बताया है कि कथित हमलावर ने अधिकारियों से कहा है कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े अधिकारियों को निशाना बना रहा था.
सीबीएस ने नाम न ज़ाहिर करते हुए दो सूत्रों के हवाले से यह भी कहा है कि घटना के दौरान कम से कम पांच से आठ गोलियां चलाई गईं.
इस बीच एफ़बीआई और पुलिस कैलिफ़ोर्निया स्थित उस घर की तलाशी में जुटे हैं, जिसके संदिग्ध हमलावर से जुड़े होने की आशंका है.
इस तलाशी अभियान की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें कैलिफ़ोर्निया के टॉरेंस इलाक़े में भारी पुलिस मौजूदगी दिखाई दे रही है.
इमेज स्रोत, EPA
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अपनी सेना को लेबनान में "हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर ज़ोरदार हमला" करने का आदेश दिया है. यह फ़ैसला युद्धविराम को तीन हफ़्ते बढ़ाए जाने के दो दिन बाद आया है.
इस निर्देश के बाद इसराइली सेना ने नए हमले किए. इससे पहले शनिवार को दक्षिणी लेबनान में हुए हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई थी.
दोनों पक्षों के बीच सीमा पार ताज़ा हमलों ने युद्धविराम समझौते पर दबाव बढ़ा दिया है. इससे साफ़ है कि यह युद्धविराम अब भी काफ़ी नाज़ुक स्थिति में है.
यह समझौता पूरी तरह हमले रुकने के बजाय हिंसा में कमी तक सीमित रहा है. वॉशिंगटन में दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत के बाद गुरुवार को इसे बढ़ाया गया था.
शनिवार को इससे पहले नबातियेह ज़िले के योहमोर अल-शक़ीफ़ कस्बे में एक ट्रक और मोटरसाइकिल पर इसराइली हमलों में चार लोगों की मौत हुई. एएफ़पी के मुताबिक़ यह जानकारी लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी.
मंत्रालय ने कहा कि बिंत जुबैल ज़िले के सफ़द अल-बत्तीख़ कस्बे पर हुए एक अन्य हमले में दो लोगों की मौत हुई और 17 लोग घायल हुए.
इसराइल डिफेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा कि उसने शनिवार को हिज़्बुल्लाह के तीन सदस्यों को "मार गिराया", जो "हथियारों से भरे एक वाहन" में सवार थे. इसके अलावा मोटरसाइकिल पर सवार एक अन्य सदस्य को भी मार गिराया गया.
इमेज स्रोत, Suzanne Plunkett / POOL / AFP) (Photo by SUZANNE PLUNKETT/POOL/AFP via Getty Images
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डिनर पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी की घटना पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन के डिनर के दौरान हुई परेशान करने वाली गोलीबारी की घटना से गहरा सदमा पहुंचा है."
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "यह जानकर राहत मिली कि राष्ट्रपति ट्रंप, फ़र्स्ट लेडी और अन्य मौजूद लोग सुरक्षित हैं… मैं उनके लगातार सुरक्षित और स्वस्थ रहने की कामना करता हूं."
यह घटना वॉशिंगटन हिल्टन होटल में उस वक्त हुई, जब ट्रंप व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ एक डिनर पार्टी में शामिल हुए.
इस घटना के संदिग्ध को पकड़ लिया गया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ वॉशिंगटन हिल्टन होटल में एक डिनर पार्टी में शामिल हुए थे. इस दौरान फ़ायरिंग की घटना हुई.
यह घटना अमेरिकी समयानुसार शनिवार शाम की है.
कनेक्टिकट एवेन्यू स्थित वॉशिंगटन हिल्टन वही होटल है जहां 1981 में तत्कालीन राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर गोली चलाई गई थी और वे घायल हुए थे.
यह हमला 30 मार्च 1981 को हुआ था. इस हमले के दोषी जॉन हिंकली जूनियर ने उस वक्त गोली चलाई थी, जब रीगन होटल के भीतर एक कार्यक्रम में भाषण के बाद अपनी लिमोज़ीन की तरफ़ लौट रहे थे.
रीगन इस हमले में बच गए थे, लेकिन गंभीर रूप से घायल हुए थे.
एक गोली राष्ट्रपति की लिमोज़ीन से टकराई और उनके धड़ में लगी, जिससे उनकी एक पसली टूट गई और फेफड़े में छेद हो गया. उन्हें तुरंत पास के जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया था और बाद में 11 अप्रैल को डिस्चार्ज कर दिया गया था.
उस समय व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेम्स ब्रैडी भी इसी घटना में घायल हुए थे. इसके अलावा एक सीक्रेट सर्विस एजेंट और स्थानीय मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के एक अधिकारी भी घायल हुए थे.
इस हमले में ब्रैडी के मस्तिष्क को नुक़सान पहुंचा था और वह आजीवन विकलांग रहे. उनकी चोटों का असर जीवनभर बना रहा और 2014 में उनकी मौत में भी इसका योगदान माना गया.
इस हमले के अगले साल हिंकली को मानसिक अस्थिरता के आधार पर दोषी नहीं ठहराया गया, लेकिन उन्हें वॉशिंगटन के सेंट एलिज़ाबेथ अस्पताल के हाई-सिक्योरिटी हिस्से में रखा गया. वहां से 2016 में उन्हें रिहा किया गया.
होटल की दीवार पर आज भी उस गोलीबारी की जगह को चिन्हित करती एक पट्टिका लगी हुई है.
इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डिनर पार्टी के दौरान फ़ायरिंग की घटना की निंदा की है.
उन्होंने कहा कि इस घटना की 'साफ़ तौर पर निंदा' की जानी चाहिए.
इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका की फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के सकुशल होने पर राहत जताई है.
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, "वॉशिंगटन डीसी के एक होटल में हालिया घटना के बाद यह जानकर राहत मिली कि राष्ट्रपति ट्रंप, फ़र्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुक़सान नहीं पहुंचा है."
उन्होंने कहा, "मैं उनकी लगातार सुरक्षा और कुशल मंगल की कामना करता हूं. लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसकी स्पष्ट तौर पर निंदा की जानी चाहिए."
राष्ट्रपति ट्रंप शनिवार शाम व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित डिनर पार्टी में शामिल हुए थे.
इस दौरान 7-8 बार फ़ायरिंग की आवाज़ें सुनी गईं, जिसके बाद ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप समेत बड़ी हस्तियों को सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने सुरक्षित बाहर निकाला.
संबंधित ख़बर: ट्रंप की मौजूदगी वाले डिनर में गोलियां चलीं, जल्दबाज़ी में बाहर निकाला-अब तक क्या-क्या पता है
इमेज स्रोत, Mandel NGAN / AFP via Getty Image
व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ आयोजित डिनर कार्यक्रम में फ़ायरिंग के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बयान दिया है.
ट्रंप ने कहा कि डिनर कार्यक्रम से पहले उनकी टीम को किसी भी सुरक्षा ख़तरे की जानकारी नहीं थी.
पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या पहले से कोई संकेत मिले थे, तो उन्होंने कहा, "कोई सूचना नहीं थी."
उन्होंने कहा कि उन्हें हमले के पीछे की मंशा नहीं पता, लेकिन उन्होंने संदिग्ध के बारे में कहा कि वह "काफ़ी ख़तरनाक दिखता है."
राष्ट्रपति ने कहा कि संदिग्ध "क़रीब 50 गज़ की दूरी" से दौड़ता हुआ आया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अपने हथियार निकाल लिए.
अधिकारियों ने कैलिफ़ोर्निया में संदिग्ध के अपार्टमेंट पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है.
जब एक पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि 'उनकी जान लेने की कोशिशों' के पीछे वजह क्या हो सकती है.
तो ट्रंप ने कहा कि उन्होंने राजनीतिक हत्याओं के बारे में पढ़ा है और उनका मानना है कि लोग उन व्यक्तियों को निशाना बनाते हैं जिन्होंने "सबसे बड़ा असर" डाला हो.
उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन का ज़िक्र किया, जिनकी हत्या कर दी गई थी.
हाल के वर्षों में ट्रंप पर दो बार जानलेवा हमले की कोशिश हो चुकी है. पुलिस ने अब तक आज रात (शनिवार) के हमलावर की मंशा नहीं बताई है.
जब ट्रंप से पूछा गया कि आज की घटना जुलाई 2024 में पेनसिल्वेनिया के बटलर में हुई रैली से किस तरह अलग थी, जहां एक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी.
ट्रंप ने कहा कि वह ऐसी घटनाओं को लेकर चिंतित नहीं रह सकते, लेकिन बटलर के मुक़ाबले आज रात सुरक्षा व्यवस्था कहीं बेहतर थी.
उन्होंने कहा कि बटलर में भी उनकी टीम के पास एक स्नाइपर था, जिसने हमलावर को जल्दी ढेर कर दिया था.
ट्रंप ने कहा कि आज रात हमलावर बॉलरूम के क़रीब नहीं पहुंच सका, क्योंकि उसे पूरी तरह सील कर दिया गया था.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ डिनर में शामिल हुए थे.
इसी दौरान फ़ायरिंग की आवाज़ें आईं, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंट ट्रंप और फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गए.
यह डिनर वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित किया गया था.
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Burhaan Kinu/Hindustan Times via Getty Images
जाने-माने फ़ोटोग्राफ़र रघु राय का शनिवार को निधन हो गया. वह 83 साल के थे.
रघु राय के निधन की जानकारी उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर दी गई है. इस पोस्ट में यह भी बताया गया है कि रघु राय का अंतिम संस्कार रविवार, 26 अप्रैल को शाम चार बजे लोधी रोड पर होगा.
रघु राय का जन्म 1942 में पंजाब के झंग (अब पाकिस्तान में) में हुआ था.
1965 में उन्होंने 'द स्टेट्समैन' अख़बार में फ़ोटो पत्रकार और 1982 में इंडिया टुडे के लिए दस साल तक बतौर फ़ोटो संपादक काम किया.
उनकी फ़ोटोग्राफ़ी पर कई सारी किताबें आ चुकी हैं, जिनमें 'रघु रायज़ डेल्ही', 'द सिख्स', 'कलकत्ता', 'ताजमहल', 'खजुराहो', 'मदर टेरेसा' आदि हैं.
रघु राय को अब तक कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं. साल 1971 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री से नवाज़ा था.
वह प्रतिष्ठित मैग्नम फ़ोटो कंपनी के लिए चुने गए पहले भारतीय फ़ोटोग्राफ़र हैं.
संबंधित कहानी: रघु राय के फ़ोटोग्राफ़र बनने का क़िस्सा
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News