'पेमेंट अटक रहा है, मेरे साथ अपना आदमी भेज दो', रास्ते में दुकान के नौकर को छोड़ होता था गायब, खुद को बताता था नगर निगम अफसर – AajTak

Feedback
MP News: राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में एक शातिर ठग ने ऐसा तरीका अपनाया कि दुकानदार उस पर आसानी से भरोसा कर लेते थे. वह मास्क लगाकर दुकान पर पहुंचता था. खुद को नगर निगम का अधिकारी बताता था. बातचीत में रौब दिखाता था. फिर सामान खरीदकर ठगी का खेल शुरू कर देता था.
दरअसल, आरोपी की पहचान अनिल मिश्रा के रूप में हुई है. टीटी नगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक वह न्यू मार्केट के करीब 10 दुकानदारों को इसी तरीके से अपना शिकार बना चुका था.
पहले अधिकारी बनकर जमाता था रौब
अनिल मिश्रा दुकानों पर अकेला पहुंचता था. चेहरे पर मास्क लगा होता था. दुकानदारों से बातचीत के दौरान वह खुद को नगर निगम का अधिकारी बताता था. उसकी बातों और रौबदार अंदाज से दुकानदारों को शक नहीं होता था. इसके बाद वह दुकान से सामान खरीदता था. सामान लेने के बाद भुगतान की बारी आती थी. यहीं से ठगी की असली कहानी शुरू होती थी.
ऑनलाइन पेमेंट का बनाता था बहाना
सामान लेने के बाद आरोपी कहता था कि वह ऑनलाइन पेमेंट कर देगा. कुछ देर बाद वह मोबाइल पर भुगतान करने का नाटक करता था. फिर कहता था कि ऑनलाइन पेमेंट नहीं हो रहा है. कभी तकनीकी समस्या बताता था तो कभी नेटवर्क का बहाना करता था.
इसके बाद वह दुकानदार के सामने एक और प्रस्ताव रखता था. वह कहता था कि दुकान का कोई कर्मचारी उसके साथ घर तक भेज दें. वहां पहुंचकर वह सामान के पैसे दे देगा. दुकानदार उसकी बात पर भरोसा कर लेते थे.
कर्मचारी को रास्ते में छोड़कर हो जाता था फरार
दुकानदार अपने किसी कर्मचारी को आरोपी के साथ भेज देते थे. अनिल मिश्रा कर्मचारी को लेकर दुकान से निकल जाता था. कुछ दूर जाने के बाद वह ऐसे रास्ते की तलाश करता था, जहां ज्यादा लोगों की आवाजाही न हो. सुनसान या अंधेरा इलाका मिलते ही वह कर्मचारी को किसी बहाने से रास्ते में उतार देता था. इसके बाद सामान लेकर फरार हो जाता था. कर्मचारी को जब तक पूरी बात समझ आती, आरोपी काफी दूर निकल चुका होता था. वह वापस दुकान पर पहुंचता था. तब दुकानदारों को पता चलता था कि उनके साथ ठगी हो चुकी है.
करीब 10 दुकानदारों को बनाया शिकार
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने न्यू मार्केट में इसी तरीके से करीब 10 दुकानदारों को चूना लगाया. हर बार उसका तरीका लगभग एक जैसा था. पहले दुकान पर पहुंचना. खुद को नगर निगम का अधिकारी बताना. सामान खरीदना. ऑनलाइन पेमेंट का बहाना बनाना और फिर कर्मचारी को साथ ले जाना. इसके बाद सुनसान जगह देखकर कर्मचारी को छोड़ देना. लगातार हो रही घटनाओं के बाद न्यू मार्केट के दुकानदार भी सतर्क हो गए.
इस बार दुकानदारों ने पहचान लिया
आरोपी को शायद अंदाजा नहीं था कि इस बार उसका सामना ऐसे दुकानदारों से होने वाला है, जो उसकी चाल समझ चुके थे. वह दोबारा न्यू मार्केट में एक दुकान पर पहुंचा. कुछ दुकानदारों की नजर उस पर पड़ी. उन्होंने उसे पहचान लिया. इसके बाद दुकानदारों ने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया. मामले की सूचना पुलिस को दी गई. टीटी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया.
पुराने मामलों का भी पता चला
पुलिस ने आरोपी की पहचान अनिल मिश्रा के रूप में की है. पूछताछ में उसके खिलाफ अन्य थानों में दर्ज मामलों की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि भोपाल में उसने और कितने लोगों को इसी तरीके से ठगी का शिकार बनाया.
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक आरोपी दुकानदारों से सामान खरीदता था. भुगतान के नाम पर दुकान के कर्मचारी को अपने साथ भेजने के लिए कहता था. इसके बाद रास्ते में कर्मचारी को उतारकर फरार हो जाता था. देखें VIDEO:- 
फिलहाल टीटी नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ जारी है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस ठगी के और मामलों का खुलासा हो सकता है. 
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News