बंगाल में उच्च माध्यमिक (12वीं) परीक्षा की सेमेस्टर व्यवस्था समाप्त हो सकती है, राज्य सरकार पुराने परीक्षा पैटर्न को फिर से लागू करने पर विचार कर रही है।
(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
उच्च माध्यमिक परीक्षा से सेमेस्टर व्यवस्था हो सकती है खत्म।
राज्य सरकार पुराने परीक्षा पैटर्न पर लौटने को इच्छुक।
शिक्षा मंत्री ने सेमेस्टर प्रणाली पर जताई असंतुष्टि।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में उच्च माध्यमिक (12वीं) परीक्षा की सेमेस्टर व्यवस्था खत्म हो सकती है। राज्य सरकार एक बार फिर पुराने परीक्षा पैटर्न को लागू करने पर विचार कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, शिक्षा विभाग इस संबंध में लगभग निर्णय की स्थिति में पहुंच गया है। हालांकि, अभी इस पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो अगले शैक्षणिक सत्र से ही पुरानी परीक्षा व्यवस्था लागू की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में उच्च माध्यमिक परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए सेमेस्टर व्यवस्था शुरू की गई थी। पिछले दो वर्षों से इसी प्रणाली के तहत परीक्षाएं हो रही हैं। इसके अंतर्गत 11वीं और 12वीं कक्षा को मिलाकर विद्यार्थियों को कुल चार सेमेस्टर परीक्षाएं देनी पड़ती हैं।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद शिक्षा विभाग इस व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। नए शिक्षा मंत्री और उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद के नए अध्यक्ष के कार्यभार संभालने के बाद इस मुद्दे पर नए सिरे से विचार शुरू हुआ है।
विकास भवन में उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद के अधिकारियों के साथ भी इस संबंध में चर्चा हुई है। पुरानी व्यवस्था लागू होने पर विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा में चार सेमेस्टर के बजाय एक ही अंतिम बोर्ड परीक्षा देनी होगी। इससे पहले उन्हें प्री-टेस्ट और टेस्ट परीक्षा से गुजरना होगा।
शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने सेमेस्टर प्रणाली पर अपनी असंतुष्टि जाहिर की है। उन्होंने कहा कि कई शिक्षकों ने उन्हें बताया है कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। एक बड़े वर्ग की भी यही धारणा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक के तौर पर वह इस विषय को समीक्षा के स्तर पर रख रहे हैं। हालांकि, बदलाव कब से और किस स्वरूप में लागू होगा, इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।