Feedback
सुपरस्टार महेश बाबू के बेटे गौतम घट्टामनेनी इन दिनों अचानक सुर्खियों में आ गए हैं. वजह है उनका लेटरबॉक्स्ड प्रोफाइल, जिसे फिल्मी फैंस ने खोज निकाला है. गौतम फिल्मों के जबरदस्त शौकीन हैं और अलग-अलग भाषाओं और जॉनर की 400 से ज्यादा फिल्में देखी हैं, साथ ही कई का रिव्यू भी किया है. अब उन्होंने टॉक्सिक फिल्म देखी, जिसके बाद से उनका रिव्यू डिस्कशन का हॉट टॉपिक बन गया.
26 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म को गौतम ने लेटरबॉक्स्ड पर 0.5 स्टार दिए हैं. टॉक्सिक को मिक्स्ड रिव्यूज मिले हैं. फिल्म आमतौर पर जनता को पसंद नहीं आई है. बॉक्स ऑफिस पर भी इसका बुरा हाल है. जहां कई साउथ स्टार्स टॉक्सिक की डूबती नैया को बचाने के लिए इसकी तारीफ करते दिख रहे हैं. वहीं गौतम का ये रिव्यू आग में घी डालने जैसा काम कर रहा है. ऐसे में साउथ एक्टर्स की एकता पर भी सवाल उठ रहे हैं.
गौतम की आधे स्टार वाली रेटिंग सामने आते ही फिल्म फैंस के बीच इसकी चर्चा शुरू हो गई. आखिर यश जैसे बड़े स्टार की इतनी चर्चित फिल्म को किसी ने सिर्फ आधा स्टार क्यों दिया? हालांकि, गौतम की प्रोफाइल देखने पर साफ पता चलता है कि वह फिल्मों की रेटिंग देते समय स्टार पावर से ज्यादा अपनी पसंद को तवज्जो देते हैं.
पापा महेश बाबू की फिल्मों को भी नहीं बख्शा!
गौतम ने अपने पिता और एक्टर महेश बाबू की कई फिल्मों को भी रेट किया है. यहां भी उनकी पसंद काफी दिलचस्प नजर आती है. गौतम ने ‘पोखिरी’ और ‘1: Nenokkadine’ को पूरे 5 स्टार दिए. लेकिन महेश बाबू की कुछ दूसरी फिल्मों की रेटिंग काफी कम है.
उन्होंने ‘निजाम’ और ‘वाम्सी’ को सिर्फ 2-2 स्टार दिए, जबकि ‘ब्रह्मोत्सव’ को महज 1 स्टार मिला. पापा की फिल्म होने का फायदा रेटिंग में साफ तौर पर मिलता हुआ नजर नहीं आ रहा. यही वजह है कि फैंस भी नोटिस कर रहे हैं कि गौतम की फिल्म पसंद सिर्फ अपने परिवार या फिल्म से जुड़े स्टार्स और मेकर्स के साथ निजी रिश्ते पर निर्भर नहीं दिखती.
तेलुगु सिनेमा से बाहर भी गौतम की पसंद काफी तगड़ी
गौतम की फिल्मी पसंद सिर्फ तेलुगु फिल्मों तक सीमित नहीं है. उनका लेटरबॉक्स्ड प्रोफाइल बताता है कि वह अलग-अलग भाषाओं और जॉनर की फिल्में देखने में दिलचस्पी रखते हैं. उन्होंने ‘शोले’, ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’, ‘नाइव्स आउट’ और ‘जर्सी’ जैसी फिल्मों को पूरे 5 स्टार दिए हैं.
वहीं ‘बाहुबली 2’ को भी उन्होंने 5 स्टार दिए हैं. इसके अलावा ‘Pelli Choopulu’ और ‘सीता रामम’ को उन्होंने 4.5 स्टार दिए हैं. गौतम की रेटिंग्स को देखकर फैंस के बीच यह चर्चा भी हो रही है कि वह फिल्मों को स्टार या इंडस्ट्री की पहचान से नहीं, बल्कि अपनी पसंद और फिल्म की क्वालिटी के हिसाब से रेट करते हैं.
‘लाइगर’ को भी सिर्फ आधा स्टार, यानी ‘टॉक्सिक’ अकेली नहीं!
अगर किसी को लग रहा था कि गौतम ने सिर्फ ‘टॉक्सिक’ को गुस्से में आधा स्टार दे दिया, तो ऐसा नहीं है. उनकी प्रोफाइल में ‘लाइगर’ की रेटिंग भी सिर्फ 0.5 स्टार है. यश की ‘टॉक्सिक’ को आधा स्टार देना कोई अकेला मामला नहीं है. गौतम इससे पहले भी ऐसी फिल्मों को बेहद कम रेटिंग दे चुके हैं, जो दर्शकों के बीच काफी चर्चा में रही हैं.
गौतम की प्रोफाइल में आदित्य धर की चर्चित फिल्म ‘धुरंधर’ की रेटिंग भी मौजूद है. उन्होंने इस फिल्म को 4 स्टार दिए हैं. वहीं ‘धुरंधर: द रिवेंज’, को उन्होंने 3 स्टार दिए हैं. इस तरह गौतम की रेटिंग्स की लिस्ट में बॉलीवुड, तेलुगु सिनेमा और दूसरी भाषाओं की फिल्मों का अच्छा खासा कलेक्शन देखने को मिलता है.
अब ‘टॉक्सिक’ की आधे स्टार वाली रेटिंग क्यों हो रही वायरल?
यश की ‘टॉक्सिक’ को गौतम की सिर्फ आधे स्टार वाली रेटिंग अब फिल्म से जुड़ी चर्चाओं में एक और मुद्दा बन गई है. फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों और क्रिटिक्स की राय बंटी हुई है. ऐसे में महेश बाबू के बेटे की इतनी कम रेटिंग ने सोशल मीडिया पर फैंस की दिलचस्पी और बढ़ा दी है.
बॉक्स ऑफिस पर कैसी चल रही ‘टॉक्सिक’
‘टॉक्सिक’ का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. फिल्म में यश लीड रोल में हैं, कम रेटिंग और मिली-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर ‘टॉक्सिक’ का सफर अभी भी जारी है. 7वें दिन तक फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 272.80 करोड़ रुपये पहुंच चुका है. वहीं फिल्म ने भारत में 229.95 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन कर लिया है. दुनिया भर की कमाई की बात करें तो फिल्म ने 313 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू