चाईबासा, संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षात्मक बैठक की गई। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं समयबद्ध मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि योजना के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के 2,041 विद्यालयों में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत नियमित रूप से मध्याह्न भोजन संचालित किया जा रहा है तथा योजना के सफल संचालन में 3,748 रसोइया अपनी सेवाएं दे रही हैं। उपायुक्त ने रसोइयों के सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए निर्देश दिया कि जिले के सभी कार्यरत रसोइयों का आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड शत-प्रतिशत बनाया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि 50 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु की सभी पात्र रसोइयों को प्राथमिकता के आधार पर वृद्धावस्था पेंशन योजना से आच्छादित किया जाए, जिससे उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित हो सके।
बैठक में उन चार प्रखंडों की भी विशेष समीक्षा की गई, जहां विद्यालयों में सेंट्रल किचन के माध्यम से मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उपायुक्त ने भोजन की गुणवत्ता, समय पर आपूर्ति, स्वच्छता एवं पोषण मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित चारों प्रखंडों के विद्यालयों में तिथि भोज के अवसर पर भी सेंट्रल किचन के माध्यम से विशेष एवं बेहतर गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि बच्चों को विविध एवं पौष्टिक आहार प्राप्त हो सके।
उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न भंडारण, स्वच्छ रसोईघर, पेयजल, भोजन परोसने की व्यवस्था तथा बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का समय-समय पर निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी, सभी प्रखंड संसाधन सेवी, संकुल संसाधन सेवी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी तथा मध्याह्न भोजन योजना के ऑपरेटर उपस्थित रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play