भास्कर न्यूज| बूंदी
भारत विकास परिषद स्वामी विवेकानंद शाखा और संकल्प योगशाला की ओर से खेल संकुल में चल रहे सात दिवसीय निशुल्क ग्रीष्मकालीन योग शिविर का रविवार को समापन हुआ। बालक-बालिकाओं ने योगाभ्यास कर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि रामेश्वर मीणा रहे। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और मानसिक संतुलन विकसित करने की प्रभावी साधना है। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से योग और खेल गतिविधियों से जुड़े रहने का आह्वान किया। शिविर में प्रशिक्षक भूपेंद्र योगी, विशाल गुर्जर और प्रांशु सिंह गहलोत ने बच्चों को योगासन, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार का प्रशिक्षण दिया।
बच्चों और प्रशिक्षकों को किया सम्मानित सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष सरदारसिंह, सचिव मुकेश दाधीच और कोषाध्यक्ष देवेंद्र राणावत ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों को योग, स्वास्थ्य, संस्कार और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना रहा। शिविर के दौरान बच्चों में अनुशासन, एकाग्रता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला। समारोह में गोपालप्रसाद शर्मा, भंवरलाल झंवर, सत्यनारायण सारस्वत, पुरुषोत्तम नुवाल, रघुनंदन शर्मा, धर्मेंद्र सोनी शामिल रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.