बड़ी खबर: नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, भारतीय नर्सिंग परिषद ने दी हरी झंडी, आईएनसी… – NPG News

रायपुर। 20 नवंबर 2026| छत्तीसगढ़ में नर्सिंग के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया से जुड़े विद्यार्थियों और संस्थानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। भारतीय नर्सिंग परिषद (आईएनसी) ने छत्तीसगढ़ राज्य के लिए जीएनएम, बीएससी (नर्सिंग), एमएससी (नर्सिंग), पीबीबीएससी (नर्सिंग) और पीबी डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग कार्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 करने पर अपनी सहमति दे दी है। इस संबंध में चिकित्सा शिक्षा आयुक्त को पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट कर दी गई है।
मंत्रालय के ईमेल व राज्य के पत्रों के आधार पर फैसला
पत्र में उल्लेख किया गया है कि बीएससी (नर्सिंग), पीबीबीएससी (नर्सिंग), एमएससी (नर्सिंग) और जीएनएम कार्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने को लेकर छत्तीसगढ़ के डीएमई (चिकित्सा शिक्षा निदेशालय) और डीएचएस (स्वास्थ्य सेवा निदेशालय) की ओर से पूर्व में पत्र भेजे गए थे। इसी कड़ी में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से 19 नवंबर 2026 को प्राप्त ईमेल के आधार पर, जिसमें संबंधित डीएचएस पत्र संलग्न थे, भारतीय नर्सिंग परिषद ने छत्तीसगढ़ के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाने पर कोई आपत्ति नहीं जताई है।
इन पांच प्रमुख नर्सिंग पाठ्यक्रमों को मिलेगा लाभ
भारतीय नर्सिंग परिषद के इस निर्णय से राज्य में नर्सिंग शिक्षा के इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। यह विस्तार जीएनएम, बीएससी (नर्सिंग), एमएससी (नर्सिंग), पीबीबीएससी (नर्सिंग) और पीबी डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग जैसे महत्वपूर्ण पाठ्यक्रमों के लिए प्रभावी होगा। प्रवेश से जुड़ी प्रक्रियाओं को अब निर्धारित नई समय-सीमा के भीतर पूरा करना होगा।
देरी के कारणों पर परिषद का स्पष्ट रुख
हालांकि, अंतिम तिथि बढ़ाने के साथ ही भारतीय नर्सिंग परिषद ने अपना रुख भी बेहद स्पष्ट कर दिया है। परिषद ने कहा है कि प्रवेश प्रक्रिया में देरी के लिए जो कारण बताए गए हैं, जिनमें प्रशासनिक अनियमितताएं और ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में देरी शामिल हैं, वे संबंधित राज्य सरकार के अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र में आते हैं और भारतीय नर्सिंग परिषद के नियामक क्षेत्राधिकार के अंतर्गत नहीं हैं।
आगे किसी विस्तार की नहीं मिलेगी अनुमति
परिषद ने सख्त लहजे में यह भी स्पष्ट किया है कि देरी के इन कारणों को प्रवेश की अंतिम तिथि में किसी भी तरह के और विस्तार का आधार नहीं माना जा सकता है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि 30 नवंबर के बाद कोई और समय विस्तार प्रदान नहीं किया जाएगा और इस निर्णय को भविष्य के लिए किसी मिसाल के तौर पर भी नहीं माना जाएगा।

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News