बदरीनाथ धाम में आस्था का नया रिकॉर्ड, 153 दिनों में 17 लाख 79 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन – Bharat24live

Yuvraj Singh
Date: 23-09-26 19:15
Badrinath Yatra 2026: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस साल लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. यमुनोत्री और गंगोत्री के बाद अब बदरीनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या ने नया इतिहास रच दिया है. 23 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा के 153 दिनों में ही 17,79,805 श्रद्धालु बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं. खास बात यह है कि यात्रा के कपाट बंद होने में अभी करीब डेढ़ से पौने दो महीने का समय बाकी है, ऐसे में यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है.
पहले के रिकॉर्ड भी छूटे पीछे
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2000 में बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 6,95,332 थी. 2007 में यह आंकड़ा बढ़कर 7,68,107 हुआ और 2008 व 2010 में दर्शनार्थियों की संख्या 10 लाख के पार पहुंची. हालांकि 2014 की भीषण आपदा के बाद तीर्थयात्रियों की संख्या घटकर महज 1,59,575 रह गई थी. इसके बाद यात्रा व्यवस्था में सुधार के साथ श्रद्धालुओं की संख्या फिर तेजी से बढ़ने लगी.
कोरोना के बाद बदरीनाथ में बढ़ा आस्था का सैलाब
2018 में 10,48,051 और 2019 में 12,44,993 श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंचे थे, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान यात्रा पर बड़ा असर पड़ा. 2020 में सिर्फ 1,55,055 और 2021 में 1,99,409 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए. इसके बाद 2022 में 17,63,578, 2023 में 17,80,429, 2024 में 17,74,264 और 2025 में 17,78,298 श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंचे. अब 2026 में 17.79 लाख का आंकड़ा पार हो चुका है.
मौसम सुधरा तो बढ़ी यात्रियों की रफ्तार
मौसम में सुधार के साथ बदरीनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. मंगलवार को ही 6,685 यात्रियों ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए. यात्रा के अभी कई सप्ताह बाकी होने के कारण इस साल का आंकड़ा पिछले वर्षों की तुलना में और ऊपर जाने की संभावना है. चारधाम यात्रा के प्रति बढ़ती श्रद्धा के साथ बेहतर मौसम और सुविधाओं को भी यात्रियों की बढ़ती संख्या से जोड़कर देखा जा रहा है.
यात्री सुविधाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में बढ़ती भीड़ को देखते हुए धामों और यात्रा पड़ावों पर यात्री सुविधाओं को मजबूत किया गया है. स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को उसके धार्मिक और पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में काम जारी है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
ये भी पढ़ें: Rahu Gochar 2026: इन तीन राशियों की बदलने वाली है किस्मत! राहु बदलेंगे चाल, छप्परफाड़ होगी कमाई
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News