'बमबारी से बर्बाद हुए एयरफील्ड जीत लगते हैं तो जश्न मनाओ', भारत ने UN में खोल दी पाकिस्तान की पोल – Bharat24live

Shreeom Singh
Date: 08-10-26 14:05
न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र महासभा की छठी कमेटी की बैठक में भारत ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर जमकर घेरा. भारत ने कहा कि पाकिस्तान ने जिस आतंकवाद को बढ़ावा दिया, वही अब उसके लिए खतरा बन चुका है. संयुक्त राष्ट्र में भारत के फर्स्ट सेक्रेटरी रघु पुरी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान के जीत के दावों को भी खारिज किया और उन्हें सिर्फ भ्रम बताया.
रघु पुरी ने कहा, “अगर बमबारी से तबाह हुए एयरफील्ड और गड्ढों से भरे रनवे पाकिस्तान को जीत जैसे दिखाई देते हैं, तो वे इसका जश्न मना सकते हैं.” पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई 2025 को पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था. इसके बाद दोनों देशों के बीच कई दिनों तक सैन्य तनाव और कार्रवाई हुई. इस दौरान भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के कम से कम 11 सैन्य एयरबेस को निशाना बनाया था.
पाकिस्तान को किया करारा जवाब
रघु पुरी संयुक्त राष्ट्र महासभा की छठी कमेटी में पाकिस्तान के प्रतिनिधि उस्मान जादून की ओर से भारत पर लगाए गए आरोपों का जवाब दे रहे थे. उन्होंने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस्लामाबाद अब उसी आतंकवाद पर नियंत्रण खो चुका है, जिसे उसने खुद तैयार किया था.
पुरी ने कहा कि पाकिस्तान खुद को आतंकवाद के खिलाफ लड़ने वाला देश और पीड़ित के तौर पर पेश करता है, लेकिन वह यह सच्चाई छिपाता है कि उसने जिस “फ्रेंकस्टीन” को तैयार किया था, अब वही उसके नियंत्रण से बाहर हो चुका है. पड़ोसी देशों में तबाही मचाने के बाद अब वही आतंकवाद पाकिस्तान के अंदर भी नुकसान पहुंचा रहा है.
रघु पुरी ने कहा, “आप एक ही समय में खरगोश के साथ दौड़ भी नहीं सकते और शिकारी कुत्तों के साथ शिकार भी नहीं कर सकते. असलियत ऐसी नहीं होती.”
उन्होंने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के हालिया बयान का भी जिक्र किया. इसके साथ ही उन्होंने उनके पिता और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के 2018 के एक इंटरव्यू की याद दिलाई.
मरियम नवाज ने पिछले महीने लाहौर में कहा था कि 13 करोड़ की आबादी वाले पंजाब को पड़ोसी देशों से कम और पड़ोसी प्रांतों से ज्यादा खतरा है. उनका इशारा खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की ओर था.
मसूद अजहर पर पाकिस्तान को किया बेनकाब
पुरी ने पाकिस्तान पर आतंकवादियों को मिल रहे समर्थन से ध्यान भटकाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को पकड़ने के लिए इनाम की रकम बढ़ाने के पाकिस्तान के फैसले का भी जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि जब मीडिया मसूद अजहर तक पहुंच सकता है और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर उससे जानकारी ले सकता है, तो साफ है कि पाकिस्तानी सरकार को भी उसके ठिकाने की जानकारी होनी चाहिए.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News