नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी ज़म्फ़ारा स्टेट में नाइजीरिया की वायु सेना ने एयर स्ट्राइक की. इसमें कम से कम 16 नागरिक मारे गए.
सौरभ यादव
इमेज स्रोत, Debalin Roy/BBC
प्रयागराज में सोमवार से कुम्भ मेले की शुरुआत हो गई. इसका समापन महाशिवरात्रि के दिन यानी 26 फरवरी को होगा.
उत्तर प्रदेश सरकार का दावा है कि इस बार कुम्भ में 40 करोड़ लोग शामिल होंगे.
कुम्भ मेले के डीआईजी वैभव कृष्णा ने सोमवार सुबह बताया था कि संगम में अब तक करीब 50 लाख लोगों ने डुबकी लगाई है.
13 जनवरी यानी पौष पूर्णिमा पर स्नान से जुड़ी तस्वीरें कुछ इस प्रकार हैं.
इमेज स्रोत, Debalin Roy/BBC
इमेज स्रोत, Debalin Roy/BBC
इमेज स्रोत, Debalin Roy/BBC
इमेज स्रोत, Debalin Roy/BBC
इमेज स्रोत, Nigeria Air Force HQ/Facebook
नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी ज़म्फ़ारा स्टेट में नाइजीरिया की वायु सेना ने एयर स्ट्राइक की. इसमें कम से कम 16 नागरिक मारे गए.
स्थानीय निवासियों ने मीडिया को बताया कि इस एयर स्ट्राइक में मारे गए और घायल हुए लोग खुद को हथियारों से लैस गिरोह से बचा रहे थे. दरअसल, यह गिरोह फ़िरौती के लिए लोगों को बंधक बनाता है. ये लोग इन्हीं से खुद को बचा रहे थे.
इस दौरान वायु सेना की ओर से एक हवाई हमला हुआ, जिसमें अपराधियों के साथ-साथ नागरिक समिति के सदस्यों और नागरिकों की भी मौत हो गई.
जानकारों के मुताबिक, यह हमला ज़म्फ़ारा स्टेट के ज़ुर्मी और मरादून इलाक़े में किया गया था. और इस हमले के निशाने पर आपराधिक समूह के लोग थे.
स्टेट के गवर्नर डौडा लावल ने हमले में मारे गए पीड़ितों के प्रति श्रद्धांजली व्यक्त की है. जबकि, नाइजीरियाई वायु सेना ने कहा है कि निगरानी समिति सदस्यों के मारे जाने के दावों की जाँच होगी.
नाइजीरियाई वायु सेना द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि, “ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया था. इसमें कुछ अपराधियों को मार दिया गया था और कुछ बंधकों को छुड़वा भी लिया गया था. हालांकि, इसमें कुछ निगरानी समिति के सदस्यों के मारे जाने की भी सूचना मिली, जिसे हम गंभीरता से ले रहे हैं.”
इस मामले में एएफ़पी न्यूज़ एजेंसी ने एक स्थानीय व्यक्ति इब्राहिम के हवाले से बताया है कि ये सभी नागरिक अपराधियों से भागते-भागते अपने गांव से बहुत दूर निकल गए थे.
जब वो सभी वहां से लौट रहे थे, तभी बमबारी हो गई. इब्राहिम ने कहा, “हमले की जगह से 16 शव बरामद किए गए हैं. इसके अलावा इस हमले में घायल हुए लोगों को अस्पताल ले जाया गया है.”
– ध्रुवीय इलाक़ों में छिपा है अच्छी नींद लेने का नुस्खा
इमेज स्रोत, ADGPI-INDIAN ARMY SCREEN SHOT
भारत के थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सोमवार को वार्षिक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने भारत-बांग्लादेश संबंधों पर भी बात की.
एडीजीपीआई-इंडियन आर्मी के यूट्यूब चैनल पर इसका एक वीडियो भी अपलोड किया गया. इसमें सेना प्रमुख ने कई मुद्दों पर बातचीत की.
उन्होंने कहा, “बांग्लादेश की ओर से हाल ही में कहा गया था कि रणनीतिक तौर पर भारत हमारे लिए महत्वपूर्ण है. उसी तरह बांग्लादेश भी हमारे लिए रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण है.”
उन्होंने कहा, “हम पड़ोसी हैं. हमें साथ रहना है. एक-दूसरे को समझने की ज़रूरत है. जहां तक मौजूदा हालात की बात है, तो दोनों ही तरफ से नुक़सान पहुंचाने वाली स्थिति नहीं है.”
सेना प्रमुख ने बताया, “मैं बांग्लादेश प्रमुख के साथ संपर्क में हूं. यह बदलाव जब हो रहे थे, मैं तब से उनके साथ संपर्क में हूं. इसके बाद नवंबर 2024 में हमारे बीच वीडियो कॉन्फ्रेंस भी हुई थी.”
उन्होंने कहा, “जब हम रिश्तों की बात करते हैं, तो वो तब होना चाहिए, जब वहां चुनी गई सरकार हो. इसलिए फिलहाल के लिए सेना के साथ रिश्ते अच्छे हैं.”
– 40 साल पहले भारत आई बांग्लादेशी सुमित्रा अब कैसे बन गईं भारतीय?
इमेज स्रोत, Getty Images
कैलिफ़ोर्निया के जंगलों में आग लगी है. अब इसे बुझाने के काम में लगभग एक हज़ार कैदियों को भी शामिल किया गया है.
11 जनवरी को 939 कैदी इस अभियान में शामिल किए गए. इनमें पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं.
ये सभी कैलिफ़ोर्निया डिपार्टमेंट ऑफ़ करेक्शन्स एंड रिहैबिलिटेशन द्वारा चलाए जा रहे वालंटियर प्रोग्राम का हिस्सा बन गए हैं.
हालांकि, इस कार्यक्रम को लेकर लोगों के अलग-अलग विचार है. कुछ इसे शोषण बता रहे हैं तो कुछ इसे पुनर्वास.
वैसे कैदियों को दैनिक भत्ते के तौर पर 5.80 डॉलर से लेकर 10.24 डॉलर प्रति दिन दिए जाते हैं. यदि कैदियों को किसी आपातकालीन गतिविधि में लगाया जाता है, तो उनको एक डॉलर अतिरिक्त दिया जाता है.
रॉयल रामे एक पूर्व फ़ायर फ़ाइटर और एक ग़ैर-लाभकारी फ़ॉरेस्ट्री एंड फ़ायर रिक्रूटमेंट प्रोग्राम के सह-संस्थापक हैं. उन्होंने बीबीसी को बताया, “आपको अन्य लोगों (फ़ायर फ़ाइटर) की तुलना में चंद पैसे मिल रहे हैं. आप केवल सस्ते मज़दूर हैं.”
उन्होंने कहा, “इस बात को लेकर एक स्टिग्मा भी है. जब लोग फ़ायर फ़ाइटर्स के बारे में सोचते हैं तो वो किसी हीरो, किसी साफ़-सुथरे चरित्र वाले व्यक्ति की कल्पना करते हैं, न किसी ऐसे व्यक्ति की, जो जेल में बंद है.”
– लॉस एंजेलिस: आग पर अब तक नहीं पाया जा सका काबू, जानिए किन सेलिब्रिटीज़ के घर तबाह हुए
इमेज स्रोत, ANI
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ़ की. यह मौका था सोमवार को जम्मू कश्मीर में जेड मोड़ सुरंग के उद्घाटन का.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने पीएम मोदी से कहा, “आप अपनी बात पर कायम रहे और चार महीने के अंदर आपने जम्मू कश्मीर में इंतज़ाम करवाए. जम्मू कश्मीर में आपने लोगों को वोट देने का, अपनी हुकूमत चुनने का अधिकार दिया.”
“और आज इस बात का नतीजा है कि वज़ीर-ए-आला (मुख्यमंत्री) की हैसियत से मैं इस प्रोग्राम में शिरकत कर रहा हूं. आपने जो चुनाव कराए, उसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.और सबसे बड़ी बात यह कि कहीं पर भी धांधली की कोई शिकायत नहीं, कहीं पर भी हुकूमत के ग़लत इस्तेमाल की कोई शिकायत नहीं, एक भी पोलिंग बूथ में रिपोल की ज़रूरत नहीं पड़ी.”
अब्दुल्लाह ने कहा, “लोग अक्सर मुझसे एक सवाल करते हैं कि जम्मू कश्मीर को रियासत का दर्जा कब मिलेगा. और मैं लोगों को यही कहता हूं कि वज़ीर-ए-आज़म साहब ने चार महीने में चुनाव का अपना वादा पूरा किया है. मेरा दिल यह कहता है कि बहुत जल्द ही, वज़ीर-ए-आज़म साहब अपना तीसरा वादा, जो योग दिवस पर आपने जम्मू कश्मीर के लोगों के साथ किया, वो आप पूरा करेंगे.”
उन्होंने कहा, “लेकिन, आज ख़ुशी के मौके पर वज़ीर-ए-आज़म साहब मैं दिल की गहराइयों से आपका शुक्रिया करना चाहता हूं कि आप इस ठंड में हमारे बीच आए.”
जम्मू कश्मीर के सोनमर्ग में यह सुरंग सामरिक रूप से भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक जेड मोड़ सुरंग का निर्माण 2,400 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इंडिया गठबंधन के नेताओं की ओर से दिए जा रहे बयानों के बाद इंडिया गठबंधन के भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं.
अब शिव सेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने इंडिया गठबंधन पर पार्टी का पक्ष रखा है.
संजय राउत ने मीडिया से कहा, “यह सिर्फ शिव सेना (यूबीटी) के या उद्धव ठाकरे जी की बात नहीं है. हमारे जो साथी हैं, ये उनके मन की भावना है कि इंडिया गठबंधन को और मजबूत होना चाहिए.”
उन्होंने कहा, “देश के सामने जो संकट है, समस्या है. सबसे बड़ी समस्या मोदी और शाह हैं, उनकी तानाशाही है. संविधान के ऊपर जो हमले हो रहे हैं, ये सबसे बड़ी समस्या है.”
संजय राउत ने कहा, “उनके खिलाफ़ अगर हमें लड़ना है, तो इंडिया गठबंधन के और मजबूत होने की आवश्यकता है. जैसा कि उमर अब्दुल्लाह साहब ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन बना था. मैं ऐसा नहीं मानता हूं.”
संजय राउत ने कहा, “आने वाले दिनों में अगर इंडिया गठबंधन बचाना चाहते हैं और ताकतवर बनाना चाहते हैं, तो सबसे पहले एक-दूसरे के बीच बातचीत होनी चाहिए.”
– दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार मुक़ाबला कांटे की टक्कर का क्यों है?
नमस्कार!
दोपहर दो बज रहे हैं. अभी तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
फिलहाल, बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर आप पढ़ सकते हैं.
– प्रयागराज में कुम्भ शुरू, लाखों की संख्या में पहुंच रहे हैं श्रद्धालु- ग्राउंड रिपोर्ट पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
– बांग्लादेश ने फिर किया भारतीय उच्चायुक्त को तलब, क्या है वजह? मामले की पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
– झारखंड: प्रिंसिपल पर छात्राओं की शर्ट उतरवाने का आरोप, जानिए क्या है पूरा मामला. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
– केरल में दलित छात्रा के साथ गैंगरेप मामले में 64 नामज़द, 27 गिरफ़्तार. मामले की पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
इमेज स्रोत, ANI
अपने वार्षिक संवाददाता सम्मेलन में भारतीय सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि भारत-चीन सरहद पर हालात 'संवेदनशील लेकिन स्थिर' हैं.
उन्होंने कहा, "वहां पर हमारी तैनाती मज़बूत है और हम किसी भी हालात से निपटने के योग्य हैं."
पाकिस्तान के बारे में जनरल द्विवेदी ने कहा, "नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान के साथ युद्धविराम जारी है लेकिन उधर से घुसपैठ जारी है. पाकिस्तान में आतंकवाद का बुनियादी ढांचा अब भी मौजूद है जो सीमा की इस ओर आंतकवाद का समर्थन करता है."
उन्होंने कहा, “पिछले साल जम्मू-कश्मीर में मारे गए आतंकवादियों में से 60 प्रतिशत पाकिस्तान से थे."
अपनी सालाना प्रेसवार्ता में आर्मी चीफ़ ने बताया है कि मणिपुर में सुरक्षा बलों के प्रयासों और सक्रिय सरकारी पहल से स्थिति को नियंत्रण में लाया जा रहा है.
जनरल द्विवेदी ने कहा है कि नॉर्थ ईस्ट और मणिपुर के हालात धीरे धीरे सुधर रहे हैं.
उन्होंने कहा है, "हिंसा की कुछ घटनाएं अभी भी हो रही हैं. शांति और सद्भाव स्थापित करने के ठोस प्रयास जारी हैं."
जनरल उपेंद्र द्विवेदी म्यांमार और भारत की सीमा के बारे में कहा है, "म्यामांर में फैली अशांति को देखते हुए सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है."
इमेज स्रोत, ANI
जम्मू कश्मीर के सोनमर्ग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेड मोड़ टनल का उद्धाटन किया है. यह टनल सामरिक रूप से भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी. प्रधानमंत्री मोदी ने सोनमर्ग से पहले शुटकड़ी नामक स्थान पर इस टनल का उद्धाटन किया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक जेड मोड़ टनल का निर्माण 2,400 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है.
श्रीनगर को लेह से जोड़ने वाले इस टनल की लंबाई साढ़े छह किलोमीटर है. ये नेशनल हाईवे का हिस्सा है. जेड मोड़ टनल के उद्घाटन से सोनमर्ग पर्यटन के लिए पूरे साल खुला रहेगा.
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रयागराज में आज से कुम्भ मेले की शुरुआत हो चुकी है. कुम्भ का समापन महाशिवरात्रि के दिन, 26 फरवरी को होगा.
कुम्भ मेले के डीआईजी वैभव कृष्णा ने बताया है कि आस्था के इस संगम में अब तक करीब 50 लाख लोगों ने डुबकी लगाई है.
उत्तर प्रदेश सरकार का दावा है कि इस बार कुम्भ में 40 करोड़ लोग शामिल होंगे.
13 जनवरी यानी पौष पूर्णिमा पर स्नान से जुड़ी तस्वीरें देखिए –
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज स्रोत, Prayagraj District Administration
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका के लॉस एंजेलिस में आग लगने के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है. कैलिफ़ोर्निया के मौसम वैज्ञानिकों ने आगे भी तेज़ हवाओं को लेकर चेतावनी दी है.
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इलाक़े में तेज हवाओं के कारण इस हफ़्ते आग और भड़क सकती है.
अग्निशमन दल अभी भी तीन जगहों पर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है.
लॉस एंजेलिस काउंटी के स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया है कि मरने वालों कि संख्या बढ़कर 24 हो गई है. जबकि अधिकारियों ने पहले 16 लोगों के लापता होने की बात की थी.
इस आग की वजह से ईटन इलाके में 16 लोगों की मौत हुई है, वहीं पैलिसेड्स इलाके में छह लोगों की मौत हुई है. लॉस एंजेलिस के आप पास के तीन इलाकों में अभी आग लगी हुई है.
आग के कारण सबसे ज्यादा तबाही पैलिसेड्स में हुई है जहां 23 हजार एकड़ से अधिक का इलाका जल गया है.
रविवार को मौसम पर नज़र रखने वाली निजी कंपनी ने आग से होने वाले आर्थिक नुक़सान के अपने शुरुआती अनुमान को बढ़ाकर 250 से 270 अरब अमेरिकी डॉलर के बीच कर दिया है.
ये भी पढ़ें-
लॉस एंजेलिस: आग पर अब तक नहीं पाया जा सका काबू, जानिए किन सेलिब्रिटीज़ के घर तबाह हुए
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने ग़ज़ा युद्धविराम और बंधकों की रिहाई पर चल रही बातचीत के बारे में इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से बात की है.
यह बातचीत डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने से पहले किसी समझौते तक पहुंचने के आखिरी प्रयासों का हिस्सा है.
व्हाइट हाउस के मुताबिक फोन पर बातचीत के दौरान राष्ट्रपति बाइडन ने हमास की ओर से बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई और तत्काल युद्धविराम पर जोर दिया है.
राष्ट्रपति बाइडन ने ग़ज़ा में मानवीय सहायता बढ़ाने की ज़रूरतों पर भी बात की है.
यह बातचीत नेतन्याहू के उस बयान के बाद हुई है, जिसमें नेतन्याहू ने कहा था कि वह बातचीत के लिए एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल को क़तर भेज रहे हैं.
शनिवार को डोनाल्ड ट्रंप के मध्य पूर्व के दूत ने ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले एक समझौते पर पहुंचने के मक़सद से प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से मुलाकात की थी.
डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि उनके राष्ट्रपति कार्यालय पहुंचने से पहले अगर बंधकों को रिहा नहीं किया गया तो ‘तबाही मच जाएगी’.
इमेज स्रोत, Ani/screengrab
प्रयागराज में आज से शुरू हुए कुंभ मेले में देश के साथ-साथ विदेशों से आए श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में गंगा में डुबकी लगा रहे हैं.
गंगा में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं का कहना है कि वह सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं.
साउथ अफ्रीका के केप टाउन से आए एक श्रद्धालु ने कहा है, "यह बहुत ही खूबसूरत है, इसका आयोजन बहुत ही अच्छे तरह से किया जा रहा है. साफ सफाई का पूरा ध्यान रखा गया है. यहां पर लोग काफी दोस्ताना है."
इमेज स्रोत, Ani/screengrab
साउथ अफ्रीका से आई एक श्रद्धालु निक्की का कहना है, "यह अनुभव बहुत ही शक्तिशाली है और गंगा में नहा कर सौभाग्यशाली महसूस कर रही हैं."
इमेज स्रोत, Ani/screengrab
स्पने से आए एक श्रद्धालु होज़े का कहना है कि हमारे लिए यह एक आध्यात्मिक यात्रा है. मैंने गंगा में तीन बार डुबकी लगाई.
ब्राज़ील से आए श्रद्धालु फ्रांसिस्कों का कहना है, "मैं यहां पर कुंभ मेला के लिए आया हूं. मैं योग साधना करता हूं. मैं मोक्ष की तलाश में हूं. यह मेरी पहली भारत यात्रा है, मैं पहले वाराणसी गया फिर यहां पर आया हूं. पानी थोड़ा ठंडा है पर मेरे दिल में गर्माहट है.
इमेज स्रोत, Getty Images
नोबेल प्राइज विजेता मलाला यूसुफ़ज़ई ने मुस्लिम नेताओं से अफगानिस्तान में महिलाओं के लिए तालिबान की ओर से बनाई जा रही नीतियों को चुनौती देने का आग्रह किया है.
मलाला ने कहा है, “सीधे शब्दों में कहें तो अफगानिस्तान में तालिबान महिलाओं को इंसानों की तरह नहीं देखता है.”
उन्होंने यह बातें पाकिस्तान की ओर से इस्लामिक देशों में लड़कियों की शिक्षा के लिए आयोजित किए गए एक सम्मेलन में कही हैं.
मुस्लिम नेताओं से मलाला ने कहा है कि तालिबान की नीतियों में ‘कुछ भी इस्लामिक नहीं’ है.
तालिबान अपनी नीतियों के माध्यम से महिलाओं को पढ़ाई करने और काम करने से रोक रहा है.
लड़कियों की शिक्षा पर खुल कर बोलने के कारण तालिबान ने मलाला पर हमला किया था. तब वह 15 साल की थीं. मलाला के सिर में गोली लगी थी. उन्हें इलाज के लिए इंग्लैंड ले जाया गया था.
मलाला को 4 साल की बच्ची क्यों मानती हैं उनकी मां?
नमस्कार!
बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाउंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.
इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
लॉस एंजेलिस: आग पर अब तक नहीं पाया जा सका काबू, जानिए किन सेलिब्रिटीज़ के घर तबाह हुए. इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
वर्किंग आवर पर क्यों छिड़ी बहस, हफ़्ते में 90 घंटे काम करने से शरीर पर क्या होता है असर. मामले की पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
9/11 हमले के मास्टरमाइंड को अपराध स्वीकार करने से अमेरिका क्यों रोक रहा? इस खबर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
आयरा जाधव की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाज़ी, 42 चौकों, 16 छक्कों की मदद से लगाया 346 रनों का अंबार. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2025 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.