बांग्लादेश से 'अवैध इमिग्रेशन' के बारे में भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा? – BBC

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि ''अवैध इमिग्रेशन का मुद्दा'' भारत और बांग्लादेश के बीच बातचीत का एक विषय है.
रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े
इमेज स्रोत, ANI
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा है कि ''अवैध इमिग्रेशन का मुद्दा'' भारत और बांग्लादेश के बीच बातचीत का एक विषय है.
उन्होंने कहा, ''पिछले कई सालों में हमने बांग्लादेश से 2,860 से ज़्यादा लोगों की नागरिकता की पुष्टि करने का अनुरोध किया है.''
''हमारा मानना है कि ये लोग बांग्लादेशी नागरिक हैं और फ़िलहाल (अवैध रूप से) भारत में रह रहे हैं. इस मामले पर हमें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है."
रणधीर जायसवाल ने बांग्लादेश के विदेश मंत्री की चीन यात्रा को लेकर एक सवाल पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "हम दुनिया भर में होने वाले सभी घटनाक्रमों पर बारीकी से नज़र रखते हैं, और जिस यात्रा का आपने ज़िक्र किया है, उस पर भी हमारी नज़र रहेगी. मैं यह बताना चाहूँगा कि भारत के अपने पड़ोसी देशों के साथ स्वतंत्र संबंध हैं. ये संबंध हमारे आपसी हितों पर आधारित हैं."
इमेज स्रोत, ANI
एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के महानिदेशक ने बताया है कि नीट का पेपर लीक होने की जानकारी कैसे मिली.
एनटीए के डीजी ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, ''हमारी नीट की परीक्षा 3 मई को पूरे सुचारू तरीके से संपन्न हुई थी. 7 मई की रात को व्हिसलब्लोअर से हमें एक सूचना मिली थी कि उन्हें परीक्षा होने से पहले एक व्हाट्सऐप मिला था, जिसमें कुछ प्रश्न ऐसे थे जो परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मिल रहे थे.''
डीजी अभिषेक सिंह ने बताया कि 3 तारीख़ को जो परीक्षा हुई, इसके लिए 5432 केंद्र भारत में और 14 केंद्र भारत के बाहर बनाए गए थे.
उन्होंने बताया, ''हमने परीक्षा के पहले मिली हर सूचना की जांच कराई थी, उन पर कार्रवाई कराई थी. बहुत सारे लोग फ़ेक पेपर बेचने की कोशिश कर रहे थे. 120 टेलीग्राम चैनल बंद कराए गए थे.''
''7 मई की रात को मैसेज मिलने के बाद हमने दो बातों की जांच कराई. पहला यह कि पीडीएफ़ में जो प्रश्न थे क्या वह परीक्षा में पूछे गए थे और दूसरा कि क्या वह पीडीएफ़ 3 मई की परीक्षा से पहले किसी के पास उपलब्ध थे.''
''जब हमने इसकी जांच लॉ इन्फ़ोर्समेंट एजेंसी से कराई तो पाया कि परीक्षा में पूछे गए कुछ प्रश्न उस पीडीएफ़ में भी थे और पुलिस ने अपनी जांच में पाया कि 2 मई को वह पीडीएफ़ कुछ लोगों के फ़ोन में मौजूद था.''
उन्होंने कहा, ''जो बच्चे ईमानदारी से पढ़ाई करते हैं, उनके साथ कोई अन्याय न हो इसलिए हमने दोबारा परीक्षा कराने का फ़ैसला लिया. हमने इस मामले को सीबीआई को सौंपा है.''
इमेज स्रोत, Getty Images
ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक, विनेश फोगाट के समर्थन में आई हैं. साक्षी मलिक ने एक वीडियो बयान में विनेश फोगाट के प्रति समर्थन जताया है.
उन्होंने कहा, ''पिछले कुछ दिनों से विनेश को लेकर जो भी मुद्दा चल रहा है, उस पर मीडिया मेरे विचार जानना चाहता है.''
''मैं ऐसे बहुत से उदाहरण दे सकती हूं जहां दूसरे देशों की स्पोर्ट्स फ़ेडरेशन अपने खिलाड़ियों के लिए नियम आसान करती है, ताकि वहां महिलाएं मां बनने के बाद भी देश के लिए खेल सकें और पदक जीत सकें. वहीं हमारी फ़ेडरेशन दो दिन पहले ऐसे नियम लागू कर देती है कि विनेश वापसी न कर पाएं.''
साक्षी मलिक ने प्रधानमंत्री, खेल मंत्री और कुश्ती महासंघ से आग्रह किया है कि विनेश की ट्रायल ली जाए, ताकि वे देश के लिए पदक जीत सकें.
साक्षी मलिक ने कहा है कि ऐसी नज़ीर पेश होनी चाहिए कि देश की महिलाएं मां बनने के बाद भी खेल सकती हैं और पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर सकती हैं.
विनेश फोगाट को लेकर ताज़ा विवाद तब शुरू हुआ जब भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफ़आई) ने उन्हें 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया.
डब्ल्यूएफ़आई ने एंटी डोपिंग नियमों के तहत संन्यास से वापसी करने वाले खिलाड़ियों के लिए तय छह महीने की अनिवार्य नोटिस अवधि का हवाला देते हुए यह आदेश दिया.
पहलवान विनेश फोगाट सोमवार को उत्तर प्रदेश के गोंडा पहुंची थीं और डब्ल्यूएफ़आई के अधिकारियों से वहां होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति मांगी.
इसके बाद विनेश ने एक्स पर लिखा, "मैं आज गोंडा प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंची, लेकिन मुझे न तो वेरिफ़िकेशन पूरा करने दिया गया और न ही यहां ट्रेनिंग हॉल इस्तेमाल करने की इजाज़त मिली. मैं कोई विशेष सुविधा नहीं चाहती, मैं सिर्फ़ मेरिट के आधार पर मुकाबला करना चाहती हूं."
"मुझे आईटीए की तरफ़ से एक जनवरी 2026 से प्रतिस्पर्धा करने की लिखित अनुमति दी गई है. मुझे नंदिनी नगर, गोंडा में होने वाले 2026 सीनियर ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए रजिस्ट्रेशन की अनुमति भी मिली थी."
इमेज स्रोत, @HardeepSPuri
पेट्रोलियम और नैचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दावा किया है कि भारत में तेल और गैस का कोई संकट नहीं है.
सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में हरदीप पुरी ने लिखा, ''जो लोग 1.4 अरब भारतीयों और देश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक मुश्किल हालात को लेकर जश्न मना रहे हैं, उन्हें अपने अंदर झांकना चाहिए.''
उन्होंने लिखा, ''प्रधानमंत्री ने नागरिकों को केवल यही सलाह दी है कि वे ऊर्जा की खपत को संयमित रखें, ताकि अर्थव्यवस्था पर कोई वित्तीय बोझ न पड़े.''
''जहाँ एक ओर वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं, वहीं भारत ने पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों को स्थिर रखा है. साथ ही, एक लाख से अधिक पेट्रोल पंपों पर ईंधन की निरंतर उपलब्धता और 33.5 करोड़ परिवारों तक एलपीजी की लगातार आपूर्ति सुनिश्चित की है.''
उन्होंने कहा है कि फिलहाल भारत की ओएमसी (ऑयल मार्केटिंग कंपनियाँ) हर रोज़ एक हज़ार करोड़ रुपये का नुक़सान उठा रही हैं.
"हमने इस चुनौती को एक अवसर में बदलने के लिए कड़े कदम उठाए हैं. भारत ने कच्चे तेल की ख़रीद के स्रोतों का विस्तार किया है. ये सभी एक मज़बूत अर्थव्यवस्था के संकेत हैं, न कि किसी मुश्किल में फँसी अर्थव्यवस्था के."
इससे पहले बीते दो दिनों में पीएम मोदी कम से कम दो मौक़ों पर लोगों से डीज़ल और पेट्रोल की खपत कम करने की अपील कर चुके हैं. उन्होंने इसके अलावा भी सोने की ख़रीद बंद करने और वर्क फ्रॉम होम जैसी कई अपील की है.
पीएम के इस बयान के बाद से विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हैं और देश की अर्थव्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं.
इमेज स्रोत, @ikamalhaasan
अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने नीट परीक्षा के पेपर लीक होने पर सवाल खड़े किए हैं.
राज्यसभा सांसद कमल हासन ने एक्स पर लिखा, ''नीट की प्रवेश परीक्षा के लिए दिन-रात पढ़ाई करने वाले 22 लाख छात्रों की कड़ी मेहनत और उनके सपने आपराधिक साजिशों के कारण चकनाचूर हो गए हैं. इस मानसिक पीड़ा की ज़िम्मेदारी कौन लेगा?''
''आज तक, मुझे एक भी ऐसी नीट की परीक्षा याद नहीं आती, जो धांधली के आरोपों के बिना आयोजित हुई हो, इसलिए हम शिक्षा को वापस 'राज्य सूची' में लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. भारतीय छात्रों को इस अन्यायपूर्ण नीट परीक्षा और इसके पीछे सक्रिय माफ़िया से सुरक्षित रखा जाना चाहिए.''
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित हुई नीट 2026 की परीक्षा को पेपर लीक की ख़बरों के बीच रद्द कर दिया है. एनटीए ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंज़ूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है.
एनटीए ने कहा है कि इस परीक्षा को दोबारा आयोजित करवाया जाएगा.
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत सरकार ने इस मामले को पूरी जांच के लिए सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) को सौंपने का फ़ैसला किया है. एनटीए इस जांच में पूरा सहयोग करेगी और सभी ज़रूरी दस्तावेज़ और जानकारी उपलब्ध कराएगी."
इमेज स्रोत, ANI
नीट की परीक्षा रद्द होने पर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
केजरीवाल ने कहा, ''मैं जानता हूं कि किस तरह की कठोर तपस्या (पढ़ाई के लिए) करनी पड़ती है…मां बाप कोचिंग के लिए ज़ेवर गिरवी रख देते हैं, ज़मीन बेच देते हैं. नीट के पेपर चार बार लीक हो चुके हैं. पेपर ऐसे तो लीक होते नहीं हैं. इसका मतलब बहुत बड़े स्तर पर कुछ न कुछ मिलीभगत है, राजनीतिक संरक्षण है.''
''जिन्होंने साल 2017 का पेपर लीक किया था, वो आज कहाँ हैं? क्या उनको सज़ा मिली? जिन्होंने 2021 का पेपर लीक किया था, उनको सज़ा मिली? जिन्होंने 2024 का पेपर लीक किया था, सबको बेल मिल गई, सब बाहर हैं.''
केजरीवाल ने आरोप लगाया, ''सबको कहा गया कि अब अगले पेपर लीक करने की तैयारी करो और वो कर रहे हैं. मैं पूरी ज़िम्मेदारी से कह रहा हूं कि सरकार चलाना बहुत मुश्किल काम है. जिन लोगों से बिना लीक हुए, एक पेपर ठीक से नहीं होते हैं वे सरकार क्या चलाएंगे.''
''मिले हुए हैं ये लोग. यह पूरी तरह से राजनीतिक मिलीभगत का मामला है. लाखों करोड़ों बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. मैं उन सब बच्चों को कहना चाहता हूं कि सड़कों पर उतरना पड़ेगा.''
इससे पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित हुई नीट 2026 की परीक्षा को पेपर लीक की चर्चाओं के बीच रद्द कर दिया है. एनटीए ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंज़ूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है.
एनटीए ने कहा है कि इस परीक्षा को दोबारा आयोजित करवाया जाएगा. नई परीक्षा की तारीख़ें और एडमिट कार्ड का शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक चैनलों पर जारी किया जाएगा.
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत सरकार ने इस मामले को पूरी जांच के लिए सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) को सौंपने का फ़ैसला किया है. एनटीए इस जांच में पूरा सहयोग करेगी और सभी ज़रूरी दस्तावेज़ और जानकारी उपलब्ध कराएगी."
इमेज स्रोत, ANI
उत्तर प्रदेश के महोबा ज़िले में समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के ख़िलाफ़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मुक़दमा दर्ज किया गया है.
बीजेपी के मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप की ओर से दी गई शिकायत पर महोबा शहर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बीबीसी हिंदी को बताया, "आपत्तिजनक बयान मामले में एफ़आईआर दर्ज की गई है. अभी जांच चल रही है."
एफ़आईआर में भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत 132, 189(2), 352 और 196(1) जैसी धाराएं लगाई गई हैं. ये धाराएं सरकारी काम में बाधा, सार्वजनिक शांति भंग करने, उकसावे या धमकी और विभिन्न समुदायों के बीच शत्रुता फैलाने जैसे आरोपों से संबंधित हैं.
दरअसल, अजेंद्र सिंह लोधी सोमवार को स्मार्ट मीटर से संबंधित ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को लेकर कथित तौर पर विवादित टिप्पणी की थी.
सत्येंद्र प्रताप ने बीबीसी हिंदी को बताया, "कल समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में बिजली विभाग से संबंधित ज्ञापन लेकर पहुंचे थे. वहां उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बहुत ही अमर्यादित और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया. हमारी पार्टी ने निर्णय लिया, इसलिए हमने शिकायत दर्ज कराई."
वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव पेज के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
पाकिस्तान ने ईरानी सैन्य विमानों को पनाह देने वाली रिपोर्ट पर दी ये प्रतिक्रिया
तमिलनाडु: विजय लंबे-चौड़े वादे कर क्या ख़ुद को मुश्किल में डाल चुके हैं?
पश्चिम बंगाल: मुख्य निर्वाचन अधिकारी रहे मनोज अग्रवाल को मुख्य सचिव बनाने पर उठ रहे हैं सवाल
पेट्रोल बचाने, सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद प्रधानमंत्री मोदी पर उठ रहे हैं ये सवाल
हिमंत बिस्वा सरमा क्या अब योगी आदित्यनाथ और फडणवीस की बराबरी पर आ गए हैं?
इमेज स्रोत, Reuters
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय ने आदेश दिया है कि अगले दो हफ़्तों में शराब की 717 दुकानें बंद की जाएंगी. ये दुकानें मंदिरों, स्कूलों और बस स्टैंड से 500 मीटर के दायरे के अंदर चल रही हैं.
तमिलनाडु सरकार ने बताया, “तमिलनाडु स्टेट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री अभी 4,765 शराब की दुकानें चला रहा है. मुख्यमंत्री विजय ने आदेश दिया है कि मंदिरों, स्कूलों और बस स्टैंड से 500 मीटर के दायरे के भीतर आने वाली दुकानों की जांच और पहचान की गई. जांच में पता चला कि ऐसी 717 दुकानें हैं.”
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि मुख्यमंत्री विजय ने आदेश दिया है कि इन शराब की दुकानों को अगले दो हफ़्तों में बंद किया जाए.
इनमें 276 दुकानें मंदिरों के पास, 186 दुकानें स्कूलों के पास और 255 दुकानें बस स्टैंड के पास हैं.
संबंधित कहानी: तमिलनाडु: विजय लंबे-चौड़े वादे कर क्या ख़ुद को मुश्किल में डाल चुके हैं?
इमेज स्रोत, INSTAGRAM/Reuters
स्पेन के मशहूर फ़ुटबॉल खिलाड़ी लामिन यमाल ने रविवार शाम अपनी टीम बार्सिलोना के ला लीगा चैंपियनशिप जीतने के बाद हुए जश्न में फ़लस्तीनी झंडा फहराया.
बार्सिलोना ने रियल मैड्रिड को हराकर यह चैंपियनशिप जीती है. ला लीगा स्पेनिश फ़ुटबॉल लीग है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक, जब टीम सोमवार को सड़क पर जश्न मना रही थी, तब यमाल ने फ़लस्तीनी झंडा फहराया. इस वजह से वे और भी चर्चा में आ गए हैं.
बार्सिलोना ने रियल मैड्रिड को 2-0 से हराया. इस जीत से उन्होंने सीज़न ख़त्म होने से तीन हफ़्ते पहले ही चैंपियनशिप पक्की कर ली.
यह उनका 29वां स्पेनिश लीग ख़िताब है.
गौरतलब है कि स्पेन यूरोपीय संघ के उन देशों में शामिल है, जो स्वतंत्र फ़लस्तीनी राज्य को मान्यता देते हैं.
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Image
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 3 मई को आयोजित हुई नीट 2026 की परीक्षा को पेपर लीक की चर्चाओं के बीच रद्द कर दिया है. एनटीए ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंज़ूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है.
एनटीए ने कहा है कि इस परीक्षा को दोबारा आयोजित करवाया जाएगा. नई परीक्षा की तारीख़ें और एडमिट कार्ड का शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक चैनलों पर जारी किया जाएगा.
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत सरकार ने इस मामले को पूरी जांच के लिए सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) को सौंपने का फ़ैसला किया है. एनटीए इस जांच में पूरा सहयोग करेगी और सभी ज़रूरी दस्तावेज़ और जानकारी उपलब्ध कराएगी."
एनटीए ने बताया, "दोबारा परीक्षा देने के लिए नए सिरे से रजिस्ट्रेशन की ज़रूरत नहीं होगी और कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा. पहले से जमा की गई फीस छात्रों को वापस कर दी जाएगी और परीक्षा एनटीए के अपने संसाधनों से कराई जाएगी."
राहुल गांधी ने परीक्षा पर उठाए थे सवाल
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को नीट परीक्षा पर सवाल खड़े किए थे.
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा था, ''मैंने नीट 2026 पेपर लीक की ख़बर सुनी. यह अब कोई परीक्षा नहीं रही. नीट अब एक नीलामी बन गई है. परीक्षा से 42 घंटे पहले ही व्हाट्सऐप पर कई सवाल बेचे जा रहे थे.''
''22 लाख से ज़्यादा बच्चों ने पूरे साल, रातों की नींद हराम करके, दिन-रात एक करके पढ़ाई की और एक ही रात में, उनका भविष्य सरेआम बाज़ार में नीलाम कर दिया गया. यह पहली बार नहीं हुआ है. 10 सालों में, 89 पेपर लीक, 48 बार दोबारा परीक्षा. हर बार वही वादे, और फिर वही चुप्पी.''
राहुल गांधी ने लिखा, ''मोदी जी, जब आप हर नाकामी को जनता पर डाल देते हैं, तो उसमें गरीबों के बच्चों का भविष्य भी शामिल हो जाता है. 22 लाख बच्चों का भरोसा टूट गया है और भारत के युवाओं के सपनों के लिए मोदी सरकार से बड़ा ख़तरा कोई नहीं है.''
इस मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं ने भी सवाल खड़े किए थे.
इमेज स्रोत, X/@himantabiswa
हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. वो लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं.
हिमंत के साथ 4 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली. ये रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग हैं.
हिमंत के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ग़ृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए . साथ ही कई केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता भी पहुंचे.
असम के विधानसभा चुनाव में एनडीए ने दो-तिहाई बहुमत से सत्ता हासिल की है. बीजेपी ने 82 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटें जीतीं.
इमेज स्रोत, Debajyoti Chakraborty/NurPhoto via Getty Images
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) रहे चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच अब सीबीआई करेगी. केंद्रीय एजेंसी ने इसके लिए एक सात-सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है.
एजेंसी की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज़ में बताया गया है कि यह टीम कोलकाता स्थित सीबीआई के संयुक्त निदेशक (हेड ऑफ़ ज़ोन) की निगरानी में काम करेगी.
सीबीआई के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि यह जांच मंगलवार से ही शुरू हो जाएगी. इससे पहले कोलकाता पुलिस और सीआईडी के अधिकारियों को लेकर गठित एक एसआईटी इस मामले की जांच कर रही थी.
चंद्रनाथ रथ की हत्या 6 मई की रात को उत्तर 24-परगना ज़िले के मध्यमग्राम में हुई थी. पहले एक कार ने उनकी कार का रास्ता रोका था और फिर दो मोटरसाइकिलों पर सवार हत्यारों ने उनको बेहद क़रीब से गोली मार दी थी.
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया था. इस फ़ायरिंग में चंद्रनाथ के ड्राइवर बुद्धदेव बेरा को भी गोली लगी थी. फ़िलहाल कोलकाता के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.
इस मामले में बिहार से मयंक मिश्रा, विकास मौर्य और यूपी से राज सिंह नाम के संदिग्ध अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया है.
इमेज स्रोत, R.Satish BABU / AFP via Getty Images
तमिलनाडु में जोसेफ़ विजय की अगुवाई वाली सरकार को अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के कुछ विधायकों ने समर्थन दिया है.
चेन्नई के एमआरसी नगर में एआईएडीएमके नेता सीवी शनमुगम ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "बैठक में प्रस्ताव पास किया गया और मुख्यमंत्री विजय की सरकार को समर्थन देने का फ़ैसला लिया गया."
उन्होंने कहा, "एआईएडीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन एनडीए यह चुनाव हार गया है. यह गठबंधन असफल रहा है. जनता ने टीवीके को वोट दिया है, ख़ासकर मुख्यमंत्री विजय को. जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट दिया है. हम सिर झुकाकर इस फ़ैसले को स्वीकार करते हैं."
शनमुगम ने कहा, "हमारी लड़ाई डीएमके के ख़िलाफ़ रही है. लेकिन चुनाव के बाद एआईएडीएमके महासचिव (डप्पाडी पलानीस्वामी) ने कहा कि डीएमके के समर्थन से मुख्यमंत्री बनना चाहिए. हमने उनके इस प्रस्ताव का विरोध किया, किसी भी विधायक ने इसे मंज़ूर नहीं किया. लेकिन उन्होंने हमारी राय को स्वीकार नहीं किया."
शनमुगम ने बताया, "विधायकों की समिति की बैठक में एक प्रस्ताव पास किया गया. इसमें हमने कहा कि एआईएडीएमके को नया फ़ैसला लेना होगा. इसे फिर से मज़बूत करना होगा. एक नया गठबंधन बनाना होगा. बैठक में प्रस्ताव पास किया गया और मुख्यमंत्री विजय की सरकार को समर्थन देने का फ़ैसला लिया गया."
गौरतलब है कि जोसेफ़ विजय ने रविवार को सीएम पद की शपथ ली थी. अब उन्हें कल यानी 13 मई को विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश करना होगा. उन्हें पहले से ही कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और वाम दलों से समर्थन प्राप्त है.
इमेज स्रोत, FAZRY ISMAIL/POOL/AFP via Getty Images
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने जोसेफ़ विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है. उन्होंने कहा है कि तमिलनाडु की जनता ने विजय को बड़ी ज़िम्मेदारी दी है.
अनवर इब्राहिम ने एक्स पर लिखा, "मैं अपने दोस्त विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री चुने जाने पर दिल से बधाई देता हूं."
उन्होंने लिखा "कई सालों तक उनके चाहने वालों ने देखा कि वह भ्रष्ट नेताओं और ख़लनायकों को तीन घंटे में हरा देते थे, अक्सर इंटरवल के बाद. अब तमिलनाडु की जनता ने विजय को स्क्रीन पर निभाई गई किसी भी भूमिका से कहीं बड़ी ज़िम्मेदारी दी है."
अनवर इब्राहिम ने लिखा, "मलेशिया और तमिलनाडु के बीच पीढ़ियों से गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते हैं. मैं आने वाले सालों में मुख्यमंत्री विजय के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद करता हूं."
मलेशिया में बड़ी संख्या में दक्षिण भारतीय लोग रहते है.
गौरलतब है कि जोसेफ़ विजय ने रविवार को सीएम पद की शपथ ली थी. अब उन्हें कल यानी 13 मई को विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश करना होगा.
संबंधित कहानी: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय का मोदी सरकार को लेकर रुख़ क्या होगा?
इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images
अमेरिका ने ईरान के युद्ध ख़त्म करने वाले प्रस्ताव को अस्वीकार दिया है. इसके बाद ईरान ने कहा है कि अमेरिका के सामने 14 बिंदुओं वाले प्रस्ताव को मानने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है.
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाग़र ग़ालिबाफ़ ने एक्स पर लिखा, "ईरानी लोगों के अधिकारों को मानने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है, जैसा कि 14 बिंदुओं वाले प्रस्ताव में लिखा गया है."
उन्होंने लिखा, "कोई और तरीका पूरी तरह बेकार होगा, लगातार नाकामियों के अलावा कुछ नहीं मिलेगा. जितनी देर वे टालेंगे, उतना ही अमेरिकी टैक्स देने वालों को अपनी जेब से ख़र्च करना पड़ेगा."
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जंग ख़त्म करने के लिए अमेरिका के प्रस्तावों पर ईरान के जवाब को 'पूरी तरह अस्वीकार्य' बताया है.
ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़, पाकिस्तान के ज़रिए भेजे गए ईरान के प्रस्ताव में कई मांगें शामिल थीं.
इन मांगों में तुरंत जंग ख़त्म करने, ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने और भविष्य में ईरान पर दोबारा हमला न करने की बात कही गई है.
संबंधित कहानी: जंग ख़त्म करने के लिए ईरान के प्रस्ताव में ऐसा क्या है जो ट्रंप को है नामंज़ूर
इमेज स्रोत, Sanjay das
पश्चिम बंगाल में नगरपालिका भर्ती घोटाले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के नेता और राज्य के पूर्व मंत्री सुजीत बोस को सोमवार देर रात गिरफ़्तार कर लिया.
इससे पहले उनसे ईडी के दफ़्तर में क़रीब दस घंटे तक पूछताछ की गई.
ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि बोस को मंगलवार को कोलकाता की एक अदालत में पेश किया जाएगा. इससे पहले एक मई को भी वो ईडी के सामने हाज़िर हुए थे.
अधिकारी ने बताया, "नगरपालिका भर्ती घोटाले की जांच के तहत दक्षिण दमदम नगरपालिका में अवैध रूप से उम्मीदवारों की सिफ़ारिश करने के मामले में उनको पूछताछ के लिए बुलाया गया था."
ईडी सूत्रों ने बताया, "ऐसी सूची में कम से कम डेढ़ सौ उम्मीदवारों के नाम हैं. कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर चुनावी नतीजों के बाद वो साल्टलेक स्थित ईडी के दफ़्तर पहुंचे थे."
ईडी ने इससे पहले सुजीत बोस के घर और दफ़्तर की भी तलाशी ली थी. ईडी ने विधानसभा चुनाव से पहले भी बोस को कई बार समन भेजा था. लेकिन चुनाव में व्यस्त रहने के कारण वो ईडी के दफ़्तर नहीं जा सके थे.
इस मामले में ईडी सुजीत के बेटे और परिवार के कई दूसरे सदस्यों से भी पूछताछ कर चुकी है.
ईडी की ओर से बार-बार समन भेजने के बाद सुजीत ने दावा किया था कि इस मामले में सीबीआई पहले ही चार्जशीट जमा कर चुकी है और उसमें उनका नाम नहीं है.
गौरतलब है कि ममता बनर्जी की सरकार में फ़ायर ब्रिगेड मंत्री रहे सुजीत इस बार विधाननगर विधानसभा सीट से चुनाव हार गए थे.
इमेज स्रोत, Anuwar Hazarika/NurPhoto via Getty Images
हिमंत बिस्वा सरमा आज यानी मंगलवार को दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं. उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के बड़े नेता और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, हिमंत बिस्वा सरमा के अलावा चार और विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे, दो बीजेपी से और एक-एक सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ से.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार रात ही गुवाहाटी पहुंच गए. वे असम में तीसरी बार बनने जा रही बीजेपी-एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे.
बीजेपी और एनडीए के बड़े नेता शामिल होंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी शपथ समारोह का हिस्सा होंगे. शपथ ग्रहण में शामिल होने वालों में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सर्बानंद सोनोवाल, शिवराज सिंह चौहान, ललन सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और चिराग पासवान भी हैं.
इन राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गोवा के प्रमोद सावंत, राजस्थान के भजन लाल शर्मा, बिहार के सम्राट चौधरी, छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, ओडिशा के मोहन चरन माजी और मध्य प्रदेश के मोहन यादव भी गुवाहाटी के पहुंचे हैं.
पूर्वोत्तर के राज्यों में त्रिपुरा, नगालैंड, मिज़ोरम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री भी गुवाहाटी पहुंचे हैं.
उत्तर प्रदेश, राजस्थान, नगालैंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के उपमुख्यमंत्री भी गुवाहाटी पहुंचे हैं.
शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी खानापारा वेटरनरी कॉलेज के मैदान में होगा. यहां हज़ारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है और मेहमानों के लिए अलग मंच भी बनाया गया है.
एनडीए ने विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत से सत्ता हासिल की है. बीजेपी ने अकेले 82 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटें जीतीं.
संबंधित कहानी: हिमंत बिस्वा सरमा: असम में ज़ोरदार जीत से बीजेपी में कितना बढ़ा क़द?
इमेज स्रोत, Aaron Schwartz/Sipa/Bloomberg via Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच एक महीने से चल रहा युद्धविराम "लाइफ़ सपोर्ट पर है."
व्हाइट हाउस के ओवल ऑफ़िस में सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि युद्धविराम अभी जारी है, लेकिन यह "बहुत ही कमज़ोर" स्थिति में है.
ट्रंप के इस बयान के बाद ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद ग़ालिबाफ़ ने एक्स पर लिखा, "ईरान की सेना किसी भी हमले का जवाब देने और सबक़ सिखाने के लिए तैयार है."
दरअसल, रविवार को ईरान ने अमेरिका को एक प्रस्ताव भेजा था जिसमें युद्ध ख़त्म करने और होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने की शर्तें रखी गई थीं. ट्रंप ने इस प्रस्ताव को 'पूरी तरह अस्वीकार्य' बताते हुए कहा कि उन्हें यह पसंद नहीं आया.
ईरान के इस प्रस्ताव में तुरंत सभी मोर्चों पर युद्ध ख़त्म करने की बात शामिल थीं. लेबनान पर हो रहे इसराइली हमले रोकने की मांग भी की गई थी.
इसके अलावा इसमें अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी ख़त्म करने और ईरान पर आगे कोई हमला न करने की गारंटी की मांग की गई थी.
संबंधित कहानी: जंग ख़त्म करने के लिए ईरान के प्रस्ताव में ऐसा क्या है जो ट्रंप को है नामंज़ूर
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News