बारिश में कहर बनकर टूटा जहरीला सांप! पटना में मां और दो बेटों को डसा, इलाज के दौरान दम तोड़ा – Bharat24live

Yuvraj Singh
Date: 26-09-26 19:32
पटना की सकरैचा पंचायत के सोताचक मुसहरी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. घर में सो रही एक मां और उसके दो बेटों को जहरीले सांप ने डस लिया. आनन-फानन में तीनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों बेटों की मौत हो गई. वहीं मां शकुंतला देवी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है.
सुबह करीब पांच बजे घर में घुसा सांप
जानकारी के मुताबिक, मजदूरी कर परिवार चलाने वाले बबलू मांझी का परिवार शुक्रवार रात बारिश के दौरान घर में सो रहा था. शनिवार सुबह करीब पांच बजे अचानक सांप घर के अंदर पहुंच गया. उस वक्त 35 वर्षीय शकुंतला देवी अपने दोनों बेटों मोहित कुमार और वेधु राज के साथ सो रही थीं. सांप ने पहले दोनों बच्चों को डसा और इसी दौरान शकुंतला देवी भी उसकी चपेट में आ गईं. चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग जागे और तीनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे.
इलाज के दौरान दोनों बेटों ने दम तोड़ा
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन मोहित कुमार और वेधु राज की जान नहीं बचाई जा सकी. दोनों बच्चों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया. वहीं शकुंतला देवी की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स ले जाया गया, जहां उनका इलाज वेंटिलेटर पर चल रहा है. एक ही परिवार में दो बच्चों की मौत और मां की गंभीर स्थिति से पूरे सोताचक मुसहरी में मातम पसरा है.
12 साल की बच्ची पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे का सबसे गहरा असर परिवार की 12 वर्षीय बच्ची पर पड़ा है. मां की गंभीर हालत और दोनों भाइयों की मौत के बाद बच्ची सदमे में है. जिस घर में कुछ घंटे पहले परिवार के सदस्य साथ थे, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजन और ग्रामीण बच्ची को संभालने की कोशिश कर रहे हैं और उसकी सुरक्षा व देखभाल के लिए उचित व्यवस्था की मांग की जा रही है.
जलजमाव के बीच बढ़ा सांपों का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सोताचक मुसहरी और आसपास के इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. नहर और पुनपुन नदी के आसपास बसे इलाकों में पानी बढ़ने के साथ सांप और अन्य जहरीले जीवों के घरों में घुसने का खतरा भी बढ़ जाता है. घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जलजमाव की समस्या दूर कराने और प्रभावित परिवार को जरूरी मदद उपलब्ध कराने की मांग की है.
परिवार को तत्काल मदद, अतिरिक्त राहत की मांग
पंचायत के मंटू यादव के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है. साथ ही प्राकृतिक आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि के लिए प्रशासन को पत्र भेजने की बात कही गई है. ग्रामीणों ने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त राहत और 12 वर्षीय बच्ची की देखभाल के लिए भी प्रशासन से मदद की मांग की है.
ये भी पढ़ें: 5 किलो के गणेश लड्डू की कीमत 1.01 करोड़! हैदराबाद में आस्था के प्रसाद पर लगी करोड़ों की बोली
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News