बारिश से डूबा शहर और जनता बेहाल, 37 लाख का फ्रॉड से लेकर खौफनाक मर्डर तक! | Top 5 Ghaziabad News – nedricknews.com

NEDRICK NEWS
NEDRICK NEWS
Home » अन्य » वायरल खबरें » बारिश से डूबा शहर और जनता बेहाल, 37 लाख का फ्रॉड से लेकर खौफनाक मर्डर तक! | Top 5 Ghaziabad News
Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद से इस वक्त की 5 बेहद बड़ी और सनसनीखेज खबरें सामने आ रही हैं। मोदीनगर में घरेलू विवाद के बाद दामाद ने ससुर की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं दूसरी तरफ, मानसून की भारी बारिश ने नगर निगम के दावों की हवा निकाल दी है, सड़कों पर सैलाब आ गया है और करोड़ों का नुकसान हुआ है।
इसके अलावा मुरादनगर में गैस बिल अपडेट करने के नाम पर 37 लाख से ज्यादा की बड़ी साइबर ठगी को अंजाम दिया गया है। बिजनौर में संदिग्ध मौत के बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी पर शव रखकर भारी हंगामा हुआ, तो गाजियाबाद में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा डंडा चला है। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी 5 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: बारिश से थमी NH-24 की रफ्तार, रिकवरी एजेंटों पर FIR समेत देखें जिले की 5 बड़ी खबरें | Top 5 Ghaziabad News
गाजियाबाद की पहली खबर बिजनौर जिले से जहां के शेरकोट में एक ट्रक परिचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के बाहर शव रखकर उग्र प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान शेरकोट के मोहल्ला अचारजान निवासी 45 वर्षीय बिसना सैनी (बिशना) के रूप में हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बताया जा रहा है कि बिसना सैनी एक स्थानीय ट्रांसपोर्टर के ट्रक पर क्लीनर का काम करता था। वह चालक के साथ माल लेकर गाजियाबाद बॉर्डर गया था, जहाँ मंगलवार शाम को उसकी रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों (छोटे भाई राजू सैनी) का कहना है कि मौत की सूचना ट्रांसपोर्टर द्वारा काफी घंटों बाद देर रात को दी गई। मौत का कारण स्पष्ट न होने की वजह से परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।
गाजियाबाद में पोस्टमार्टम के बाद जब शव बृहस्पतिवार को शेरकोट पहुँचा, तो आक्रोशित परिजनों ने नेशनल हाईवे पर स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे ट्रांसपोर्ट मालिक और ड्राइवर को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। शेरकोट थाना पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों (परिजनों और ट्रांसपोर्टर) के बीच बातचीत हुई। आपसी सहमति और समझौते के बाद मामला शांत हुआ और शव का अंतिम संस्कार किया गया।
गाजियाबाद की दूसरी खबर मानसून की भारी बारिश से जुड़ी है, जिसने नगर निगम और प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह फेल कर दिया है। शहर के विभिन्न इलाकों में भयंकर जलभराव होने से 300 से अधिक वाहन और लोगों के घरों का सामान खराब हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुनियादी ढांचे के ठप होने से आम जनता को करोड़ों रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
इंदिरापुरम, वसुंधरा और वैशाली जैसे पॉश इलाकों की सड़कों और सोसायटियों में कई फीट पानी भर गया है, जिससे बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर में रखा कीमती सामान नष्ट हो गया। सड़कों पर पानी भरने से 300 से अधिक कारें, ऑटो और दोपहिया वाहन बीच रास्ते में ही सीज हो गए, जिन्हें निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ रही है।
यही नहीं, वसुंधरा के अटल चौक के पास चल रहे एक निर्माण कार्य और भारी बारिश की वजह से पूरी सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिसमें एक टाटा पंच कार और स्कूटी सीधे अंदर समा गईं। इसके अलावा, ट्रांस हिंडन क्षेत्र में सीएम ग्रिड (CM-GRID) योजना के तहत सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़कें कीचड़ के मलबे में बदल गईं, जिससे स्कूल बसों समेत दर्जनों गाड़ियां धंस गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
गाजियाबाद की तीसरी खबर मुरादनगर से जहां गैस कनेक्शन काटने का भय दिखाकर साइबर ठगों ने एक महिला समेत दो लोगों से 37.14 लाख रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। साइबर ठगों ने पीड़ितों को डराकर व्हाट्सएप पर फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजी, जिसे डाउनलोड करते ही उनके मोबाइल फोन हैक हो गए और बैंक खातों से लाखों रुपये साफ हो गए।
मीडिया रिपोर्टे्स के अनुसार, मुरादनगर की ब्रज विहार कॉलोनी निवासी कामना जैन के पास आईजीएल (IGL) गैस कनेक्शन काटने का फर्जी मैसेज आया। मैसेज में बिल अपडेट न होने पर गैस बंद करने की चेतावनी दी गई थी। जब पीड़ित परिवार ने दिए गए नंबर पर कथित अधिकारी राहुल अग्रवाल से संपर्क किया, तो उसने ऑनलाइन बिल अपडेट करने में मदद का भरोसा दिया। ठग ने व्हाट्सएप पर ‘आईजीएल गैस बिल अपडेट’ नाम से एक मालिशियस एपीके फाइल भेजी।
इसे इंस्टॉल करते ही पीड़ितों के मोबाइल का पूरा कंट्रोल (रिमोट एक्सेस) ठगों के पास चला गया। जालसाजों ने बैंक विवरण हासिल कर महिला के दो संयुक्त खातों से 16 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 18.45 लाख रुपये उड़ा दिए। इसी तरह, एक अन्य पीड़ित को भी जाल में फंसाकर कुल 37.14 लाख रुपये की संयुक्त ठगी की गई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दोनों ही मामलों में एफआईआर (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद की चौथी खबर उत्तर प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग (FSDA) के महाअभियान से जुड़ी है। इस राज्यव्यापी कार्रवाई के तहत गाजियाबाद सहित कई जिलों में करीब 27.77 लाख रुपये का 338 क्विंटल से अधिक नकली व मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गाजियाबाद की खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने जनपद के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाकर चलाई जा रही दो अवैध आचार फैक्ट्रियों को पूरी तरह सील कर दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, इन फैक्ट्रियों में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में और दूषित सामग्रियों का इस्तेमाल कर आचार तैयार किया जा रहा था। इसके अलावा शहर के अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों (Food Processing Units) से संदिग्ध सैंपल भी जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
पूरे प्रदेश की बात करें तो लखनऊ, कानपुर, शाहजहांपुर और उन्नाव जैसे बड़े शहरों में फैक्ट्रियों को सील करने के साथ-साथ गंभीर धाराओं में एफआईआर (FIR) भी दर्ज कराई गई है। विभाग ने साफ़ किया है कि यह कार्रवाई सिर्फ बड़े थोक व्यापारियों और अवैध विनिर्माण इकाइयों पर केंद्रित है, जबकि प्रतिदिन 50 किलो से कम उत्पादन करने वाले छोटे खुदरा दुकानदारों को इसमें परेशान नहीं किया जा रहा है।
गाजियाबाद की पांचवीं खबर मोदीनगर से है, जहां भाजपा शहर अध्यक्ष के ससुर अनार सिंह की उनके ही दामाद ने चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी। पत्नी से हुए घरेलू विवाद के बाद ससुराल पहुँचे आरोपी दामाद ने इस वारदात को अंजाम दिया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण की रिपोर्ट्स के मुताबिक मोदीनगर की फफराना रोड निवासी 65 वर्षीय अनार सिंह मोदी रबर फैक्ट्री से रिटायर्ड कर्मचारी थे। उनकी बेटी मोनू ने ब्रह्मपुरी कॉलोनी के रहने वाले संदीप चौधरी से प्रेम विवाह किया था। पिछले 3 दिनों से संदीप और उसकी पत्नी मोनू के बीच गंभीर विवाद चल रहा था, जिसके बाद मोनू अपने मायके आ गई थी।
गुरुवार रात आरोपी दामाद संदीप हाथ में चाकू लेकर अपनी ससुराल पहुँच गया और पत्नी को गालियाँ देने लगा। जब ससुर अनार सिंह ने उसे डांटा और घर से बाहर जाने को कहा, तो आगबबूला होकर संदीप ने अपने ससुर के पेट में ताबड़तोड़ चाकू मार दिए। बीच-बचाव करने के लिए जब पत्नी मोनू और परिवार के अन्य सदस्य आगे आए, तो आरोपी ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया।
खून से लथपथ हालत में अनार सिंह को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, मोदीनगर थाना प्रभारी (SHO) आनंद प्रकाश ने बताया कि पत्नी से विवाद के चलते दामाद ने ससुर की हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *





©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News