मधुबनी के बासोपट्टी में SSB-पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए 13 लाख से अधिक नेपाली करेंसी जब्त की। इसके साथ ही दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जयनगर के अंतर्गत जानकीनगर में की गई।
गश्ती के दौरान हुई कार्रवाई दरअसल SSB की 48वीं वाहिनी और बासोपट्टी थाना पुलिस सोमवार को भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त रूप से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 277/01 के पास नो-मैन्स-लैंड से लगभग 20 मीटर भारतीय क्षेत्र (ग्राम जानकीनगर) में दो लोगों को मोटरसाइकिल से नेपाल से भारत की ओर आते देखा।
SSB-पुलिस का कहना है कि जब उन्हें रोककर तलाशी ली गई तो उनके पास से 13,04,000 नेपाली करेंसी मिली। जिसके सबाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों व्यक्तियों की पहचान हरलाखी थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है।
व्यापारी को देने के लिए ला रहे थे
प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी मिली कि यह राशि नेपाल से भारत के उमगांव क्षेत्र में एक व्यापारी को देने के लिए लाई जा रही थी। हालांकि, संबंधित व्यक्ति इस राशि से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
बरामद नेपाली करेंसी और गिरफ्तार व्यक्तियों को विधिसम्मत कार्रवाई के लिए स्थल सीमा शुल्क कार्यालय, जयनगर को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।
कमांडेंट ने क्या कहा
48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के कमांडेंट ने इस सफलता पर जवानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों और तस्करी पर रोक लगाने के लिए सशस्त्र सीमा बल पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। उन्होंने जवानों की मुस्तैदी और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय को ऐसी अवैध गतिविधियों को समय रहते रोकने में महत्वपूर्ण बताया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.