Feedback
कई सालों की मांग और 11 साल के इंतजार के बाद बक्सर को डबल इंजन की सरकार ने विकास का एक चेहरा बक्सर इटाढ़ी रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) के रूप में दिया. लेकिन उस चेहरे पर दाग तब लगा, जब 26 करोड़ 40 लाख की लागत से बना इटाढ़ी ROB का ऊपरी हिस्सा टूटकर बिखर गया. इस पर पुल निगम ने ठेकेदार पर कार्यवाही भी की और मामले को रिकवर करने का प्रयास भी किया, लेकिन क्या इतना बस कुछ ज्यादा था?
दरअसल, अब इस पुल का पुनर्निर्माण किया जा रहा है. ऐसे में जो दृश्य सामने आ रहे हैं, वे बेहद चिंताजनक हैं. आम जनता के पैसे से 21 करोड़ 40 लाख की लागत में बने इस पुल को खोलकर रख दिया गया है. पुल के अप्रोच रोड की हालत ऐसी है जैसे कोई झरना हो. पुल के लगभग आधे पाए के ऊपर की परत में केवल छड़ें दिखाई पड़ रही हैं, जो भ्रष्टाचार का सीधा आईना दिखा रही हैं.
पुल के आधा दर्जन पिलर पर काम जारी
बक्सर इटाढ़ी आरओबी बिहार में पुल निर्माण में हो रहे भ्रष्टाचार का साफ आईना दिखा रहा है. पुल के पाया नंबर 4, 5, 6 और 7 के ऊपर अभी काम चल रहा है.
मात्र 96 घंटे में पुल कितना दरक गया, इसका सीधा दृश्य है, जिसमें पुल का कोई हिस्सा बचा ही नहीं है, केवल छड़ें दिखाई पड़ती हैं. हालांकि अभी कार्य चल रहा है, फिर भी बक्सर के इस नायाब पुल की कई अन्य पायों की हालत इससे भी बुरी हो सकती है.
जिला प्रशासन ने क्या कहा?
अपने उद्घाटन के मात्र 96 घंटे बाद टूट गए इस नायाब इटाढ़ी आरओबी के पूर्ण रूप से दुरुस्त होने में आधा साल और लगेगा. इसकी जानकारी देते हुए बक्सर के जिलाधिकारी (DM) ने बताया कि पुल की कमियों पर कार्य किया जा रहा है और इसे पुनः शुरू करने में 6 महीने का समय लग जाएगा.
DM ने कहा कि पुल के पाया नंबर 5 के साथ-साथ कई अन्य हिस्सों में भी खराबी दिखाई दे रही है, ऐसे में इसकी मरम्मत में समय लग सकता है. देखें VIDEO:-
आम जनता क्या कहती है?
लोगों की राय काफी निराली है. पुल के नीचे से साइकिल से घर जा रहे एक बुजुर्ग ने कहा, ”बिहार में भ्रष्टाचार रोकना अब किसी के बस की बात नहीं है. इस पुल को देखकर लगा था कि हमारा भविष्य बदल जाएगा, लेकिन निराशा ही हाथ लगी. अब तो लगता है कि इस पुल पर से उस पार जाने के लिए वीजा-पासपोर्ट बनाना होगा, क्योंकि यह पुल अब बनता ही रहेगा.”
बहरहाल, बिहार में भ्रष्टाचार का दृश्य देखना हो तो आप आएं और इस पुल को देख लीजिए, जहां आम जनता के टैक्स के पैसे को किस तरह बर्बाद किया गया है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू